
मानव बल से लेकर वाहनों तक में हो रही कटौती, सफाई व्यवस्था प्रभावित
संक्षेप: नगर आयुक्त ने लिया संज्ञान, कटौती मामले में जांच के आदेश जारी दैनिक मजदूर तैनात
भागलपुर, वरीय संवाददाता। शहर की सफाई व्यवस्था संभालने के लिए बहाल की गई सफाई एजेंसियों की घोर लापरवाही सामने आई है। नगर निगम के निर्देशों का पालन न करते हुए, एजेंसियां न सिर्फ मानव बल की संख्या में कटौती कर रही हैं, बल्कि सफाई और कचरा उठाव के लिए निर्धारित वाहनों (ट्रिप) का भी मानक के अनुरूप उपयोग नहीं कर रही हैं। इस गंभीर अनियमितता को लेकर नगर निगम ने जांच के निर्देश दिए हैं। मानव बल और वाहनों की कटौती का असर शहर के सभी 51 वार्डों को सफाई के लिए तीन जोन में बांटा गया है, जिसमें से दो जोन की जिम्मेदारी अलग-अलग सफाई एजेंसियों को सौंपी गई है।

कुछ महीने पहले नगर आयुक्त ने सभी जोन में तीन पालियों (तीन पहर) में कचरा उठाव और डोर-टू-डोर कचरा संग्रह को सुदृढ़ करने का निर्देश दिया था। हालांकि, प्राप्त जानकारी के अनुसार सफाई एजेंसियों द्वारा निर्देशों का लगातार उल्लंघन किया जा रहा है। वे न सिर्फ निर्धारित मानव बल में कटौती कर रहे हैं, बल्कि सफाई और कचरा उठाने के लिए उपयोग होने वाले वाहनों की संख्या और उनके ट्रिप (फेरे) में भी कमी कर रहे हैं। यहां तक कि ट्रांसफर स्टेशनों से कचरे को कनकैथी डंपिंग ग्राउंड तक ले जाने वाले वाहनों के फेरों में भी कटौती की जा रही है। इस कटौती का सीधा प्रभाव अब शहर की सफाई व्यवस्था पर दिखना शुरू हो गया है। मुख्य सड़कों को छोड़कर शहर के प्रमुख इलाकों में तीन पहर होने वाली साफ-सफाई बुरी तरह प्रभावित हो रही है, जिससे जगह-जगह गंदगी जमा हो रही है। नगर आयुक्त ने लिया संज्ञान, जांच शुरू सफाई व्यवस्था प्रभावित होने और मानकों के उल्लंघन की शिकायतें जब नगर आयुक्त तक पहुंची तो उन्होंने इस मामले को गंभीरता से लिया। नगर आयुक्त शुभम कुमार ने बताया कि सफाई एजेंसियों द्वारा मानव बल और वाहनों के इस्तेमाल में कटौती का मामला उनके संज्ञान में आया है। उन्होंने तत्काल मामले की जांच के लिए एक पदाधिकारी की प्रतिनियुक्ति कर दी है। नगर आयुक्त ने बताया कि जिन इलाकों में मानक के अनुकूल मानव बल में कमी पाई गई है, वहां नगर निगम की ओर से दैनिक मजदूरों को तैनात किया गया है। इन दैनिक मजदूरों का भुगतान उस राशि से किया जा रहा है, जिसकी कटौती नदारद सफाईकर्मियों को दी जाने वाली राशि से की गई है। उन्होंने स्पष्ट किया कि वाहनों के ट्रिप में कटौती को लेकर जांच रिपोर्ट का इंतजार किया जा रहा है। जांच रिपोर्ट आने के बाद, सफाई एजेंसी के विरुद्ध निर्धारित नियमों के तहत सख्त कार्रवाई की जाएगी।

लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




