मध्य विद्यालय बरैनी में एमडीएम में मिला कपड़े का टुकड़ा

Newswrap हिन्दुस्तान, भागलपुर
share

कपड़े से आ रही दुर्गंध से मचा हड़कंप शिक्षकों ने बच्चों को खाने से रोक

मध्य विद्यालय बरैनी में एमडीएम में मिला कपड़े का टुकड़ा

कहलगांव , निज प्रतिनिधि कहलगांव प्रखंड के मध्य विद्यालय बरैनी में शुक्रवार को मध्याह्न भोजन में गंभीर लापरवाही का मामला सामने आया। एनजीओ द्वारा आपूर्ति की गई चने की सब्जी में हरे रंग का कपड़े का टुकड़ा मिलने से विद्यालय में हल्ला मच गया। कपड़े से कीटनाशक जैसी तेज दुर्गंध आ रही थी, जिसे देखते हुए शिक्षकों ने तत्परता दिखाते हुए बच्चों को भोजन करने से रोक दिया। इससे एक संभावित बड़ी घटना टल गई।विद्यालय के प्रधानाध्यापक अभिलाष मंडल ने बताया कि सुबह करीब साढ़े नौ बजे मध्याह्न भोजन विद्यालय पहुंचा था। नियमानुसार पहले शिक्षकों ने भोजन का स्वाद चखा, जिसके बाद रसोई कर्मचारियों द्वारा बच्चों को परोसा जा रहा था।

इसी दौरान सब्जी में हरे कपड़े का टुकड़ा मिलने पर सभी चौंक गए। कपड़े से आ रही दुर्गंध के कारण तुरंत भोजन वितरण रोक दिया गया। घटना की सूचना तत्काल एमडीएम प्रभारी को दी गई तथा ई-शिक्षा कोष पोर्टल पर भी शिकायत दर्ज कराई गई। इस कारण बच्चों को उस दिन बिना भोजन के ही रहना पड़ा।एमडीएम प्रभारी फैसल उस्मानी ने बताया कि भोजन को साफ-सुथरे तरीके से तैयार किया जाता है और अनाज की अच्छी तरह सफाई की जाती है। उन्होंने कहा कि कपड़ा सब्जी में कैसे पहुंचा, इसकी जांच सीसीटीवी फुटेज के माध्यम से की जा रही है। प्रभारी प्रखंड शिक्षा पदाधिकारी अमित राज ने बताया कि संबंधित भोजन को कपड़े सहित सैंपल के रूप में सुरक्षित रखा गया है, जिसकी जांच कराई जाएगी। दोषी पाए जाने पर सख्त कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने भी माना कि सब्जी में कपड़ा पहुंचना गंभीर जांच का विषय है।घटना के बाद अभिभावकों में आक्रोश देखा गया है। ग्रामीणों ने एमडीएम व्यवस्था की नियमित निगरानी और गुणवत्ता सुनिश्चित करने की मांग की है, ताकि भविष्य में इस प्रकार की लापरवाही दोबारा न हो।

Hindustan

लेखक के बारे में

Hindustan
हिन्दुस्तान भारत का प्रतिष्ठित समाचार पत्र है। इस पेज पर आप उन खबरों को पढ़ रहे हैं, जिनकी रिपोर्टिंग अखबार के रिपोर्टरों ने की है। और पढ़ें

लेटेस्ट   Hindi News ,    बॉलीवुड न्यूज,   बिजनेस न्यूज,   टेक ,   ऑटो,   करियर , और   राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।