Bhagalpur News: नये साल से विक्रमशिला सेतु पर सभी गाड़ियां चलेंगी : सीएम
Bhagalpur News: बोले- जलस्तर घट रहा है, एक अक्टूबर से खुलेगा बेली ब्रिज 31 दिसंबर तक

Bhagalpur News: भागलपुर, मुख्य संवाददाता। मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने कहा कि विक्रमशिला सेतु पर नये साल से सभी गाड़ियां पहले की तरह चलने लगेंगी। गंगा का जलस्तर कम हो रहा है। एक अक्टूबर से बेली ब्रिज को खोलने का काम शुरू होगा। 31 दिसंबर तक स्थायी स्लैब ढालने का काम पूरा कर लिया जाएगा। सेतु पर आवागमन बाधित होने के बाद नदी मार्ग से यातायात बहाली होगी। इसके लिए जिला प्रशासन द्वारा जहाज और नावों की सुरक्षात्मक व्यवस्था की जाएगी। सीएम ने यह जानकारी पॉलिटेक्निक कॉलेज मैदान में पत्रकारों से बातचीत में दी। मुख्यमंत्री ने कहा कि पहले बनाये गए शेड्यूल के मुताबिक 30 नवंबर तक काम पूरा कर लेना था।
लेकिन गंगा के जलस्तर में अप्रत्याशित बढ़ोतरी के कारण शेड्यूल बदलना पड़ा। पुल का स्लैब गिरने के बाद बीआरओ की मदद से बेली ब्रिज बनाकर यातायात बहाल किया गया। इससे छोटी गाड़ियां, बाइक और हजारों पैदल यात्रियों को सहूलियत हुई। बेली ब्रिज पर बड़ी गाड़ियों की आवाजाही नहीं हो रही है। इसलिए क्षतिग्रस्त स्लैबों की मरम्मत के बाद जनवरी से पूर्व की तरह पुल पर गाड़ियां चलने लगेंगी। उल्लेखनीय है कि बेली ब्रिज खोलकर पुनर्स्थापन का काम जब शुरू होगा उस वक्त त्योहारी सीजन (दुर्गा पूजा, दिवाली और छठ) परवान पर रहेगा।बता दें कि चार मई की मध्य रात भागलपुर की ओर का एक स्लैब टूटकर नदी में गिर गया था। जिससे सेतु पर आवागमन अवरुद्ध हो गया था। उस वक्त तात्कालिक व्यवस्था के लिए जहाज और नावों का परिचालन कराया गया था। पहले निर्धारित शुल्क के साथ यात्रियों को नदी पार कराया गया लेकिन सीएम के निर्देश के बाद मुफ्त परिचालन कराया गया। सीएम की पहल पर ही रक्षा मंत्रालय ने बीआरओ को यहां बेली ब्रिज बनाने को कहा। बीआरओ ने चार बेली ब्रिज का इंस्टालेशन कर अस्थायी रूप से आवागमन बहाल किया।

