
कहलगांव में एनएच-80 पर अतिक्रमण से पूरे दिन रुक-रुक कर जाम
कहलगांव में एनएच-80 पर सड़क निर्माण और अतिक्रमण के कारण शुक्रवार को दो घंटे तक भीषण जाम लगा। जाम से स्कूली बच्चे, राहगीर और वाहन चालक परेशान हुए। गांगुली पार्क चौक से शारदा पाठशाला हाई स्कूल मैदान तक अतिक्रमण फैला हुआ है, जिससे सड़क की चौड़ाई कम हो गई है।
कहलगांव, निज प्रतिनिधि कहलगांव शहर में एनएच-80 पर चल रहे सड़क निर्माण कार्य और अतिक्रमण के कारण शुक्रवार को दो घंटे तक भीषण जाम लगा रहा। दिनभर रुक-रुककर जाम की स्थिति बनी रही, जिससे स्कूली बच्चों, राहगीर जाने वालों और वाहनों की लंबी कतारों में फंसे लोगों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ा। गांगुली पार्क चौक से लेकर शारदा पाठशाला हाई स्कूल मैदान तक एनएच-80 के दोनों ओर व्यापक स्तर पर अतिक्रमण फैला हुआ है। सबसे अधिक दिक्कत नगर पंचायत कार्यालय से स्टेशन चौक के बीच उत्पन्न होती है। जहां दोनों ओर से भारी वाहनों के आने पर सड़क पूरी तरह जाम हो जाती है।

स्थानीय दुकानें, घर और नगर पंचायत की ओर से किए गए निर्माण भी सड़क की चौड़ाई को सीमित कर देते हैं।स्थानीय लोगों राजेंद्र चौधरी, देवेंद्र पांडे, अजय कुमार सिंह, आदि ने बताया कि पहले सड़क काफी चौड़ी थी। लेकिन अतिक्रमण बढ़ने के कारण स्थान कम हो गया। एनएच निर्माण के पूर्व मापी के दौरान कई जगहों पर अतिक्रमण रेखांकित भी किया गया था। पर प्रशासनिक उदासीनता के कारण अब तक अतिक्रमण हटाया नहीं जा सका।सड़क निर्माण एजेंसी भी बाध्य होकर उपलब्ध संकीर्ण जगह में ही निर्माण कार्य कर रही है, जो भविष्य में भी जाम की समस्या का स्थायी कारण बन सकता है। लोगों का कहना है कि निर्माण के बाद भी शहर को जाम से राहत मिलती हुई नहीं दिख रही है। शहर में बस स्टैंड, काजीपुरा से गणपत सिंह उच्च विद्यालय तक और अनादीपुर में वन-वे संचालन किया जा रहा है। लेकिन भारी वाहनों के दोनों ओर से आने पर जाम की स्थिति तुरंत उत्पन्न हो जाती है। इस संबंध में कहलगांव थाना अध्यक्ष श्यामला कुमार ने कहा कि सड़क निर्माण और वन-वे व्यवस्था के कारण जाम की स्थिति बनती है। यातायात को सुचारू रखने के लिए पुलिस लगातार प्रयासरत है।

लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




