
लखीसराय: विद्यापीठ चौक पर अर्द्धसैनिक बल व पुलिस की संयुक्त कार्रवाई
लखीसराय में मतगणना के दिन सुरक्षा व्यवस्था को कड़ा किया गया। विद्यापीठ चौक पर अर्द्धसैनिक बल और पुलिस की संयुक्त टीम ने वाहनों की सघन जांच की। बिना आवश्यक कार्य के घूम रहे लोगों को रोका गया और कई बाइक चालकों को वापस भेज दिया गया। अधिकारियों ने अव्यवस्था रोकने के लिए यह कदम उठाया।
लखीसराय, एक प्रतिनिधि। मतगणना को लेकर सुरक्षा व्यवस्था कड़ी किए जाने के क्रम में शुक्रवार को विद्यापीठ चौक पर अर्द्धसैनिक बल, यातायात पुलिस और जिला पुलिस की संयुक्त टीम द्वारा सघन जांच अभियान चलाया गया। संवेदनशील क्षेत्र माने जाने वाले इस चौक पर सुबह से ही सुरक्षा बलों की अतिरिक्त तैनाती की गई थी, जिसके बाद यहां से गुजरने वाले सभी वाहनों की बारीकी से जांच की जाती रही। पुलिस की यह कार्रवाई पूरी तरह रोको-टोको अभियान के रूप में दिखाई दी, जिसमें बिना आवश्यक कार्य के घूम रहे लोगों को तुरंत रोककर पूछताछ की गई। कई बाइक चालकों को यह बताते हुए वापस भेज दिया गया कि बिना किसी जरूरी वजह के उन्हें इस क्षेत्र में घूमने की अनुमति नहीं है।

अधिकारियों ने साफ कहा कि मतगणना के दौरान अनावश्यक भीड़ या अवांछित गतिविधियों को रोकने के लिए यह कदम उठाया गया है। वाहनों की जांच के दौरान दस्तावेजों की पुष्टि, आई-कार्ड की जांच और संदिग्ध व्यक्तियों से पूछताछ की गई। इस दौरान कई वाहन चालकों को हिदायत देते हुए सुरक्षा नियमों का पालन करने की चेतावनी दी गई। पुलिस टीम ने सुनिश्चित किया कि केवल अधिकृत व्यक्तियों, कर्मियों और पासधारक वाहनों को ही आगे जाने दिया जाए। सुरक्षा एजेंसियों के अनुसार, काउंटिंग स्थल के आसपास किसी भी तरह की अव्यवस्था की आशंका को रोकने और शांतिपूर्ण माहौल बनाए रखने के उद्देश्य से इस प्रकार की कड़ी निगरानी आवश्यक थी। पूरे अभियान के दौरान सुरक्षा बल पूरी तरह सक्रिय दिखे और लोगों से सहयोग की अपील भी की गई।

लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




