कहलगांव में जल्द खुलेगी मिट्टी जांच प्रयोगशाला, एसडीओ ने किया स्थल निरीक्षण
कहलगांव, निज प्रतिनिधि। किसानों की सुविधा और उनके हितों को ध्यान में रखते हुए कृषि

किसानों की सुविधा और उनके हितों को ध्यान में रखते हुए कृषि विभाग द्वारा कहलगांव प्रखंड कार्यालय परिसर में शीघ्र ही मिट्टी जांच प्रयोगशाला स्थापित की जाएगी। इस दिशा में आवश्यक प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। बुधवार को अनुमंडल पदाधिकारी कृष्ण चंद्र गुप्ता एवं जिला कृषि पदाधिकारी प्रेम शंकर प्रसाद ने प्रस्तावित स्थल का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान प्रखंड कार्यालय परिसर स्थित प्लास्टिक अपशिष्ट प्रबंधन इकाई भवन के एक कमरे को प्रयोगशाला के लिए चिन्हित किया गया। प्रखंड कृषि पदाधिकारी अभिषेक कुमार ने बताया कि यह भवन मूल रूप से कृषि विभाग द्वारा किसान भवन निर्माण के समय ही बनाया गया था और इसमें मिट्टी जांच प्रयोगशाला स्थापित की जानी थी।
हालांकि लंबे समय तक अनुपयोगी रहने के कारण इसमें स्वच्छता अभियान के तहत प्लास्टिक अपशिष्ट प्रबंधन इकाई संचालित की जा रही थी। अब पुनः इसे उसके मूल उद्देश्य के लिए उपयोग में लाया जाएगा।उन्होंने बताया कि स्थल चयन के बाद जल्द ही आवश्यक उपकरण मंगाए जाएंगे, जिससे प्रयोगशाला शुरू की जा सके। वर्तमान में क्षेत्र के किसानों को अपनी मिट्टी की जांच के लिए सबौर या भागलपुर जाना पड़ता है, जिससे उन्हें समय और खर्च दोनों की परेशानी उठानी पड़ती है। प्रयोगशाला शुरू होने के बाद किसानों को स्थानीय स्तर पर ही यह सुविधा उपलब्ध हो सकेगी। निरीक्षण के दौरान अनुमंडल कृषि पदाधिकारी हेमलता कुमारी और प्रखंड कृषि पदाधिकारी स्वर्णलता भी मौजूद थीं। इसके अलावा अनुमंडल पदाधिकारी ने किसान भवन का भी जायजा लिया। निरीक्षण के क्रम में उन्होंने कृषि पदाधिकारी के साथ मां दुर्गा कृषि केंद्र तथा सुभाष सिंह के खाद दुकान की भी जांच की और आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।


