Hindi NewsBihar NewsBhagalpur NewsSevere Cold Wave Hits Lakhisarai Blanket Distribution Crisis for the Poor
लखीसराय: शीतलहर का प्रकोप बढ़ा

लखीसराय: शीतलहर का प्रकोप बढ़ा

संक्षेप:

लखीसराय में कड़ाके की ठंड बढ़ रही है। गरीब, मजदूर और दलित समुदाय के लोग कंबल के अभाव में परेशान हैं। नगर परिषद ने अब तक कंबल वितरण की कोई व्यवस्था नहीं की है, जिससे जरूरतमंदों की मुश्किलें बढ़ गई हैं। स्थानीय लोग प्रशासन से जल्द राहत की मांग कर रहे हैं।

Dec 28, 2025 05:56 pm ISTNewswrap हिन्दुस्तान, भागलपुर
share Share
Follow Us on

लखीसराय। जिले में शीतलहर और कड़ाके की ठंड का असर लगातार बढ़ता जा रहा है। ठंड से बचाव के लिए जहां आम लोग अपने स्तर से व्यवस्था कर रहे हैं, वहीं शहर के गरीब, मजदूर और दलित समुदाय के लोग कंबल के अभाव में ठिठुरने को मजबूर हैं। हैरानी की बात यह है कि इस बार नगर परिषद की ओर से अब तक कंबल वितरण की कोई व्यवस्था नहीं की गई है। शहर के विभिन्न वार्डों में रहने वाले गरीब तबके के लोग, खासकर मुसहरी और दलित समुदाय के परिवार, वार्ड पार्षदों और नगर परिषद कार्यालय का चक्कर लगाकर कंबल की मांग कर रहे हैं।

प्यार से लेकर प्रमोशन तक 2026 का पूरा हाल जानें ✨अभी पढ़ें

रात के समय तापमान गिरने से खुले आसमान या झोपड़ियों में रहने वाले लोगों की परेशानी और बढ़ गई है। कई जगहों पर लोग पुराने कपड़ों और अलाव के सहारे ठंड काटने को मजबूर हैं। स्थानीय लोगों का कहना है कि हर वर्ष ठंड के मौसम में नगर परिषद द्वारा कंबल की खरीदारी कर जरूरतमंदों के बीच वितरण किया जाता था। इससे गरीबों को काफी राहत मिलती थी। लेकिन इस वर्ष अब तक न तो कंबल की खरीदारी हुई है और न ही वितरण की कोई योजना सामने आई है। इससे नगर परिषद की कार्यप्रणाली पर सवाल खड़े हो रहे हैं। इस संबंध में नगर परिषद के अध्यक्ष अरविंद पासवान ने बताया कि बोर्ड की बैठक में सभी वार्ड पार्षदों के साथ सामूहिक चर्चा हुई थी, लेकिन इस बार कंबल की खरीदारी का निर्णय नहीं लिया जा सका। उन्होंने कहा कि यदि कंबल की खरीदारी होती, तो निश्चित रूप से जरूरतमंदों के बीच वितरण किया जाता। नगर अध्यक्ष के बयान के बाद भी शहरवासियों में निराशा है। सामाजिक संगठनों और आम नागरिकों ने प्रशासन से मांग की है कि शीतलहर को देखते हुए जल्द से जल्द वैकल्पिक व्यवस्था की जाए, ताकि गरीब, मजदूर और बेसहारा लोगों को ठंड से राहत मिल सके। फिलहाल ठंड के इस दौर में कंबल के अभाव ने जरूरतमंदों की मुश्किलें और बढ़ा दी हैं।