
चुनाव बाद पोस्ट से सोशल मीडिया पर गर्म हो रहा माहौल, निगरानी बढ़ी
चुनाव परिणाम के बाद पुलिस मुख्यालय ने सभी जिलों को सोशल मीडिया पर कड़ी मॉनिटरिंग का निर्देश दिया है। आपत्तिजनक पोस्ट, खासकर हारे हुए समर्थकों के पोस्ट, से माहौल बिगड़ने की आशंका है। ऐसे पोस्ट करने वालों के खिलाफ त्वरित कानूनी कार्रवाई की जाएगी। भागलपुर में एक जदयू नेता को पोस्ट के कारण…
चुनाव के दौरान, मतदान और मतगणना वाले दिन और अब चुनाव के बाद। सोशल मीडिया की मॉनिटरिंग लगातार जारी है। चुनाव परिणाम के बाद सोशल मीडिया पर राजनीतिक पोस्ट को लेकर पुलिस मुख्यालय ने भागलपुर सहित सभी जिलों को सतर्क किया है और कड़ी मॉनिटरिंग के साथ ही आपत्तिजनक पोस्ट करने और उस प्लेटफॉर्म का इस्तेमाल कर माहौल बिगाड़ने की कोशिश करने वालों को चिह्नित कर उनके विरुद्ध त्वरित कार्रवाई का भी निर्देश दिया गया है। हारने वाले प्रत्याशी के समर्थकों के पोस्ट से बिगड़ सकता है माहौल पुलिस मुख्यालय का कहना है कि चुनाव में हारे हुए प्रत्याशी के समर्थकों द्वारा जो पोस्ट किया जा रहा है उससे माहौल बिगड़ सकता है।
समर्थक सोशल मीडिया पर गालीगलौज वाले वीडियो और किसी पार्टी विशेष के विरोध में आपत्तिजनक पोस्ट को वायरल कर रहे हैं। इस तरह के पोस्ट से पार्टी विशेष के कार्यकर्ताओं और समर्थकों में आक्रोश उत्पन्न होने की आशंका बनी रहती है। ऐसे में पुलिस की साइबर टीम को सोशल मीडिया की कड़ी मॉनिटरिंग करने को कहा गया है। सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर भी पुलिस आमलोगों और पार्टी समर्थकों से अपील करेगी कि वे किसी भी तरह का आपत्तिजनक पोस्ट न करें। ऐसा करने पर कानूनी कार्रवाई की जाएगी। पुलिस मुख्यालय के निर्देश के बाद जिला पुलिस सक्रिय हो गई है।
सोशल मीडिया पर पोस्ट के बाद जदयू नेता को मिली धमकी राजनीतिक पार्टी से संबंधित सोशल मीडिया पर पोस्ट को लेकर भागलपुर में भी एक मामला सामने आया है। घटना को लेकर जदयू नेता राकेश कुमार ओझा ने तातारपुर थाने में लिखित शिकायत की है। उन्होंने पुलिस को बताया है कि 22 नवंबर को उन्होंने अपने सोशल मीडिया एकाउंट पर पोस्ट डाला जिसमें लिखा कि पार्टी विरोध गतिविधि में शामिल कार्यकर्ताओं की धांधली की जांच कर कानून कार्रवाई की जानी चाहिए। उनका कहना है कि उस पोस्ट के बाद उनके मोबाइल पर एक शख्स ने कॉल कर गालीगलौज की और जान से मारने की धमकी भी दी। इसको लेकर मानसिक रूप से परेशान होने की बात उन्होंने कही है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।

लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




