राज्यस्तरीय महिला वॉलीबाल शुरू: तीनों आयु वर्ग में मेजबान का दबदबा
राज्यस्तरीय महिला वॉलीबाल लखीसराय के अशोकधाम परिसर में शुरू हो गया। अंडर 19, अंडर 17 और अंडर 14 के मुकाबले चल रहे हैं। प्रतियोगिता में कुल 18 जिलों के तीनों आयु वर्ग की टीमें हिस्सा ले रहीं हैं।...
राज्यस्तरीय महिला वॉलीबाल लखीसराय के अशोकधाम परिसर में शुरू हो गया। अंडर 19, अंडर 17 और अंडर 14 के मुकाबले चल रहे हैं। प्रतियोगिता में कुल 18 जिलों के तीनों आयु वर्ग की टीमें हिस्सा ले रहीं हैं। हालांकि 22 टीमों को प्रतियोगिता में शामिल होना था।
अंडर 14 का पहला मुकाबला पटना और मधुबनी के बीच हुआ। मधुबनी ने पटना को 2-0 से पराजित किया। दूसरा मुकाबला मेजबान लखीसराय और सारण के बीच खेला गया, जिसमें सारण 2-1 से हार गया। कैमूर व भागलपुर के बीच हुए मुकाबले में भागलपुर 2-1 और बांका व शेखपुरा के बीच हुए मुकाबले में शेखपुरा 2-0 से पराजित हुआ।
अंडर 17 का परिणाम
अंडर 17 महिला वॉलीबाल में मधुबनी ने भोजपुर को 2-0 से पराजित किया। वहीं दरभंगा ने बक्सर को 2-0, गया ने पटना को 2-0, भागलपुर ने कैमूर को 2-0, गोपालगंज ने शेखपुरा को 2-0, सुपौल ने सारण को 2-0 से हराया। इधर लखीसराय ने मुजफ्फरपुर को 2-1, बांका ने दरभंगा को 2-0 और रोहतास ने गया को 2-0 से पराजित किया।
अंडर 19 का परिणाम
अंडर 19 महिला वॉलीबाल में लखीसराय ने पटना को 2-0, बेगूसराय ने शेखपुरा को 2-0 से हराया। तीसरे मुकाबले में भागलपुर ने गोपालगंज को 2-0 और चौथे मुकाबले में मधुबनी ने मुजफ्फरपुर को 2-0 से पराजित किया।
शेड के नीचे मुकाबला, फजीहत
कम ऊंचाई के शेड के नीचे वॉलीबाल मुकाबला होने से महिला खिलाड़ियों को शनिवार को चल रहे राज्यस्तरीय मुकाबले में खासा परेशान देखा गया। गेंद बार-बार शेड से टकराती रही, जिससे खिलाड़ियों का ध्यान बार-बार खेल से भटकता रहा। राज्यस्तरीय खेलों को जैसे-तैसे करा देना खेल विभाग की लापरवाही को दर्शा रहा है। शेड की ऊंचाई महज 15 फीट है। वहीं शेड को बायलेंस करने के लिए कई जगहों पर रॉड करीब 10 से 12 फीट की ऊंचाई पर लगे हैं। ऐसे में गेंद थोड़ी सी भी ऊंचाई पर जाने से बार-बार टकराती दिखी। हालांकि खेल विभाग का मानना है कि बारिश के कारण मजबूरन ऐसे स्थान का चयन कर प्रतियोगिता कराया जा रहा है।