
पीएम सभा: तंबाकू से लेकर पानी की बोतल था प्रतिबंधित
भागलपुर में पीएम सभा स्थल पर प्रवेश से पहले दो सुरक्षा लेयर के तहत चेकिंग की गई। मेटल डिटेक्टर से गुजरने वाले लोगों की जेब और थैलों की जांच की गई। तंबाकू उत्पादों और पानी की बोतलों को फेंकने को कहा गया। काला कपड़ा पहने लोगों को सभा में प्रवेश नहीं दिया गया।
भागलपुर, वरीय संवाददाता। पीएम सभा स्थल पर प्रवेश से पूर्व दो सुरक्षा लेयर के तहत चेकिंग की जा रही थी। पहला लेयर हवाई अड्डा परिसर में प्रवेश पर था तो दूसरा सभा स्थल या टेंट परिसर में प्रवेश से पूर्व था। सभा स्थल पहुंचने वाले श्रोताओं को मेटल डिटेक्टर डोर से गुजार रहे थे। इधर पहले प्रवेश द्वार पर केवल सामान्य तरीके से जांच की जा रही थी, पर टेंट परिसर के पास हो रही चेकिंग में लोगों की जेब से लेकर उनके पास मौजूद थैलों तक की जांच की जा रही थी। इस दौरान लोगों के पास पाए जाने वाले तंबाकू उत्पाद, चुनौटी, पान मसाला सहित पानी की बोतलों तक को फेंकने को कहा जा रहा था।

हालांकि सभा खत्म होने के बाद जब लोगों का हुजूम सभा स्थल से बाहर निकलने लगा तो फेंकी गए तंबाकू उत्पादों और चुनौटी को लेने के लिए लोगों की होड़ मच गई थी। काला कपड़े पहने लोगों को नहीं दिया गया प्रवेश सुरक्षाकर्मियों को सख्त निर्देश दिया गया था कि किसी भी हाल में काला कपड़ा पहन कर आए लोगों को सभा स्थल में प्रवेश न दिया जाए। इधर काले शर्ट या टीशर्ट में पहुंचे लोगों को टेंट परिसर के बाहर ही रोक दिया गया था। उन्हें या तो कपड़ा बदल कर आने को कहा गया या फिर बाहर ही रहने की सलाह दी गई। पर पीएम की सभा में पहुंचने के लिए कुछ युवाओं की बानगी ऐसी थी कि उन लोगों ने अपनी शर्ट और टीशर्ट को उतार बैरिकेडिंग में ही बांध दिया और सभा स्थल जाने को तैयार हो गए। बाहर आते वक्त सभी अपने अपने शर्ट और टीशर्ट को बैरिकेडिंग से खोल कर लौटे।

लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।


