Bhagalpur News: सहरसा : जिले के सभी थानों में चाइल्ड हेल्प डेस्क स्थापित
Bhagalpur News: सहरसा से मनीष सिंह की रिपोर्ट बच्चों की सुरक्षा और उनसे जुड़ी शिकायतों के त्वरित

Bhagalpur News: सहरसा से मनीष सिंह की रिपोर्ट बच्चों की सुरक्षा और उनसे जुड़ी शिकायतों के त्वरित निष्पादन को लेकर बिहार पुलिस मुख्यालय के निर्देश के आलोक में जिले के पुलिस थाना में चाइल्ड हेल्प डेस्क की स्थापना की गई है। इसकी शुरुआत दो अक्टूबर गांधी जयंती के अवसर पर की गई है। अपर पुलिस महानिदेशक (कमजोर वर्ग), के निर्देशन में सहरसा पुलिस द्वारा जिले के सभी थानों में चाइल्ड हेल्प डेस्क की स्थापना की गई है। प्रत्येक थाने में एक पुलिस पदाधिकारी को चाइल्ड हेल्प डेस्क का नोडल पदाधिकारी बनाया गया है।नोडल पदाधिकारी बच्चों से संबंधित सभी प्रकार की समस्याओं, आवेदनों अथवा शिकायतों पर ससमय विधि-सम्मत कार्रवाई सुनिश्चित करेंगे।बच्चों
से जुड़े गुमशुदगी का मामला , बाल श्रम संबंधित मामले , बाल विवाह का मामला , पॉक्सो एक्ट, या किसी भी तरह के शोषण का बच्चे या उसके परिजन सीधे थाने के चाइल्ड हेल्प डेस्क पर अपनी बात रख सकते हैं। शिकायतों को पूरी तरह गोपनीय रखते हुए त्वरित सहायता दी जाएगी। सहरसा पुलिस द्वारा बच्चों की सुरक्षा और संरक्षण को लेकर स्थापित किए गए चाइल्ड हेल्प डेस्क का मुख्य स्लोगन है बच्चों की सुरक्षा, हमारी प्राथमिकता और ए सेफ चाइल्ड, ए ब्राइटर टुमोरो । किसी भी बच्चे को मदद की जरूरत होने पर चाइल्ड हेल्पलाइन 1098 (24x7) पर संपर्क किया जा सकता है। थाना स्तर पर बाल संरक्षण पदाधिकारी से सीधे संपर्क किया जा सकता है। इस हेल्प डेस्क का उद्देश्य मुसीबत में फंसे बच्चों , शोषण या हिंसा के शिकार बच्चों को त्वरित सहायता, परामर्श और उन्हें न्याय दिलाना है। हेल्प डेस्क पर बच्चे और उनके अभिभावक अपनी समस्या बता सकते हैं । उनकी बातें गोपनीय रहेगी। उन्हें सलाह, मार्गदर्शन और आवश्यक सहायता मिलेगी। पुलिस ने आम लोगों से अपील की है बच्चों की सुनें, बच्चों पर विश्वास करें, बच्चों के साथ खड़े हों। सभी थानों में बाल सहायता डेस्क पर अलग से पुलिसकर्मियों की तैनाती की गई है। लड़कियों की शिकायतों के लिए महिला पुलिसकर्मी लगाई गई हैं। चाइल्ड हेल्प डेस्क पर बच्चों और उनके अभिभावकों की शिकायतों और सहायता मागें जाने पर के निर्धारित समय सीमा में कार्रवाई की जाएगी।सभी शिकायतों और कार्रवाई का उचित रिकार्ड भी रखा जाएगा। सभी जगह फ्लेक्स एवं साइन बोर्ड पर संबंधित पदाधिकारियों के मोबाइल नंबर भी लिखे गए हैं, जिसे 24 घंटे सक्रिय रखने का निर्देश दिया गया है।


