Hindi NewsBihar NewsBhagalpur NewsSevere Cold Wave Hits Lakhisarai Residents Demand Urgent Shelter Arrangements
लखीसराय: ठंड से बढ़ी परेशानी, अलाव व आश्रय स्थल की तैयारी धीमी

लखीसराय: ठंड से बढ़ी परेशानी, अलाव व आश्रय स्थल की तैयारी धीमी

संक्षेप:

लखीसराय में ठंड का प्रकोप बढ़ता जा रहा है, जिससे गरीबों और फुटपाथ पर रहने वाले लोगों को मुश्किलें हो रही हैं। दुकानदार आग जलाकर खुद को गर्म रखने की कोशिश कर रहे हैं। जिलाधिकारी ने आश्रय स्थल और अलाव की व्यवस्था के निर्देश दिए हैं, लेकिन नगर परिषद की तैयारी सुस्त बनी हुई है। स्थानीय लोग प्रशासन से शीघ्र कदम उठाने की मांग कर रहे हैं।

Thu, 4 Dec 2025 05:30 PMNewswrap हिन्दुस्तान, भागलपुर
share Share
Follow Us on

लखीसराय, एक प्रतिनिधि। शहर में ठंड का प्रकोप लगातार बढ़ता जा रहा है। पिछले कुछ दिनों से पारा तेजी से नीचे गिरने लगा है, जिससे आम लोगों के साथ-साथ फुटपाथ और असंगठित क्षेत्र में काम करने वाले गरीब तबके की मुश्किलें बढ़ गई हैं। शहर के कई हिस्सों में दिन ढलते ही गलनभरी ठंड के कारण बाजारों में रौनक कम हो जाती है। दुकानदार पेट पालने के लिए दुकान खोल तो रहे हैं, लेकिन ठंड से बचने के लिए आग जलाकर तापते देखा जा रहा है। रात के समय ठेले पर अंडा बेचने वाले, नाश्ता-पकौड़ा विक्रेता तथा फुटपाथ पर सामान बेचने वाले लोग कागज के टुकड़े और लकड़ी जलाकर किसी तरह ठंड से बचने की कोशिश करते नज़र आए।

LiveHindustan को अपना पसंदीदा Google न्यूज़ सोर्स बनाएं – यहां क्लिक करें।

ठंडी हवा के थपेड़ों में काम करना इनके लिए चुनौती बन चुका है। देर रात होते-होते सड़कों पर सन्नाटा पसर जाता है, जबकि मजबूरी में घर से बाहर रहने वाले गरीब परिवारों के लिए हालात और भी ज्यादा कठिन हो जाते हैं। इसी गंभीर स्थिति को देखते हुए जिलाधिकारी ने नगर परिषद को शहर में आश्रय स्थल तैयार करने तथा प्रमुख स्थानों पर अलाव की व्यवस्था सुनिश्चित करने का निर्देश दिया था। जिलाधिकारी ने साफ कहा था कि किसी भी हाल में बेघर एवं जरूरतमंद लोग खुले में ठंड से न जूझें। हालांकि, नगर परिषद स्तर पर अब भी तैयारी सुस्त दिखाई दे रही है। अलाव जलाने के लिए स्थान चयन की प्रक्रिया जारी है, जबकि आश्रय स्थल बनाने का काम भी कागजों पर ही अटका हुआ है। इधर लगातार बढ़ रही ठंड के बीच स्थानीय लोगों ने प्रशासन से शीघ्र कदम उठाने की मांग की है। उनका कहना है कि यदि समय रहते अलाव और आश्रय स्थल की व्यवस्था नहीं की गई, तो गरीबों और बेघर लोगों के लिए आने वाले दिन और भी कठिन हो जाएंगे।