लखीसराय: सूर्यगढ़ा के पूर्व विधायक सतीश कुमार का निधन, राजनीतिक जगत में शोक
सूर्यगढ़ा के पूर्व विधायक सतीश कुमार का सोमवार रात निधन हो गया। वे 70 वर्ष के थे और ब्रेन हैमरेज के कारण फोर्ड अस्पताल में भर्ती थे। सतीश कुमार बिहार की राजनीति में एक प्रमुख नेता थे और 'कुर्मी चेतना रैली' के आयोजक रहे। उनके निधन से क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई है।

सूर्यगढ़ा, कजरा, हिन्दुस्तान टीम। सूर्यगढ़ा के पूर्व विधायक और ‘कुर्मी चेतना रैली’ के सूत्रधार रहे सतीश कुमार का सोमवार रात करीब नौ बजे निधन हो गया। वे 70 वर्ष के थे। ब्रेन हैमरेज होने के बाद 6 मार्च को उन्हें इलाज के लिए फोर्ड होस्पिटल में भर्ती कराया गया था, जहां इलाज के दौरान उन्होंने अंतिम सांस ली। उनके निधन की खबर से क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई। सतीश कुमार बिहार की राजनीति के अनुभवी नेताओं में गिने जाते थे। वे दो बार नालंदा जिले के अस्थावां विधानसभा क्षेत्र से और एक बार सूर्यघढा से विधायक चुने गए थे।
वर्ष 1990 से 1995 तक वे सूर्यगढ़ा के विधायक रहे। वर्ष 2001 के उपचुनाव में अस्थावां से 58 हजार 999 वोट प्राप्त कर उन्होंने जीत का रिकॉर्ड बनाया था। 12 फरवरी 1994 को गाँधी मैदान पटना में आयोजित ‘कुर्मी चेतना रैली’ के वे मुख्य सूत्रधार थे। इस रैली ने बिहार की राजनीति में बड़ा बदलाव लाया और इसी मंच से नीतीश कुमार एक बड़े नेता के रूप में उभरे। बाद में सतीश कुमार लंबे समय तक समता पार्टी और जनता दल (यू) से जुड़े रहे, हालांकि समय-समय पर उनके पार्टी नेतृत्व से मतभेद भी सामने आते रहे। वे लोजपा और कांग्रेस सहित अन्य दलों में भी सक्रिय रहे। सतीश कुमार को बिहार में ‘लव-कुश’ (कुर्मी-कोयरी) समीकरण के शुरुआती रणनीतिकारों में भी गिना जाता था। वे अपने विद्रोही स्वभाव और स्पष्ट राजनीतिक रुख के लिए भी जाने जाते थे। उनके निधन पर सूर्यगढ़ा के पूर्व विधायक प्रेम रंजन पटेल,रविशंकर सिंह अशोक, अजय मंडल,कांग्रेस नेता राजीव कुमार सिंह, भाजपा नेता सह अधिवक्ता मोहम्मद अकबर अली,कजरा भाजपा मंडल अध्यक्ष विजय सिंह,लोजपा नेता हेमंत कुमार हिमांशु सहित कई नेताओं ने गहरा शोक व्यक्त किया है।
लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।


