अररिया : बेहतर समन्वय से मुहर्रम पर्व को बनाया जाएगा ऐतिहासिक और यादगार: एसपी

हिन्दुस्तान, भागलपुर
Follow us on Google News
share

फारबिसगंज में एसपी जितेंद्र कुमार ने मुहर्रम ताजिया जुलूस के प्रतिनिधियों के साथ बैठक में धार्मिक सहिष्णुता और सामाजिक एकता पर जोर दिया। उन्होंने संयम बनाए रखने और प्रशासन के साथ सहयोग करने की अपील की। बैठक में विभिन्न समुदायों के सदस्य भी शामिल थे और सभी ने मिलकर शांतिपूर्ण जुलूस का आश्वासन दिया।

अररिया : बेहतर समन्वय से मुहर्रम पर्व को  बनाया जाएगा ऐतिहासिक और  यादगार: एसपी

फारबिसगंज से अमरेन्द्र कुमार की रिपोर्ट फारबिसगंज। आप लोग भगवान शिव की तरह विष पीना सीखिए, क्योंकि बर्दाश्त करने से बेहतर आउटपुट और अच्छा परिणाम मिलता है। उक्त बातें बुधवार को स्थानीय प्रखंड मुख्यालय स्थित सभागार में आयोजित बैठक को संबोधित करते हुए एसपी जितेंद्र कुमार ने कही। शहरवासियों एवं मुहर्रम ताजिया जुलूस में शामिल होने वाले अखाड़ों के प्रतिनिधियों के साथ बैठक में एसपी ने कई महत्वपूर्ण सुझाव दिए और शांतिपूर्ण माहौल में पर्व मनाने की अपील की। एसपी जितेंद्र कुमार ने कहा कि फारबिसगंज के लोग काफी प्रतिभावान हैं। अपनी भूमिका, आचरण और कर्म से फारबिसगंज को बेहतर बनाने का प्रयास करें।

उन्होंने कहा कि अक्सर नेपाल के विराटनगर की चर्चा होती है, लेकिन अगर सभी लोग मिलकर प्रयास करें तो फारबिसगंज को उससे भी बेहतर बनाया जा सकता है। उन्होंने कहा कि मुहर्रम पर्व फारबिसगंज में हमेशा से सामाजिक एकता, आपसी भाईचारे और सद्भाव का प्रतीक रहा है, इसे और मजबूत करने की जरूरत है। एसपी ने कहा कि प्रशासन विधि व्यवस्था बनाए रखने को लेकर पूरी तरह गंभीर है और इसमें किसी भी तरह का समझौता नहीं किया जाएगा। उन्होंने अखाड़ा प्रतिनिधियों से अपील की कि जुलूस के दौरान किसी भी परिस्थिति में संयम बनाए रखें और प्रशासन के साथ सहयोग करें। उन्होंने लाइसेंस की शर्तों का हर हाल में पालन करने की सख्त हिदायत दी और कहा कि नियमों का उल्लंघन किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। बैठक के दौरान एसपी ने अखाड़ा प्रतिनिधियों से उनकी समस्याएं भी जानी और समाधान की दिशा में आवश्यक पहल करने की बात कही। उन्होंने जुलूस के दौरान आपसी सौहार्द और शांतिपूर्ण वातावरण बनाए रखने पर जोर दिया। मौके पर एसडीपीओ राजकिशोर कुमार, नप की मुख्य पार्षद वीना देवी, फारबिसगंज प्रखंड उप प्रमुख हबीब खान, नरपतगंज प्रखंड प्रमुख मनोज यादव सहित मुहर्रम कमेटी के अध्यक्ष मोहम्मद दिलशाद, प्रधान महासचिव वाहिद अंसारी, शमीम अहमद, गुड्डू अली, नूर मास्टर, गुलाम रसूल, रियाज मुखिया, ग़ालिब आजाद,समाजसेवी मूलचंद गोलछा, प्रदीप देव, रमेश सिंह सहित बड़ी संख्या में लोग मौजूद थे। इस दौरान मुहर्रम कमेटी के अध्यक्ष मोहम्मद दिलशाद एवं प्रधान महासचिव वाहिद अंसारी ने भरोसा दिलाया कि ताजिया जुलूस पूरी तरह शांतिपूर्ण तरीके से निकाला जाएगा और भाईचारे व आपसी सद्भाव का संदेश देगा। उन्होंने कुछ समस्याओं को भी एसपी के समक्ष रखा। वहीं गुड्डू अली ने एसपी सहित प्रशासनिक अधिकारियों की सक्रियता की सराहना करते हुए कहा कि प्रशासन की तत्परता से लोगों का मनोबल बढ़ा है। उन्होंने कहा कि बेहतर समन्वय से पर्व को शांतिपूर्ण और यादगार बनाया जाएगा।

Hindustan

लेखक के बारे में

Hindustan
हिन्दुस्तान भारत का प्रतिष्ठित समाचार पत्र है। इस पेज पर आप उन खबरों को पढ़ रहे हैं, जिनकी रिपोर्टिंग अखबार के रिपोर्टरों ने की है। और पढ़ें
लेटेस्ट Hindi News, Bihar News के साथ-साथ Patna, Muzaffarpur, Bhagalpur और बिहार के अन्य जिलों की ताज़ा खबरें और पटना का मौसम हिंदी में जानने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।
Hindi NewsBihar NewsBhagalpur Newsअररिया : बेहतर समन्वय से मुहर्रम पर्व को बनाया जाएगा ऐतिहासिक और यादगार: एसपी