कटिहार: आंधी-बारिश से सैकड़ों एकड़ फसल बर्बाद, किसानों में चिंता

Newswrap हिन्दुस्तान, भागलपुर
share

मनिहारी प्रखंड क्षेत्र में बुधवार शाम आई तेज आंधी और बारिश ने किसानों की फसलों को नुकसान पहुंचाया। केवाला पंचायत में मकई और गेहूं की फसलें गिरकर बर्बाद हो गईं। किसान परेशान हैं क्योंकि उनकी फसलें तैयार थीं और अब उनकी आर्थिक स्थिति पर खतरा मंडरा रहा है। प्रशासन से मुआवजे की मांग की जा रही है।

कटिहार: आंधी-बारिश से सैकड़ों एकड़ फसल बर्बाद, किसानों में चिंता

मनिहारी, संवाददाता। बुधवार की शाम आई तेज आंधी और बारिश ने मनिहारी प्रखंड क्षेत्र के कई पंचायतों में किसानों की मेहनत पर पानी फेर दिया। खासकर केवाला पंचायत के विभिन्न मौजा में व्यापक पैमाने पर फसलों को नुकसान पहुंचा है। तेज हवा और बारिश के कारण सैकड़ों एकड़ में लगी मकई और गेहूं की फसल खेतों में गिरकर बर्बाद हो गई। किसानों ने बताया कि फसल लगभग तैयार होने की स्थिति में थी, लेकिन अचानक आई आंधी-बारिश ने सारी उम्मीदों पर पानी फेर दिया। खेतों में खड़ी मकई और गेहूं की फसल तेज हवा के कारण गिर गई, जिससे भारी क्षति हुई है।

कई किसानों का कहना है कि इस बार उन्होंने कर्ज लेकर खेती की थी और फसल पर ही परिवार की उम्मीद टिकी थी। केवाला पंचायत के कई किसानों में महेश महतो, राजकिशोर यादव, अशोक यादव आदि ने बताया कि सुबह जब वे खेत पहुंचे तो अधिकांश फसल जमीन पर गिरी हुई मिली। यह देख किसानों का रो-रो कर बुरा हाल हो गया। किसानों के अनुसार यदि प्रशासन द्वारा क्षति का आकलन कर मुआवजा नहीं दिया गया तो उनकी आर्थिक स्थिति और खराब हो जाएगी। ग्रामीणों ने जिला प्रशासन और कृषि विभाग से प्रभावित क्षेत्रों का सर्वे कराकर किसानों को उचित मुआवजा देने की मांग की है। वहीं स्थानीय लोगों का कहना है कि यदि जल्द राहत नहीं मिली तो किसानों को भारी आर्थिक संकट का सामना करना पड़ सकता है।

Hindustan

लेखक के बारे में

Hindustan
हिन्दुस्तान भारत का प्रतिष्ठित समाचार पत्र है। इस पेज पर आप उन खबरों को पढ़ रहे हैं, जिनकी रिपोर्टिंग अखबार के रिपोर्टरों ने की है। और पढ़ें

लेटेस्ट   Hindi News ,    बॉलीवुड न्यूज,   बिजनेस न्यूज,   टेक ,   ऑटो,   करियर , और   राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।