बोले मुंगेर : जलापूर्ति पाइप में लीकेज बंद कर घरों तक पहुंचाया जाए स्वच्छ पानी

Feb 28, 2026 01:12 am ISTNewswrap हिन्दुस्तान, भागलपुर
share Share
Follow Us on

मुंगेर नगर निगम क्षेत्र के वार्ड संख्या 34, कौड़ा मैदान मोहल्ला में बुनियादी सुविधाओं का गंभीर अभाव है। यहां लगभग 200 घरों में नल-जल कनेक्शन नहीं है और सफाई व्यवस्था भी संतोषजनक नहीं है। स्थानीय नागरिकों ने नगर निगम से सुधार की मांग की है, जिससे उनकी परेशानियों का समाधान हो सके।

बोले मुंगेर : जलापूर्ति पाइप में लीकेज बंद कर घरों तक पहुंचाया जाए स्वच्छ पानी

-प्रस्तुति : गौरव मिश्रा मुंगेर नगर निगम क्षेत्र के वार्ड संख्या 34, कौड़ा मैदान मोहल्ला, जो शहर का एक प्रमुख और अत्यंत व्यस्त बाजार क्षेत्र माना जाता है, आज बुनियादी सुविधाओं के अभाव में गंभीर समस्याओं से जूझ रहा है। लगभग 15 हजार की आबादी और करीब पांच हजार मतदाताओं वाले इस वार्ड में प्रतिदिन आसपास के गांवों और दूर-दराज के इलाकों से लोग खरीदारी के लिए पहुंचते हैं। इसके बावजूद यहां नागरिक सुविधाओं की स्थिति चिंताजनक बनी हुई है, जिससे आम लोगों के साथ-साथ व्यापारियों को भी भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।सबसे बड़ी समस्या नल-जल योजना से जुड़ी है।

वार्ड में लगभग 200 घरों तक अब तक नल-जल कनेक्शन नहीं पहुंच पाया है। जिन घरों में कनेक्शन दिया गया है, वहां भी पानी की आपूर्ति नियमित नहीं है। कई मोहल्लों में सप्ताह में एक-दो दिन ही पानी मिल पाता है, जिससे लोगों को निजी बोरिंग या अन्य स्रोतों पर निर्भर रहना पड़ता है। कौड़ा मैदान से कोणार्क मोड़ तक पाइपलाइन में करीब 10 बड़े लीकेज बिंदु हैं। इन लीकेज के कारण बड़ी मात्रा में पानी सड़क पर बह जाता है और जरूरतमंद घरों तक नहीं पहुंच पाता। स्थानीय लोगों का कहना है कि वे कई बार संबंधित विभाग को शिकायत दे चुके हैं, लेकिन स्थायी समाधान नहीं हो पाया है। सफाई व्यवस्था भी संतोषजनक नहीं है। वार्ड में डंपिंग यार्ड की व्यवस्था नहीं होने के कारण पुरानी गंज क्षेत्र में कूड़ा फेंका जा रहा है। इससे आसपास के निवासियों और राहगीरों को दुर्गंध तथा स्वास्थ्य संबंधी समस्याओं का सामना करना पड़ रहा है। बरसात के दिनों में स्थिति और खराब हो जाती है, जब कूड़े के ढेर से गंदा पानी बहकर सड़कों पर फैल जाता है। लोगों का कहना है कि नियमित कचरा उठाव और निर्धारित स्थान पर निस्तारण की व्यवस्था जरूरी है। सड़क और नाला निर्माण का कार्य भी कई जगहों पर अधूरा है। कई गलियों में नालों की समुचित सफाई नहीं होने से जल निकासी बाधित रहती है। बारिश के दौरान जलजमाव की स्थिति उत्पन्न हो जाती है, जिससे आम जनजीवन अस्त-व्यस्त हो जाता है। जलजमाव के कारण सड़कों की स्थिति भी तेजी से खराब हो रही है। स्थानीय नागरिकों ने कई बार नगर निगम से पक्की सड़क और नाले के निर्माण की मांग की है। वार्ड में लगभग 12 परिवार आज भी कच्चे मकानों में रह रहे हैं, जिन्हें प्रधानमंत्री आवास योजना का लाभ नहीं मिल सका है। इन परिवारों का कहना है कि उन्होंने आवेदन दिया है, लेकिन अब तक स्वीकृति नहीं मिली। ऐसे में वे असुरक्षित और जर्जर मकानों में रहने को मजबूर हैं। सुरक्षा के दृष्टिकोण से भी यह बाजार क्षेत्र कई कमियों से ग्रस्त है। पर्याप्त स्ट्रीट लाइट नहीं होने के कारण शाम ढलते ही कई स्थानों पर अंधेरा छा जाता है। इससे असामाजिक तत्वों की गतिविधियों की आशंका बनी रहती है। सीसीटीवी कैमरों की व्यवस्था नहीं होने से चोरी और अन्य घटनाओं की जांच में भी कठिनाई होती है। नागरिकों ने मांग की है कि नल-जल योजना के लीकेज को शीघ्र ठीक किया जाए, वेंडर जोन का निर्माण कार्य शुरू कराया जाए, अतिक्रमण हटाने की नियमित कार्रवाई हो, सफाई व्यवस्था में सुधार किया जाए तथा स्ट्रीट लाइट और सीसीटीवी की व्यवस्था सुनिश्चित की जाए।कौड़ा मैदान जैसा महत्वपूर्ण बाजार क्षेत्र यदि मूलभूत सुविधाओं से वंचित रहेगा, तो इसका असर पूरे शहर की व्यवस्था पर पड़ेगा। तीन वर्ष पूर्व गढ़ैया वेंडर जोन घोषित हुआ था गढ़ैया मार्केट की स्थिति भी कम चिंताजनक नहीं है। लगभग तीन वर्ष पूर्व इस क्षेत्र को वेंडर जोन घोषित किया गया था, ताकि छोटे दुकानदारों को व्यवस्थित स्थान मिल सके और बाजार में अतिक्रमण की समस्या कम हो। लेकिन अब तक वहां किसी प्रकार का निर्माण कार्य शुरू नहीं हुआ है। परिणामस्वरूप छोटे दुकानदार सड़क और फुटपाथ पर दुकान लगाने को मजबूर हैं। इससे न केवल यातायात बाधित होता है, बल्कि दुर्घटनाओं की आशंका भी बनी रहती है। दुकानदारों का कहना है कि यदि शीघ्र निर्माण कार्य शुरू नहीं हुआ तो उनका रोजगार और अधिक संकट में पड़ जाएगा।वार्ड में अतिक्रमण की समस्या लगातार बढ़ती जा रही है। शिकायत 1. वार्ड के लगभग 200 घरों में अब तक नल-जल कनेक्शन नहीं है। जिन घरों में कनेक्शन है, वहां भी पाइपलाइन लीकेज सेनियमित जलापूर्ति नहीं हो पा रही है। 2. कौड़ा मैदान चौक से कोणार्क सिनेमा तक दुकानदारों द्वारा सड़क पर अतिक्रमण किया गया है, जिससे आए दिन जाम लगता है और राहगीरों को परेशानी होती है। 3. गढ़ैया मार्केट धोबी टोला को वेंडर जोन घोषित हुए तीन वर्ष बीत चुके हैं, लेकिन अब तक कोई निर्माण कार्य शुरू नहीं हुआ, जिससे छोटे दुकानदार असुरक्षित हैं। 4. वार्ड में डंपिंग यार्ड नहीं होने के कारण कूड़ा पुरानी गंज में फेंका जा रहा है, जिससे बदबू, गंदगी व स्वास्थ्य संबंधी समस्याएं उत्पन्न हो रही हैं। इसमें सुधार नहीं हो रहा। 5. यहां की कई सड़कें और नालियां अधूरी हैं, स्ट्रीट लाइट की संख्या अपर्याप्त है और मुख्य बाजार होने के बावजूद सीसीटीवी कैमरे नहीं लगाए गए हैं सुझाव 1. सभी लीकेज बिंदुओं की तत्काल मरम्मत कराई जाए तथा शेष 200 घरों में शीघ्र नल-जल कनेक्शन उपलब्ध कराया जाए, जिससे जलापूर्ति सुनिश्चित हो सके। 2. नगर निगम द्वारा चरणबद्ध तरीके से सड़क और फुटपाथ से अतिक्रमण हटाया जाए तथा पुनः अतिक्रमण रोकने के लिए नियमित निगरानी की व्यवस्था की जाए। 3. गढ़ैया मार्केट वेंडर जोन में आवश्यक ढांचागत निर्माण कर दुकानदारों को व्यवस्थित स्थान उपलब्ध कराया जाए, जिससे यातायात और रोजगार दोनों सुरक्षित रह सकें। 4. वार्ड में एक उपयुक्त स्थान पर डंपिंग यार्ड स्थापित किया जाए और नियमित कचरा संग्रहण की व्यवस्था लागू की जाए, ताकि स्वच्छता बनी रहे और बीमारी न फैले। 5. अधूरी सड़कों एवं नालों का निर्माण पूरा किया जाए, पर्याप्त स्ट्रीट लाइट लगाई जाए मुख्य बाजार क्षेत्रों में सीसीटीवी कैमरे स्थापित कर सुरक्षा व्यवस्था मजबूत की जाए। हमारी भी सुनें: हमारे गली में पानी सप्लाई होने के बाद जल जमाव बनी रहती है नाले का भी स्लैब कई जगह टूट चुके हैं। कौड़ा मैदान धोबी टोला के समीप मुख्य सड़क की स्थिति भी काफी जर्जर है, गलियों में सड़क की भी स्थिति काफी खराब है। - अभिमन्यु मंडल बाजार में अतिक्रमण होने की कारण यहां के लोग काफी परेशान रहते हैं चौक पर प्याऊ की व्यवस्था नहीं होने से गर्मी में यहां के दुकानदार अधिक परेशान रहते हैं। - राजरतन कुमार इस वार्ड में लगभग 200 घरों में नल- जल योजना का कनेक्शन नहीं पहुंचा है और जिन घरों में कनेक्शन दिया भी गया है वहां पानी की सप्लाई नहीं होती है। जल नल के कारण अच्छी सड़क को भी बर्बाद कर दिया गया। -मो नौशाद कौड़ा मैदान चौक से कोणार्क मोड़ तक दस बड़ी लीकेज के कारण सड़क पर ही जल जमाव हो जाता है। जबकि इस सड़क से मुंगेर जमालपुर के लोगों का अधिक मात्रा में अब आगमन रहता है पदाधिकारी भी इसी रास्ते से आते जाते हैं बावजूद ध्यान नहीं दिया जा रहा है। - अनिल प्रसाद गुप्ता वार्ड नंबर- ३४ गड़ैया मार्केट धोबी टोला में वेंडर जोन घोषित हुए लगभग तीन साल बीत चुके हैं बावजूद अभी तक यहां किसी भी प्रकार का निर्माण कार्य शुरू नहीं हुआ है जिससे यहां के दुकानदारों को समस्याएं हो रही है। - संजय कुमार फुटपाथों पर दुकान सजाने से राहगीरों को काफी परेशानी होती है हमेशा यहां जाम की समस्याएं बनी रहती है अगर यहां वेंडर जॉन का निर्माण कर दिया जाए लोगों की समस्याएं खत्म हो जाएगी। - संजय कुमार गुप्ता गड़ैया मार्केट को भी कुछ लोगों के द्वारा अतिक्रमण कर लिया गया है समय रहते अगर नगर निगम प्रशासन ध्यान नहीं देती है तो यह आने वाले समय में और मामला जटिल हो जाएगा। - बलराम कुमार इस वार्ड में डंपिंग यार्ड नहीं रहने की वजह से पुरानी गंज में कूड़े को फेंका जाता है जिससे आसपास रहने वाले लोगों को खास कर राहगीरों को भी काफी बदबू और समस्याओं का सामना करना पड़ रहा है। - दिलीप शाह वार्ड में आज भी कई ऐसे सड़क है जहां सड़क काफी जर्जर है नाले की भी स्थिति काफी खराब है जगह-जगह स्लैब टुट जाने से पानी की निकासी नहीं हो पाती हैं। - विकास आनंद मोहल्ले में आज भी कई ऐसे मकान है जिन्हें अपना पक्का का मकान नहीं है बरसात के दिनों में कच्चे घर में रहने वाले परिवारों को काफी समस्याएं होती है इन्हें अब तक पीएम आवास योजना का लाभ नहीं मिला है। - राजीव कुमार इस वार्ड में जिस हिसाब से खंबे लगे हुए हैं उसे अनुपात लाइट की व्यवस्था नहीं की गई है जिस कारण कई जगहों पर अंधेरा छाया रहता है और मुंगेर का यह बाजार एक हम माना जाता है। - महादेव प्रसाद नगर निगम प्रशासन की तरफ से अब तक प्याऊ की व्यवस्था चौक चौराहों पर नहीं की गई है जबकि रोजाना हजारों लोग यहां खरीदारी करने के लिए आते हैं गर्मी में लोगों को बंद बोतल खरीद कर पिना पड़ता है -पिंटू नल जल योजना का जहां कनेक्शन पहुंचा है वहां पानी की सप्लाई नहीं हो रही है कई घरों को तो नल जल योजना का कनेक्शन से वंचित भी रखा गया है घरों तक कनेक्शन ही नहीं पहुंचाया गया है। - नैना कुमारी इस वार्ड में खेलकूद के लिए मैदान की व्यवस्था नहीं है और ना बच्चों के लिए पार्क की कोई व्यवस्था है यहां पार्क की व्यवस्था नहीं होने से बच्चे घरों में रहते रहते बोर हो जाते हैं जबकि उन्हें खेल घूमने के लिए एक यहां पार्क की व्यवस्था होनी चाहिए। - चंद्रशेखर प्रसाद सुरक्षा की दृष्टि कौन से यहां सीसीटीवी की व्यवस्था नहीं है जबकि यहां लोग दूर-दूर से यहां के बाजार में सामानों की खरीदारी करने आते हैं सुरक्षा के दृष्टिकोण से यहां कैमरे की भी व्यवस्था होनी चाहिए। -मो जैनुल इस वार्ड में एक सार्वजनिक शौचालय की अत्यंत आवश्यकता है यहां आने वाले राहगीरों को काफी परेशानी तो होती है खासकर महिलाओं को और अधिक परेशानी हो जाती है। -विनोद साह बोले जिम्मेदार: कौड़ा मैदान मुख्य सड़क पर पाइप लीकेज की शिकायतें प्राप्त हुई थी, वार्ड-34 में जहां-जहां लीकेज हो रहा है वहां-वहां सही किया जा रहे हैं। रात्रि के समय में जब सड़क शांत रहता है उसी समय विभाग जाकर उसे ठीक करती है। जल्द ही लीकेज की समस्याएं दूर हो जाएगी। जहां तक सड़क पर नल की समस्याएं हैं योजनाएं वार्ड में चल रही है। - कुमकुम देवी मेयर

Hindustan

लेखक के बारे में

Hindustan
हिन्दुस्तान भारत का प्रतिष्ठित समाचार पत्र है। इस पेज पर आप उन खबरों को पढ़ रहे हैं, जिनकी रिपोर्टिंग अखबार के रिपोर्टरों ने की है। और पढ़ें

लेटेस्ट   Hindi News ,    बॉलीवुड न्यूज,   बिजनेस न्यूज,   टेक ,   ऑटो,   करियर , और   राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।