ट्रेंडिंग न्यूज़

Hindi News बिहार भागलपुर50 हजार का इनामी बदमाश सत्येंद्र यादव सिकंदराबाद से गिरफ्तार

50 हजार का इनामी बदमाश सत्येंद्र यादव सिकंदराबाद से गिरफ्तार

50 हजार का इनामी बदमाश सत्येंद्र यादव को भागलपुर पुलिस ने सिकंदराबाद से गिरफ्तार कर लिया है। उसे गुरुवार रात को भागलपुर लाया गया। पुलिस के लिए चुनौती बने सत्येंद्र पर हाल ही में इनाम की घोषणा की गयी...

50 हजार का इनामी बदमाश सत्येंद्र यादव सिकंदराबाद से गिरफ्तार
हिन्दुस्तान टीम,भागलपुरSat, 16 Jun 2018 01:36 AM
ऐप पर पढ़ें

50 हजार का इनामी बदमाश सत्येंद्र यादव को भागलपुर पुलिस ने सिकंदराबाद से गिरफ्तार कर लिया है। उसे गुरुवार रात को भागलपुर लाया गया। पुलिस के लिए चुनौती बने सत्येंद्र पर हाल ही में इनाम की घोषणा की गयी थी। एसएसपी आशीष भारती ने शुक्रवार को प्रेस वार्ता कर उसकी गिरफ्तारी की जानकारी दी।

उत्तम नाम से रह रहा था, गोली के निशान से हुई पहचान

सत्येंद्र यादव सिकंदराबाद में किराये के मकान में रह रहा था। वह वहां पर उत्तम के नाम से रह रहा था। भागलपुर पुलिस की टीम मोबाइल टावर लोकेशन के आधार पर उसे पकड़ने पहुंची तो उस समय सत्येंद्र उस मकान में अपने कुछ रिश्तेदार और अमरपुर के एक व्यक्ति के साथ बैठा था। पुलिस ने उसे हिरासत में लिया तो उसने अपना नाम उत्तम बताया। शरीर भारी हो चुका है, उस आधार पर वह अपनी पहचान छिपाने की कोशिश करने लगा। पुलिस की टीम को यह पता था कि सत्येंद्र के दाहिने हाथ में गोली का निशान है। पुलिस ने हिरासत में लेने के बाद दाहिने हाथ को देखा तो उसमें गोली का निशान था। इससे उसकी पहचान पक्की हो गयी।

15 साल से फरार था, 15 केस दर्ज हैं

कुख्यात सत्येंद्र यादव पिछले 15 साल से फरार था। उसकी गिरफ्तारी पुलिस के लिए चुनौती बन गयी थी। उस पर जगदीशपुर और लोदीपुर में 15 केस दर्ज हैं। उस पर इन दोनों थानों में हत्या के पांच, हत्या की कोशिश के चार, सरकारी कार्य में बाधा डालने के तीन, मारपीट, चोरी और आर्म्स एक्ट के कई मामले दर्ज हैं।

पुरस्कृत होगी पुलिस टीम

उसकी गिरफ्तारी के लिए एसएसपी ने लॉ एंड ऑर्डर डीएसपी राजेश सिंह प्रभाकर के नेतृत्व में विशेष कार्यदल का गठन किया था। इसमें जगदीशपुर थानाध्यक्ष नीरज तिवारी, बरारी थानाध्यक्ष रोहित सिंह, जीरोमाइल थानाध्यक्ष रंजन कुमार, चीता दल के हेड एसआई मुकेश कुमार व अन्य सिपाहियों को शामिल किया गया था। एसएसपी ने कहा कि टीम को पुरस्कृत किया जायेगा।

हिन्दुस्तान का वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें