सहरसा : सहरसा-सिमरीबख्तियारपुर मार्ग पर सड़क हादसा, शिक्षक गंभीर
सिमरी बख्तियारपुर में सोमवार सुबह एक शिक्षक, वीरेंद्र कुमार सिंह, सड़क हादसे में गंभीर रूप से घायल हो गए। तेज रफ्तार अनियंत्रित ऑटो ने उनकी बाइक को टक्कर मार दी। स्थानीय लोगों ने उन्हें अस्पताल पहुंचाया, जहां गंभीर स्थिति को देखते हुए उन्हें सहरसा रेफर किया गया। पुलिस मामले की जांच कर रही है।

सिमरी बख्तियारपुर, एक प्रतिनिधि। बख्तियारपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत सहरसा–सिमरीबख्तियारपुर मुख्य सड़क मार्ग पर रायपुरा चौक के समीप सोमवार की सुबह भीषण सड़क हादसे में एक शिक्षक गंभीर रूप से घायल हो गए। घायल शिक्षक की पहचान सलखुआ थाना क्षेत्र के बोहरबा गांव निवासी वीरेंद्र कुमार सिंह के रूप में हुई है। जानकारी के अनुसार बख्तियारपुर थाना क्षेत्र के सबेठा गांव स्थित नया प्राथमिक विद्यालय में विशिष्ट शिक्षक के पद पर कार्यरत शिक्षक सोमवार की सुबह बाइक से किसी कार्य से रायपुरा की ओर जा रहे थे। इसी दौरान रायपुरा चौक के समीप सामने से आ रही तेज रफ्तार अनियंत्रित ऑटो ने उनकी बाइक में टक्कर मार दी।
टक्कर लगने के बाद शिक्षक सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गए। घटना के बाद स्थानीय लोगों ने तत्परता दिखाते हुए उन्हें इलाज के लिए अनुमंडलीय अस्पताल सिमरीबख्तियारपुर में भर्ती कराया। जहां प्राथमिक उपचार के बाद चिकित्सकों ने उनकी गंभीर स्थिति को देखते हुए बेहतर इलाज के लिए सदर अस्पताल सहरसा रेफर कर दिया। घटना के बाद आक्रोशित स्थानीय लोगों ने ऑटो चालक को पकड़ लिया। घटना की सूचना पुलिस को दे दी गई है। पुलिस मामले की जांच में जुट गई है।
लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।


