छात्राओं की सुरक्षा के लिए ‘अभया ब्रिगेड’ तैयार, मनचलों पर होगी तुरंत कार्रवाई

छात्राओं की सुरक्षा के लिए ‘अभया ब्रिगेड’ तैयार, मनचलों पर होगी तुरंत कार्रवाई

संक्षेप:

बिहार में छात्राओं की सुरक्षा के लिए 'अभया ब्रिगेड' का गठन हुआ है। यह विशेष महिला पुलिस टीम रोज स्कूल-कॉलेज में जाकर फीडबैक लेगी और सादे लिबास में निगरानी करेगी। छेड़खानी करने वालों पर ऑन स्पॉट कार्रवाई और गिरफ्तारी होगी।

Dec 11, 2025 09:44 am ISTNewswrap हिन्दुस्तान, भागलपुर
share

बिहार के स्कूल और कॉलेजों में छात्राओं की सुरक्षा बढ़ाने के लिए राज्य के गृह विभाग और डीजीपी ने सभी थाना क्षेत्रों में रोजाना जागरूकता और निगरानी अभियान चलाने का निर्देश दिया है। डिप्टी सीएम सह गृहमंत्री ने खुद वरिष्ठ पुलिस अधीक्षकों से बात कर यह सुनिश्चित करने को कहा है कि शैक्षणिक संस्थानों के अंदर और बाहर सुरक्षा कड़ी की जाए। इसी क्रम में, भागलपुर समेत अन्य जिलों में बुधवार से इसकी शुरुआत कर दी गई है। भागलपुर के एसएसपी ने इस विशेष अभियान की जिम्मेदारी नगर पुलिस अधीक्षक को सौंपी है और उनके नेतृत्व में 'अभया ब्रिगेड' नाम की एक विशेष टीम बनाई गई है, जिसमें खास तौर पर महिला पुलिसकर्मियों को शामिल किया गया है।

LiveHindustan को अपना पसंदीदा Google न्यूज़ सोर्स बनाएं – यहां क्लिक करें।

यह टीम रोजाना स्कूल-कॉलेज का दौरा करेगी और खुलने-बंद होने के समय आसपास के माहौल पर पैनी नजर रखेगी। टीम का मुख्य काम केवल औपचारिक दौरा करना नहीं, बल्कि छात्राओं से गोपनीयता के साथ सीधा संवाद करके उनकी समस्याओं और सुरक्षा संबंधी चिंताओं पर फीडबैक लेना है। इस फीडबैक के आधार पर ही संबंधित थाने के पुलिस अधिकारियों की जवाबदेही तय होगी। इसके साथ ही, मनचलों और शोहदों पर लगाम कसने के लिए सादे लिबास में महिला पुलिसकर्मी तैनात की जाएंगी, जो भीड़ में छिपकर असामाजिक तत्वों पर नजर रखेंगी।

एसएसपी ने साफ निर्देश दिया है कि यदि कोई व्यक्ति छात्राओं से छेड़खानी या अभद्र व्यवहार करता पाया जाता है, तो उस पर ऑन स्पॉट कानूनी कार्रवाई की जाए, जिसमें तत्काल गिरफ्तारी भी शामिल है। टीम छात्राओं को साइबर अपराध से बचने और सोशल मीडिया पर अपनी तस्वीरें अपलोड न करने जैसी जरूरी जानकारियां भी दे रही है।