किशनगंज: बिहार पुलिस में चयनित छह युवक-युवतियों ने बढ़ाया क्षेत्र का गौरव
ठाकुरगंज के छह युवक-युवतियों ने बिहार पुलिस सिपाही भर्ती परीक्षा 2025 में सफलता प्राप्त की। उनके चयन से क्षेत्र में खुशी की लहर दौड़ गई। अभ्यर्थियों ने कठिनाइयों के बावजूद मेहनत की और अपने सपनों को पूरा किया। उन्होंने अपनी सफलता का श्रेय परिवार और गुरुजनों को दिया। यह सफलता अन्य युवाओं के लिए प्रेरणा बनी है।

ठाकुरगंज से राजीव कुमार सिन्हा की रिपोर्ट किशनगंज। कड़ी मेहनत, अनुशासन और आत्मविश्वास के दम पर ठाकुरगंज क्षेत्र के छह युवक-युवतियों ने बिहार पुलिस सिपाही भर्ती परीक्षा 2025 में सफलता प्राप्त कर पूरे क्षेत्र का नाम रोशन किया है। केंद्रीय चयन पर्षद (सिपाही भर्ती) द्वारा जारी अंतिम परिणाम में इन अभ्यर्थियों के चयन की खबर मिलते ही गांवों और पंचायतों में खुशी की लहर दौड़ गई। परिजनों, ग्रामीणों और शुभचिंतकों ने मिठाई खिलाकर सफल अभ्यर्थियों को बधाई दी तथा उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। चयनित अभ्यर्थियों में मल्लाह पट्टी निवासी पूजा कुमारी, गोथरा निवासी अभिषेख, अमलझाड़ी निवासी सुरेश साह, भैंसलोटी निवासी हामिद रजा, पिपरीथान निवासी दीपा कुमारी तथा बैरागीझाड़ निवासी हेमंती कुमारी शामिल हैं।
इन सभी ने कठिन परिस्थितियों के बावजूद अपने सपनों को टूटने नहीं दिया और लगातार प्रयास कर सफलता की नई मिसाल कायम की। ग्रामीणों ने बताया कि कई अभ्यर्थियों ने सीमित संसाधनों के बीच गांव में रहकर तैयारी की। आर्थिक और सामाजिक चुनौतियों के बावजूद उन्होंने अपने लक्ष्य से ध्यान नहीं हटाया। उनकी यह उपलब्धि इस बात का प्रमाण है कि सच्ची लगन और निरंतर परिश्रम से किसी भी मंजिल को हासिल किया जा सकता है। सफल अभ्यर्थियों ने अपनी उपलब्धि का श्रेय माता-पिता, गुरुजनों और परिवार के सहयोग को दिया। उन्होंने कहा कि असफलताओं से घबराने के बजाय लगातार प्रयास करते रहना चाहिए, क्योंकि मेहनत कभी व्यर्थ नहीं जाती। उनका कहना था कि यदि मन में दृढ़ संकल्प हो तो छोटे गांवों से निकलकर भी बड़े सपने पूरे किए जा सकते हैं। अभिभावकों ने बच्चों की सफलता पर गर्व जताते हुए कहा कि यह केवल उनके परिवार की नहीं बल्कि पूरे क्षेत्र की उपलब्धि है। स्थानीय लोगों और जनप्रतिनिधियों ने भी चयनित युवक-युवतियों को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि उनकी सफलता से अन्य युवाओं को नई प्रेरणा मिलेगी और प्रतियोगी परीक्षाओं के प्रति विश्वास बढ़ेगा। स्थानीय विधायक गोपाल कुमार अग्रवाल ने सभी चयनित अभ्यर्थियों को बधाई देते हुए कहा कि सीमांचल के युवाओं ने अपनी मेहनत और प्रतिभा से यह साबित कर दिया है कि ग्रामीण क्षेत्र के छात्र-छात्राएं भी किसी से कम नहीं हैं। उन्होंने कहा कि इन युवाओं की सफलता आने वाली पीढ़ी के लिए प्रेरणा का कार्य करेगी। गौरतलब है कि बिहार पुलिस सिपाही भर्ती परीक्षा की अंतिम चयन सूची में राज्यभर से हजारों अभ्यर्थियों का चयन हुआ है, जिनमें ठाकुरगंज क्षेत्र के इन छह युवक-युवतियों की सफलता ने इलाके में उत्साह और आत्मविश्वास का नया संदेश दिया है।
लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।


