
तीन दिन के बाद भी विक्रमशिला सेतु से नहीं हटा जाम
10 किलोमीटर की दूरी तय करने में लग रहा है पांच से सात घंटे
भागलपुर, कार्यालय संवाददाता। विक्रमशिला सेतु पर लगने वाला जाम अब नासूर बनता जा रहा है। तीन दिनों से विक्रमशिला सेतु पर गाड़ियों का आवागमन मंथर गति से हो रहा है। जिसका सीधा असर आम लोगों के जनजीवन पर पड़ने लगा है। यातायात और स्थानीय थाना की पुलिस का रटा-रटाया जवाब है कि लगन के कारण गाड़ियों का लोड सेतु पर बढ़ गया है। अचानक गाड़ियों के ब्रेक डाउन होने के कारण भी जाम लग रहा है। जबकि इसके समाधान पर कोई ठोस कार्रवाई नहीं की जा रही है। नगर पुलिस अधीक्षक से स्थानीय लोगों ने शिकायत की है। लेकिन इसके बावजूद भी कोस ठोस पहल नहीं हो रहा है।
कामकाजी लोगों के अभिशाप बन रहा है भीषण जाम कामकाजी लोगों के लिए यह सेतु जाम के कारण अभिशाप बनता जा रहा है। शिक्षा विभाग में कार्यरत एक महिला अधिकारी ने बताया कि वे सुबह सात बजे ही भागलपुर के लिए नवगछिया से अपनी कार लेकर निकली थी। लेकिन भागलपुर पहुंचने में कुल 6 घंटे से अधिक का समय लग गया। इस तरह के सैकड़ों शिक्षक हैं जो समय से तीन दिनों के दौरान स्कूल नहीं पहुंच पाए हैं। जाम के कारण स्थानीय दुकानदार के व्यवसाय पर भी असर पड़ रहा है। जाम का आलम ये है कि महज 10 किलोमीटर की दूरी तय करने में लोगों को पांच से सात घंटे का वक्त लग रहा है। सेतु पर जाम के कारण पीरपैंती, कहलगांव और सबौर सड़क मार्ग पर भी बड़े वाहनों को कुछ देर के लिए रोका जा रहा है। लेकिन इसके बावजूद भी जाम कमने का नाम नहीं ले रहा है। जाम के स्थायी निदान के लिए अतिरिक्त संख्या में सेतु पर सिपाहियों की तैनाती की गई है। लगन के कारण गाड़ियों का लोड सेतु पर बढ़ गया है। सेतु पर गाड़ियों का ब्रेक डाउन होने पर तुरंत हटाया जा रहा है। - संजय कुमार, यातायात डीएसपी फिटनेस फेल पर कार्रवाई, नहीं सुधरे तो ओवरटेक पर होगा केस भागलपुर, वरीय संवाददाता विक्रमशिला पुल पर लगे भीषण जाम और अक्सर सामने आने वाली इस समस्या को जड़ से खत्म करने की पहल शुरू कर दी गई है। पिछले तीन दिन से पुल पर लगे भीषण जाम को देखते हुए भागलपुर रेंज आईजी विवेक कुमार ने भागलपुर एसएसपी और नवगछिया एसपी को कार्रवाई को कहा है। अभी तक जाम का सबसे बड़ा कारण भारी और बालू एवं गिट्टी लदे वाहनों का पुल पर खराब होना ही सामने आया है। ऐसे में जहां एक तरफ ब्रेकडाउन वाले वाहनों के फिटनेस और लोडिंग की जांच कर कार्रवाई हो रही है वहीं दूसरी तरफ आईजी ने डीटीओ और एमवीआई के सहयोग से पुल से पार करने वाले खाली वाहनों के फिटनेस की भी जांच का निर्देश दिया है। खाली वाहनों के फिटनेस फेल पकड़े जाने पर जुर्माना के साथ ही एफआईआर करने का भी निर्देश है। ऐसा इसलिए क्योंकि खाली वाहन ही फिर वापस माल लोड करके पुल पार करने के लिए जाते हैं। नवगछिया जीरोमाइल से भागलपुर बायपास तक वाहन पार्क नहीं कर सकेंगे विक्रमशिला पुल पर जाम का एक कारण सड़क किनारे भारी वाहनों को पार्क किया जाना भी है। पुलिस अब उस पर भी सख्ती करने जा रही है। आईजी ने भागलपुर और नवगछिया पुलिस को निर्देश दिया है कि नवगछिया जीरोमाइल से विक्रमशिला पुल होते ही भागलपुर बायपास तक सड़क किनारे ट्रक और बसों को पार्क करने से रोका जाए। अगर वाहन चालक निर्देश के बाद भी सड़क किनारे वाहनों को पार्क करेंगे तो उनके वाहन को जब्त कर उनके विरुद्ध कानूनी कार्रवाई भी की जाएगी। पुल पर जाम से निपटने के लिए वहां पुलिस बलों की प्रतिनियुक्ति भी बढ़ाई गई है ताकि जरूरत पड़ने पर पुल के बीच में ही वे जाम से निपट सकें। बॉक्स पहले जुर्माना फिर भी नहीं सुधरे तो ओवरटेक करने पर होगा केस विक्रमशिला पुल पर जाम के सबसे बड़े कारणों में भारी वाहनों के ब्रेकडाउन के अलावा ओवरटेकिंग है। बड़े और छोटे वाहन पुल पर ही एक दूसरे को ओवरटेक करने की कोशिश करते हैं और उसमें जाम लगता है। अब ओवरटेक करने वाले वाहन चालकों पर सख्ती की तैयारी है। आईजी विवेक कुमार ने कहा कि ओवरटेक करने वाले वाहन चालकों पर जुर्माना लगाया जाएगा। अगर उसके बाद भी उनमें सुधार नहीं हुआ तो ओवरटेक करने पर केस भी दर्ज किया जाएगा। जिस वाहन के ओवरटेक करने की वजह से जाम लगेगा उन्हें चिह्नित कर सख्त कार्रवाई होगी।

लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




