Hindi NewsBihar NewsBhagalpur NewsSaraswati Puja Licenses Process Accelerated in Simri Bakhtiyarpur for Peaceful Celebration
सहरसा: सरस्वती पूजा को लेकर लाइसेंस लेने की मची होड़

सहरसा: सरस्वती पूजा को लेकर लाइसेंस लेने की मची होड़

संक्षेप:

सिमरी बख्तियारपुर में सरस्वती पूजा को शांतिपूर्ण ढंग से मनाने के लिए पूजा समितियों ने लाइसेंस लेने की प्रक्रिया तेज कर दी है। थाना परिसर में भारी भीड़ उमड़ी है, जहां समिति सदस्य आवश्यक कागजात जमा कर रहे हैं। पुलिस ने नियमों का पालन सुनिश्चित करने के लिए दिशा-निर्देश जारी किए हैं।

Jan 21, 2026 06:04 pm ISTNewswrap हिन्दुस्तान, भागलपुर
share Share
Follow Us on

सिमरी बख्तियारपुर, निज संवाददाता। आगामी सरस्वती पूजा को शांतिपूर्ण एवं विधि-व्यवस्था के अनुरूप संपन्न कराने को लेकर एसपी के निर्देश पर पूजा समितियों द्वारा लाइसेंस लेने की प्रक्रिया तेज कर दी गई है। बुधवार को लाइसेंस प्राप्त करने के लिए सिमरी बख्तियारपुर थाना परिसर में पूजा समिति सदस्यों की भारी भीड़ उमड़ी रही। सार्वजनिक स्थलों पर आयोजित होने वाली सरस्वती पूजा के साथ-साथ विद्यालयों में होने वाली पूजा को लेकर भी समिति सदस्य थाना पहुंचकर आवेदन कर रहे हैं। पूजा समितियों की सुविधा को देखते हुए थाना परिसर में अलग-अलग काउंटर बनाए गए हैं, जहां आवश्यक कागजात जमा किए जा रहे हैं।

प्यार से लेकर प्रमोशन तक 2026 का पूरा हाल जानें ✨अभी पढ़ें

थाना में प्रतिनियुक्त पुलिस पदाधिकारी एवं कर्मी पूजा समिति के सदस्यों को सरकार एवं जिला प्रशासन द्वारा जारी दिशा-निर्देशों की जानकारी दे रहे हैं। पुलिस द्वारा स्पष्ट किया जा रहा है कि पूजा आयोजन के दौरान डीजे पर पूर्ण प्रतिबंध, निर्धारित समय में ही कार्यक्रम संचालन, शांतिपूर्ण वातावरण, तथा नियमों के अनुसार मूर्ति विसर्जन सुनिश्चित करना अनिवार्य होगा। साथ ही, भीड़ नियंत्रण, यातायात व्यवस्था और सुरक्षा मानकों के पालन पर भी विशेष जोर दिया जा रहा है। थाना सूत्रों के अनुसार, बुधवार तक सिमरी बख्तियारपुर थाना क्षेत्र से लगभग 40 पूजा समितियों के आवेदन प्राप्त हो चुके हैं, जबकि आवेदन की संख्या में गुरुवार तक और वृद्धि होने की संभावना जताई जा रही है। प्रशासन द्वारा सभी आवेदनों की जांच के बाद नियमों के अनुरूप लाइसेंस निर्गत किया जाएगा। इस संबंध में सिमरी बख्तियारपुर थाना अध्यक्ष अमरनाथ कुमार ने बताया कि सरस्वती पूजा को शांतिपूर्ण एवं सौहार्दपूर्ण माहौल में संपन्न कराना प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है। पूजा समितियां समय पर लाइसेंस लेकर प्रशासन द्वारा जारी सभी दिशा-निर्देशों का पालन सुनिश्चित करें।