लखीसराय: दिव्यांगों के ई-ट्राईसाइकिल की बैटरी जांच व मरम्मत
लखीसराय में दिव्यांगजनों के लिए विशेष शिविर आयोजित किया गया, जिसमें ई-ट्राइसाइकिल की बैटरी की जांच एवं मरम्मत की गई। इस पहल से कई दिव्यांग लाभान्वित हुए और उनकी तकनीकी समस्याओं का समाधान किया गया। सामाजिक सुरक्षा कोषांग की कुमारी प्राची ने बताया कि यह दिव्यांगों को आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है।

लखीसराय से अजय कुमार की रिपोर्ट सामाजिक सुरक्षा कोषांग कार्यालय में बुधवार को दिव्यांगजनों के लिए विशेष शिविर का आयोजन किया गया, जिसमें ई-ट्राइसाइकिल की बैटरी की जांच एवं मरम्मत का कार्य कराया गया। इस पहल से दर्जनों दिव्यांग लाभान्वित हुए और उनकी गाड़ियों की तकनीकी समस्याओं का मौके पर ही समाधान किया गया। शिविर के दौरान ई-ट्राइसाइकिल चला रहे दिव्यांगजनों ने अपनी-अपनी गाड़ियों की बैटरी की जांच कराई। विशेषज्ञों द्वारा बैटरी की स्थिति का परीक्षण किया गया और जहां आवश्यक पाया गया, वहां तुरंत मरम्मत का कार्य भी किया गया। इससे दिव्यांगों को अपनी आजीविका चलाने में आने वाली परेशानियों से राहत मिली।
इस मौके पर सामाजिक सुरक्षा कोषांग की प्राधिकारी कुमारी प्राची ने बताया कि जिले में जितने भी दिव्यांगों को बैटरी चालित साइकिल या ई-रिक्शा उपलब्ध कराया गया है, उनकी नियमित जांच सुनिश्चित की जा रही है। उन्होंने कहा कि कानपुर से आए प्रशिक्षित इलेक्ट्रिशियन द्वारा बैटरियों की तकनीकी जांच की जाती है, ताकि वाहन सुचारू रूप से चलते रहें और किसी प्रकार की बाधा न आए।उन्होंने यह भी बताया कि यह पहल दिव्यांगजनों को आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है। कानपुर से आए सर्विस इंजीनियर प्रमोद कुमार ने बताया कि समय-समय पर इस प्रकार के शिविर आयोजित कर उनकी समस्याओं का समाधान किया जाता रहेगा। इस दौरान लाभार्थियों ने प्रशासन की इस पहल की सराहना की और कहा कि इससे उन्हें आर्थिक गतिविधियों को जारी रखने में काफी मदद मिलेगी। कार्यक्रम के सफल आयोजन से यह संदेश गया कि प्रशासन दिव्यांगजनों के कल्याण के प्रति संवेदनशील है और उनके जीवन को सरल बनाने के लिए निरंतर प्रयासरत है।
कृपया अपने अनुभव को रेट करें
लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।


