किशनगंज : युवाओं के लिए 15 दिवसीय ड्राइविंग प्रशिक्षण का आयोजन
19वीं वाहिनी सशस्त्र सीमा बल ने सीमावर्ती क्षेत्रों के युवाओं को स्वावलंबी बनाने के लिए 15 दिवसीय ड्राइविंग प्रशिक्षण कार्यक्रम का शुभारंभ किया। कार्यक्रम का उद्घाटन भिंडरानी प्राथमिक विद्यालय में हुआ, जहाँ युवाओं को वाहन चलाने के साथ-साथ यातायात नियमों और सड़क सुरक्षा की जानकारी दी जाएगी।

पौआखाली, एक संवाददाता। सीमावर्ती क्षेत्रों के युवाओं को स्वावलंबी और आत्मनिर्भर बनाने के उद्देश्य से गुरुवार को 19वीं वाहिनी सशस्त्र सीमा बल (एसएसबी) द्वारा नागरिक कल्याण कार्यक्रम के अंतर्गत 15 दिवसीय ड्राइविंग प्रशिक्षण कार्यक्रम का भव्य शुभारंभ किया गया। 19वीं वाहिनी के कमांडेंट श्री स्वर्णजीत शर्मा के कुशल निर्देशन में यह कार्यक्रम पंचायत बंदरझुला के अंतर्गत आने वाले प्राथमिक विद्यालय भिंडरानी में आयोजित हुआ। इस कार्यक्रम का उद्घाटन 19वीं वाहिनी के द्वितीय कमान अधिकारी एम. ब्रोजेन सिंह की गरिमामयी उपस्थिति में किया गया। इस अवसर पर उनके साथ उप कमांडेंट श्री जगजीत बहादुर जैगवार और सहायक कमांडेंट आदित्य गुप्ता भी विशेष रूप से उपस्थित रहे।
युवाओं को संबोधित करते हुए द्वितीय कमान अधिकारी एम. ब्रोजेन सिंह ने कहा कि इस प्रशिक्षण का मुख्य उद्देश्य स्थानीय युवाओं को हुनरमंद बनाना है। उन्होंने बताया कि 15 दिनों के इस सत्र में युवाओं को न केवल वाहन चलाने का प्रशिक्षण दिया जाएगा, बल्कि उन्हें यातायात के नियमों और सड़क सुरक्षा की भी विस्तृत जानकारी दी जाएगी। इससे युवा आत्मनिर्भर होकर अपने और अपने परिवार के भरण-पोषण के लिए रोजगार के अवसर प्राप्त कर सकेंगे। कार्यक्रम के दौरान जियापोखर थाना के थानाध्यक्ष गौतम कुमार, भिंडरानी विद्यालय के प्रधानाचार्य और भारी संख्या में स्थानीय नागरिक उपस्थित थे।

लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




