जमुई: बेलगाम हाईवा ने छात्रा को कुचला, मौत
झाझा के चरघरा क्षेत्र में एक तेज रफ्तार वाहन ने एक 15 वर्षीय छात्रा नैना कुमारी को रौंद दिया, जिससे उसकी मौत हो गई। घटना के बाद गुस्साए ग्रामीणों ने एनएच 333 को जाम कर दिया। पुलिस ने खलासी को गिरफ्तार किया, लेकिन चालक भागने में सफल रहा। ग्रामीणों ने प्रशासन के खिलाफ नाराजगी जताई।

झाझा, निज संवाददाता रफ्तार के कहर ने बुधवार को फिर एक छात्रा की जान ले ली। घटना झाझा नप क्षेत्र के चरघरा के समीप थाना जमुई-देवघर एनएच 333 की है। घटना के बाद गुस्साए ग्रामीणों ने घटनास्थल के समीप ही एनएच को जाम कर दिया था। जानकारीनुसार चरघरा मोहल्ले की ही नैना कुमारी (15),पिता स्व.नीरज साव साइकिल से घर से कोचिंग को जा रही थी। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार जैसे ही वह मोहल्ले से एनएच सड़क पर निकली,उसी पल एक तेज रफ्तार व बेलगाम हुई हाइवा ने विपरीत दिशा में आकर छात्रा को सायकिल समेत रौंद दिया था। बताया जाता है कि टक्कर इतनी भीषण थी कि हाइवा के पहियों ने छात्रा के पैरों को बुरी तरह कुचल डाला था।
घटना में गंभीर रूप से घायल छात्रा को स्थानीय लोगों की मदद से इलाज हेतु आनन-फानन स्थानीय सीएचसी ले जाया गया। वहां चिकित्सक ने प्राथमिक उपचार के बाद भी छात्रा की स्थिति नाजुक देखते हुए तत्काल उसे जमुई रेफर कर दिया था। किंतु,रास्ते में ही छात्रा की सांसें उखड़ गई थी। किशोर अवस्था वाली उक्त छात्रा की मौत की खबर सुनते ही गुस्साए ग्रामीणों ने घटनास्थल के समीप ही एनएच को जाम कर दिया था जो समाचार संप्रेषण के वक्त तक भी जारी था। गुस्से से बिफरते लोगों का कहना था कि अभी चंद दिनों पूर्व भी इसी तरह खैरा में भी बेलगाम हुए एक अन्य वाहन ने एक अन्य बच्ची की जान ले ली थी। किंतु,ऐसे लापरवाह व बेलगाम वाहन चालकों पर प्रशासन व पुलिस की कोई लगाम नहीं है।इधर घटना के बाद चालक वाहन लिए भागने की फिराक में था,किंतु आक्रोशित लोगों ने पीछा कर उसे घेर लिया। खुद को घिरता देख चालक गाड़ी छोड़कर फरार हो गया था। हालांकि ग्रामीणों ने खलासी रंजीत यादव को दबोच कर बाद में पुलिस के हवाले कर दिया था।
लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।


