
लखीसराय: महिला किसान दिन भर रहती है कतार में फिर भी नहीं मिल पाता बीज
लखीसराय जिले में रबी फसल के लिए कृषि विभाग द्वारा चना, गेहूं, बेबी कॉर्न और मक्का के बीजों का वितरण किया जा रहा है। किसानों ने इस प्रक्रिया में अनियमितता और अव्यवस्था का आरोप लगाया है, जिससे कई किसानों को खाली हाथ लौटना पड़ा। अधिकारी ने कहा कि वितरण कार्य को नियंत्रित करने के लिए ओटीपी प्रणाली का पालन किया जा रहा है।
लखीसराय, एक प्रतिनिधि। जिले में रबी फसल के लिए किसानों के बीच चना, गेहूं, बेबी कॉर्न और मक्का के बीज वितरण का कार्य कृषि विभाग द्वारा किया जा रहा है। सदर प्रखंड क्षेत्र के अंतर्गत कुल 10 पंचायतों में यह वितरण कार्य चल रहा है। इनमें दामोदरपुर, साबिकपुर, खगोल, बालगुदर, अम्हारा, मोरमा, महिसोणा सहित अन्य पंचायत शामिल हैं। बीज वितरण सदर प्रखंड कार्यालय परिसर से किया जा रहा है, लेकिन किसानों ने इस प्रक्रिया में अनियमितता और अव्यवस्था का आरोप लगाया है। किसानों का कहना है कि सुबह से ही महिलाएं लंबी कतार में खड़ी रहती हैं, लेकिन शाम तक उन्हें बीज नहीं मिल पाता।

कई बार बिना बीज लिए ही किसानों को खाली हाथ लौटना पड़ता है।महिला किसानों ने आरोप लगाया कि पहचान वाले लोगों को अंदर से ही ओटीपी भेजकर पहले बीज दे दिया जाता है, जबकि बाकी किसानों को घंटों इंतजार करवाया जाता है। उन्होंने कहा कि ऑनलाइन पंजीकरण के बावजूद कई बार ओटीपी प्रक्रिया रोक दी जाती है, जिससे वितरण कार्य में पारदर्शिता की कमी दिखाई देती है। मौके पर मौजूद कुछ किसानों ने बताया कि वे मसूर, मटर और गेहूं के बीज लेने आए थे, लेकिन अव्यवस्था के कारण दिनभर इंतजार करने के बाद भी बीज नहीं मिल सका।इस संबंध में जिला कृषि पदाधिकारी ने बताया कि जिन किसानों को बीज वितरण किया जाना है, उतने ही लोगों का ओटीपी लिया जाता है। उन्होंने कहा कि कुछ किसानों को अगले दिन बुलाया जाता है ताकि वितरण कार्य नियंत्रित और व्यवस्थित ढंग से पूरा किया जा सके। उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि ओटीपी प्राप्त करने वाले किसान को ही बीज उपलब्ध कराया जाएगा, किसी भी तरह की धांधली या मनमानी पर कार्रवाई की जाएगी।

लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




