
बोले भागलपुर: इशाकचक शीतला स्थान रोड में जलापूर्ति हो और सड़क बने
भागलपुर के शीतला स्थान रोड मोहल्ले में लोगों को मूलभूत सुविधाओं का अभाव है। नगर निगम द्वारा जलापूर्ति, सफाई, और शिक्षा की व्यवस्था नहीं की गई है। जर्जर सड़कें और नाले की खराब स्थिति के कारण लोगों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। स्थानीय निवासियों ने प्रशासन से सुधार की मांग की है।
शहरी क्षेत्र के दक्षिण में वार्ड 47 का शीतला स्थान रोड मोहल्ला है। यह भागलपुर नगर निगम और सबौर प्रखंड की सीमा पर स्थित है। मोहल्ले के लोगों को मूलभूत सुविधाएं नहीं मिल रही हैं। लोगों का कहना है कि आज तक नगर निगम द्वारा जलापूर्ति की व्यवस्था नहीं की गयी है। नाला की स्थिति भी अच्छी नहीं है। सभी पोल पर स्ट्रीट लाइट नहीं है। सड़क जर्जर हो चुकी है। मोहल्ले में स्कूल नहीं होने से बच्चों को पढ़ने के लिए दूर जाना पड़ता है।
इशाकचक शीतला स्थान रोड में करीब 100 परिवार रहते हैं। अधिकांश लोग नौकरी पेशा से जुड़े हैं। शीतल स्थान रोड से पूरब और दक्षिण में सबौर प्रखंड का लालूचक अंगारी गांव है। मोहल्ले की सड़क जर्जर हो चुकी है। भोलानाथ पुल पर फ्लाईओवर के निर्माण के चलते मोहल्ले की सड़क पर वाहनों का लोड बढ़ गया है। इसी रास्ते गुमटी नम्बर 12 होते हुए लोग शहरी क्षेत्र में जा रहे हैं। जर्जर सड़क के चलते वाहनों के आवागमन में परेशानी होती है। आज तक नगर निगम से मोहल्ले में जलापूर्ति की व्यवस्था नहीं की गयी है। मोहल्ले के लोगों का कहना है कि निजी बोरिंग या दूर से पानी ढोकर लाना पड़ता है। बुडको का पाइप बिछा हुआ है। लेकिन जलापूर्ति शुरू नहीं की गयी है। नगर निगम का बोरिंग या प्याऊ की भी व्यवस्था नहीं है। सफाई नहीं होने के चलते नाला जाम रहता है। कूड़ेदान की व्यवस्था नहीं होने से लोग दूसरे की जमीन पर कूड़ा फेंकते हैं। सफाईकर्मी भी मोहल्ले में नियमित नहीं आते हैं।
मोहल्ले के श्याम सुंदर पांडेय ने बताया कि सबसे बड़ी समस्या जलापूर्ति है। अभी तक मोहल्ले में पानी आपूर्ति की कोई व्यवस्था नगर निगम द्वारा नहीं की गयी है। बोरिंग और प्याऊ की व्यवस्था नहीं है। बुडको पाइप बिछाकर छोड़ दिया है। लोगों को दूर से पानी ढोकर या दूसरे से मांगकर काम चलाना पड़ता है। सफाई नहीं होने से नाला जाम रहता है। नाला का अधिकांश ढक्कन टूट गया है। बारिश होने पर ओवरफ्लो होकर नाला का गंदा पानी सड़क पर बहने लगता है। कूड़ेदान नहीं रहने के चलते लोग सड़क किनारे कूड़ा फेंकते हैं। सड़क जर्जर हो चुकी है। भोलानाथ फ्लाईओवर का निर्माण कार्य चलने के कारण शीतला स्थान रोड में वाहनों का लोड बढ़ गया है।
उपेन्द्र मंडल ने बताया कि कूड़ा उठाने के लिए सफाईकर्मी नियमित नहीं आते हैं। डस्टबिन की व्यवस्था नहीं है। लोग सड़क किनारे दूसरे की जमीन पर कूड़ा फेंकते हैं। मोहल्ले में जलापूर्ति की कोई व्यवस्था नहीं की गयी है। कोई सरकारी स्कूल नहीं है। छोटे बच्चों को वार्ड 48 में या 12 नम्बर गुमटी पार करके पढ़ने जाना पड़ता है। स्कूल जाने में बच्चों को परेशानी होती है। मोहल्ले में एक स्कूल की व्यवस्था होनी चाहिए। शीतला स्थान रोड या आसपास में स्वास्थ्य केन्द्र नहीं है। मरीज को इलाज कराने के लिए सदर अस्पताल भागलपुर या मायागंज अस्पताल जाना पड़ता है। मोहल्ले में एक अस्पताल की व्यवस्था होनी चाहिए। ताकि लोगों का प्राथमिक उपचार हो सके। सामुदायिक भवन नहीं रहने से कार्यक्रम करने में परेशानी होती है। अधिकांश गरीब परिवारों को प्रधानमंत्री आवास योजना (शहरी क्षेत्र) का लाभ नहीं मिला है। सर्वे कराकर योग्य परिवारों को योजना का लाभ दिलाना चाहिए। नाला की सफाई नहीं होने से गंदा पानी सड़क पर बहता है।
रेखा देवी ने बताया कि राशन कार्ड पहले बना था। खो जाने के बाद अनाज नहीं मिल रहा है। कई बार आवेदन देने के बाद भी कार्ड नहीं बन पाया है। प्रधानमंत्री आवास योजना का लाभ गरीब परिवारों को नहीं मिलता है। प्रशासन को मोहल्ले में शिविर लगाकर गरीब परिवारों को सरकार की योजनाओं का लाभ दिलाना चाहिए। रोजगार नहीं मिलने से मजदूरी कर परिवार का भरण-पोषण कर रहे हैं। जलापूर्ति की व्यवस्था नहीं रहने से परेशानी हो रही है। सरकार को रोजगार की व्यवस्था करनी चाहिए।
श्याम प्रसाद सिंह ने बताया कि नगर निगम टैक्स तो ले रहा है। लेकिन सुविधाएं नहीं दे रहा है। रोज मोहल्ले में सफाईकर्मी नहीं आते हैं। पीने के लिए पानी खरीदना पड़ता है। नाला की स्थिति अच्छी नहीं है। सड़क जर्जर हो चुकी है। मजार के पास पोल टूटकर लटक रहा है। कभी भी हादसा हो सकता है। टूटे पोल को तत्काल बदलने की जरूरत है। अपराजिता सिंह ने बताया कि मोहल्ले में सफाई नहीं होती है। डस्टबिन नहीं रहने से लोग इधर-उधर कूड़ा फेंकते हैं। स्ट्रीट लाइट नहीं रहने से रात में चलने में परेशानी होती है।
कंचन पांडेय ने बताया कि शहरी क्षेत्र में सरकार से महिलाओं को रोजगार के लिए राशि नहीं दी गयी है। जिन महिलाओं को राशि नहीं मिली है। बिहार सरकार सभी महिलाओं को राशि का भुगतान करे। ताकि महिलाएं रोजगार कर परिवार का भरण-पोषण कर सके। विजय शंकर ने बताया कि पानी संकट का समाधान नगर निगम को करना चाहिए। दूसरों से मांगकर काम चलाना पड़ता है। मोहल्ले में सरकारी स्कूल और स्वास्थ्य केन्द्र की व्यवस्था होनी चाहिए। अमर पांडेय ने बताया कि नगर निगम द्वारा आज तक मोहल्ले में जलापूर्ति की व्यवस्था नहीं की गयी है। बुडको द्वारा पाइप बिछाकर छोड़ दिया गया है। रेलवे लाइन पार कर बच्चों को स्कूल जाना पड़ता है। सड़क और नाला का निर्माण कराना चाहिए।
बोले जिम्मेदार
इशाकचक शीतला स्थान रोड में नाला और सड़क का निर्माण कराया जाएगा। टेंडर हो चुका है। जल्द ही निर्माण कार्य शुरू होगा। बुडको द्वारा जलापूर्ति के लिए मोहल्ले में पाइप बिछाया गया है। जल्द ही जलापूर्ति शुरू होने की उम्मीद है। जगह उपलब्ध रहने पर एक प्याऊ लगाया जाएगा। सफाई के लिए सभी मोहल्लों में सफाईकर्मियों को भेजा जाता है। इशाकचक शीतला स्थान रोड में भी सफाई कराने की व्यवस्था होगी। मोहल्ले की अन्य समस्याओं का भी समाधान किया जाएगा।
-नासरीन बेगम, पार्षद, वार्ड 47, नगर निगम, भागलपुर।
बातचीत
सड़क के दोनों तरफ नाला का निर्माण कराया जाय। एक तरफ नाला निर्माण हुआ है। लेकिन सफाई नहीं होने से नाला जाम हो जाता है। बारिश होने पर नाला का पानी ओवर फ्लो हो जाता है। मोहल्ले में पानी आपूर्ति सुनिश्चित हो।
-श्याम सुंदर पाण्डेय
बुडको द्वारा कई वर्ष पूर्व पानी आपूर्ति के लिए पाइपलाइन बिछाई गई है। लेकिन अभी तक घर-घर जलापूर्ति शुरू नहीं हो सकी है। कूड़ा फेंकने के लिए डस्टबिन की व्यवस्था नहीं है। सड़क किनारे कचरा फेंकना पड़ता है।
-उपेन्द्र मंडल
सरकार से राशि अब तक महिलाओं के खाता में नहीं आया है। महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाकर स्वरोजगार से जोड़ा जाय। सरकार जरूरी प्रशिक्षण और आर्थिक सहायता उपलब्ध कराये। घरेलू महिलाओं को रोजगार से जोड़ा जाय।
-सरस्वती पाण्डेय
बारिश में जलजमाव से काफी परेशानी होती है। सड़क पर चलना मुश्किल हो जाता है। बिजली के सभी पोल पर स्ट्रीट लाइट लगाई जाय। कचरा फेंकने के लिए नगर निगम द्वारा कूड़ेदान की व्यवस्था नहीं है। कूड़ेदान की व्यवस्था हो।
-अल्पना देवी
इशाकचक शीतला स्थान रोड में काफी दिन से बिजली का खंभा टूटा हुआ है। बिजली विभाग द्वारा नया पोल लगाया जाय। रोशनी के लिए सभी पोल में स्ट्रीट लाइट की व्यवस्था हो। सड़क के दोनों तरफ ढक्कन समेत नाला बने।
-सुनिता देवी
सफाई व्यवस्था ठीक नहीं है। इशाकचक शीतला स्थान रोड में पानी की कोई सुविधा नहीं है। बुडको की पाइपलाइन बिछाने के बावजूद जलापूर्ति शुरू नहीं हुई है। प्याऊ का निर्माण नहीं कराया गया है। पानी का संकट है।
-पेजी कुमारी
पानी की समस्या के कारण काफी दिक्कत होती है। पड़ोसियों के निजी बोरिंग या दूर से ढोकर पानी लाना पड़ता है। कई जगहों पर पाइपलाइन बिछाई गई है, लेकिन पानी नहीं आता है। टूटी सड़क से आवागमन में परेशानी होती है।
-नाजमा
इशाकचक शीतला स्थान रोड के आसपास विद्यालय की व्यवस्था नहीं होने से बच्चों को दूर के स्कूल में पढ़ने के लिए जाने में परेशानी होती है। इलाके में विद्यालय का निर्माण कराया जाय। पाइपलाइन से जलापूर्ति शुरू हो।
-श्याम प्रसाद सिंह
कई जरूरतमंदों को वृद्धा पेंशन का लाभ नहीं मिल रहा है। राशन कार्ड में कई सदस्यों का नाम नहीं रहने से अनाज नहीं मिलता है। कई जगहों पर पानी की पाइपलाइन भी नहीं बिछाई गई है। जलापूर्ति भी शुरू नहीं की गयी है।
-ममता देवी
शीतला स्थान रोड का निर्माण काफी पहले हुआ था। सड़क टूटकर जर्जर हो चुकी है। जिससे आवागमन में असुविधा होती है। सड़क के एक तरफ नाला का निर्माण हुआ था। सफाई नहीं होने से नाला जाम हो जाता है।
-रेखा देवी
इशाकचक शीतला स्थान रोड में नाला की सफाई नहीं होती है। नाला जाम होने से पानी निकासी में परेशानी होती है। बारिश में शहर के कई इलाके का पानी नाला से ओवरफ्लो होकर निचले इलाके में जमा हो जाता है।
-कंचन कुमारी
खेती कर अपना और परिवार का भरण पोषण करते हैं। पति की मृत्यु के बाद प्रधानमंत्री किसान सम्मान योजना का लाभ मिलना बंद हो गया। नाम परिवर्तन कर पति की जगह उनके खाते में राशि ट्रांसफर करने की व्यवस्था हो।
-उषा देवी
सामुदायिक भवन की व्यवस्था नहीं है। जरूरतमंद परिवार को शादी या अन्य कार्यक्रम के आयोजन में परेशानी होती है। सामुदायिक भवन का निर्माण कराया जाय। स्वास्थ्य केंद्र नहीं होने से इलाज के लिए दूर जाना पड़ता है।
-लैला
पानी की व्यवस्था नहीं होने के कारण इशाकचक शीतला स्थान रोड और आसपास के परिवारों को पानी ढोकर लाना पड़ता है। सप्लाई वाटर की व्यवस्था नहीं है। पाइपलाइन बिछाने के बावजूद पानी नहीं आ रहा है।
-अमर पाण्डेय
सरकार की किसी योजना का लाभ लोगों को नहीं मिल रहा है। सड़क और नाला जर्जर है। नाला की सफाई नहीं होती है। सड़क के दोनों तरफ नाला बनवाया जाय। पानी की सुविधा नहीं है। निजी बोरिंग से काम चलाना पड़ता है।
-अपराजिता सिंह
सड़क टूटी होने से आवागमन में दिक्कत होती है। बारिश के दिनों में सड़क और नाला की हालत और बदतर हो जाती है। स्कूल- कॉलेज जाने वाले छात्र -छात्राओं को काफी असुविधा होती है। पाइपलाइन कई जगहों पर टूट गई है।
-आयुष पाण्डेय
समस्या
1. इशाकचक शीतला स्थान रोड में पानी की सुविधा नहीं होने से लोग निजी बोरिंग या दूर से पानी ढोकर लाते है। पाइपलाइन से जलापूर्ति शुरू नहीं हुई है।
2. इशाकचक शीतला स्थान रोड का वर्षों से निर्माण नहीं होने से लोगों को आवागमन में दिक्कत होती है। जलजमाव से कई बार लोग गिरकर घायल हो जाते हैं।
3. वार्ड नंबर 47 इशाकचक शीतला स्थान रोड में नाला का ढक्कन टूटा है। सफाई के अभाव में नाला जाम होने से बारिश के पानी से जलजमाव की स्थिति हो जाती है।
4. कचरा फेंकने के लिए इशाकचक शीतला स्थान रोड में कूड़ेदान की कोई व्यवस्था नहीं है। नियमित कूड़ा उठाव नहीं होता है। सड़क किनारे कचरा जमा हो जाता है।
5. शीतला स्थान रोड में बिजली के अधिकतर पोल पर स्ट्रीट लाइट की व्यवस्था नहीं है। 11 हजार वोल्ट का तार काफी नीचे से गुजरने से हादसे का डर रहता है।
सुझाव
1. वार्ड 47 के इशाकचक शीतला स्थान रोड में पानी की सुविधा के लिए पाइपलाइन से घर-घर जलापूर्ति शुरू कराई जाय। प्याऊ और डीप बोरिंग की व्यवस्था हो।
2. नगर निगम प्रशासन जर्जर पड़े इशाकचक शीतला स्थान रोड का जल्द निर्माण कराये। ताकि स्थानीय लोगों एवं इस रास्ते से गुजरने वाली आबादी को सुविधा हो।
3. इशाकचक शीतला स्थान रोड में ढक्कन समेत जर्जर नाला का निर्माण कराया जाय। सड़क के दोनों तरफ नाला निर्माण हो। निगम नाला की सफाई सुनिश्चित कराये।
4. कूड़ा फेंकने के लिए इशाकचक शीतला स्थान रोड में कूड़ेदान की व्यवस्था हो। नियमित झाड़ू लगाने और कूड़ा उठाव की व्यवस्था सुनिश्चित हो।
5. बिजली के सभी पोल पर स्ट्रीट लाइट की व्यवस्था हो। शीतला स्थान रोड में काफी नीचे से गुजरा 11 हजार वोल्ट के तार की ऊंचाई बढ़ाई जाय।
प्रस्तुति: वीरेन्द्र कुमार, रविशंकर, फोटोग्राफ: कान्तेश

लेखक के बारे में
Yogendra Raiलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




