
सहरसा: सड़ी सब्जियों और मरे जानवरों से दुर्गंध, राहगीरों का चलना मुश्किल
संक्षेप: सहरसा के वीर कुंवर सिंह चौक से सदर एसडीओ आवास तक जाने वाली मुख्य सड़क की सफाई व्यवस्था बेहद खराब है। सड़क किनारे सड़ी-गली सब्जियां, कचरे और मरे जानवरों के शवों से लोग परेशान हैं। स्थानीय निवासियों का कहना है कि यह क्षेत्र व्यस्त है और सफाई न होने से बीमारियों का खतरा बढ़ गया है।
सहरसा, हमारे प्रतिनिधि। शहर की प्रमुख सड़कों में शुमार वीर कुंवर सिंह चौक से लेकर सदर एसडीओ आवास तक जाने वाली मुख्य सड़क इन दिनों बदहाल सफाई व्यवस्था के कारण लोगों के लिए परेशानी का सबब बन गई है। सड़क किनारे जगह - जगह सड़ी - गली सब्जियां, कचरे के ढेर और मरे हुए जानवरों के शव फेंके जा रहे हैं, जिससे पूरे इलाके में असहनीय दुर्गंध फैल गई है। राहगीरों का वहां से गुजरना मुश्किल हो गया है, वहीं स्थानीय लोग संक्रमण की आशंका को लेकर चिंतित हैं। स्थानीय निवासियों ने बताया कि यह इलाका शहर का व्यस्त क्षेत्र है, जहां से रोजाना सैकड़ों लोग, स्कूली बच्चे और अधिकारी गुजरते हैं।

लेकिन पिछले कई महीनों से यहां सफाई की स्थिति बेहद खराब है। आसपास के सब्जी विक्रेता और ठेला वेंडर अपनी दुकान के कचरे को सड़क किनारे फेंक देते हैं। धीरे-धीरे यह कचरा सड़कर बदबू फैलाने लगता है, जिससे पर्यावरण और स्वच्छता दोनों पर असर पड़ता है। स्थानीय दुकानदारो ने बताया सुबह से शाम तक लोग यहां से गुजरते हैं, लेकिन सड़क किनारे फैली गंदगी के कारण सभी को नाक पर रूमाल रखना पड़ता है। कई बार शिकायत करने के बाद भी नगर निगम की ओर से कोई ठोस कदम नहीं उठाया गया। इसी तरह शशिकांत झा जो रोज इसी मार्ग से ऑफिस जाते हैं ने कहा कि सड़क के दोनों ओर फैला कचरा और मरे जानवरों की दुर्गंध से बीमारियों का खतरा बढ़ गया है। उन्होंने नगर निगम से नियमित सफाई व्यवस्था सुनिश्चित करने की मांग की।

लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




