
ट्रांसफर कराए कई शिक्षकों को वेतन भुगतान नहीं
अंतिम प्रमाण पत्र अपडेट नहीं होने से परेशानी भागलपुर जिले में 1824 शिक्षकों का
भागलपुर, वरीय संवाददाता। जिले में ट्रांसफर होकर आए व दूसरी जगह गए सरकारी विद्यालयों के कई शिक्षकों का वेतन विभागीय लेटलतीफी की वजह से अटका हुआ है। वेतन अटकने की मुख्य वजह अंतिम वेतन प्रमाण पत्र यानी एलपीसी को अपडेट नहीं करना है। शिक्षा विभाग ने कई चरणों में जिले के शिक्षकों का स्थानांतरण के साथ-साथ म्युचुअल ट्रांसफर किए हैं। यहां से जाने वाले शिक्षकों का एलपीसी यहां से आउट होगा, जबकि बाहर से जिले से आए शिक्षकों का एलपीसी इन करने का काम धीमी गति से चल रहा है। जिला शिक्षा पदाधिकारी राजकुमार शर्मा के अनुसार एलपीसी को इन व आउट करने की प्रक्रिया टेक्निकल है, इसमें समय लग रहा है।

इस काम में आधा दर्जन कर्मचारियों को लगाया गया है। जल्द काम पूरा कर शिक्षकों का वेतन जारी किया जाएगा। भागलपुर जिले में 1824 शिक्षकों का स्थानांतरण हुआ है। बुधवार शाम तक 1052 शिक्षकों का एलपीसी इन करके एचआरएमएस पोर्टल पर अपलोड किया गया है। जबकि कई शिक्षकों के अभी आवेदन आ ही रहे हैं। ऐसे कई शिक्षक हैं जो ट्रांसफर के बाद जॉइनिंग तो ले ली है लेकिन एलपीसी इन आउट करने के लिए आवेदन नहीं दिया है। ऐसे शिक्षकों से जल्द आवेदन जमा करने को कहा गया है। जिले से 1057 शिक्षकों का ट्रांसफर दूसरे जिले में हुआ है। इसमें से 482 शिक्षकों का एलपीसी आउट कर दिया गया है। वहीं बिहार लोक सेवा आयोग के तीसरे चरण से जिले में 871 शिक्षक आए थे जिनमें से अब तक 731 शिक्षकों का वेतन भुगतान किया जा चुका है।

लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




