
25 लाख के मोबाइल उड़ा ले गए चोर, दुकान का शटर तोड़कर की वारदात
कटिहार के हवाई अड्डा चौक के पास एक मोबाइल दुकान में चोरों ने बीती रात लाखों का सामान चुरा लिया। दुकानदार ने बताया कि चोरों ने 25 लाख रुपए से अधिक के मोबाइल फोन चुराए और सीसीटीवी कैमरों के तार भी काट दिए। पुलिस ने जांच शुरू कर दी है और सुरक्षा बढ़ाने की मांग की जा रही है।
थाना क्षेत्र के हवाई अड्डा चौक के पास स्थित एक मोबाइल दुकान में बीती रात चोरों ने भीषण चोरी की वारदात को अंजाम देकर पूरे इलाके में सनसनी फैला दी। नाका नंबर दो से मात्र 200 मीटर की दूरी पर स्थित इस दुकान का शटर तोड़कर चोरों ने भीतर प्रवेश किया और महंगे मोबाइल फोन समेत लाखों का सामान साफ कर दिया। चोरी की यह घटना देर रात तब सामने आई जब सुबह दुकान खोलने पहुंचे दुकानदार ने टूटा हुआ शटर और खाली शो-केस देख हक्का-बक्का रह गया। दुकानदार बिट्टू ने बताया कि चोरों ने भीतर रखे लगभग 25 लाख रुपए से अधिक मूल्य के नए मोबाइल फोन चोरी कर लिए हैं।

दुकान में लगे सीसीटीवी कैमरों के तार को भी क्षतिग्रस्त कर दिया गया है, जिससे अनुमान लगाया जा रहा है कि चोरी की घटना पूरी तैयारी और प्लानिंग के साथ की गई। उन्होंने बताया कि देर रात दुकान बंद कर वह घर चले गए थे, लेकिन सुबह पहुंचते ही घटना का खुलासा हुआ। सूचना मिलते ही सहायक थाना अध्यक्ष आनंद कुमार अपनी टीम के साथ मौके पर पहुंचे और जांच-पड़ताल शुरू कर दी। पुलिस ने शटर तोड़े जाने के तरीके, दुकान के अंदर- बाहर के निशान समेत आसपास लगे सीसीटीवी फुटेज को खंगालना शुरू कर दिया है।
फोरेंसिक टीम को भी मौके पर बुलाया गया है ताकि चोरों के संबंध में कुछ सुराग मिल सके। स्थानीय लोगों का कहना है कि हवाई अड्डा चौक तथा नाका नंबर दो के आसपास देर रात पुलिस गश्ती कम देखने को मिलती है, जिसका फायदा चोरों ने उठाया होगा। लगातार बढ़ रही चोरी की घटनाओं से क्षेत्र में दहशत का माहौल है। पुलिस अधिकारियों ने बताया कि जांच तेज गति से की जा रही है और जल्द ही आरोपितों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।

लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




