बरहपुरा पूरब टोला में पानी, सड़क और नाला की व्यवस्था हो
भागलपुर के बरहपुरा पूरब टोला में लगभग 500 परिवार रहते हैं, जिन्हें मूलभूत सुविधाओं की कमी का सामना करना पड़ रहा है। यहां सड़क, नाला और जलापूर्ति की व्यवस्था नहीं है। लोग बारिश के दौरान कीचड़ में फंस...
भागलपुर। बरहपुरा पूरब टोला में करीब पांच सौ परिवार रहते हैं। अधिकांश लोग छोटे-छोटे कारोबार कर परिवार का भरण-पोषण करते हैं। 20-25 साल से लोग यहां मकान बनाकर रह रहे हैं। लेकिन अभी तक सुविधा के नाम पर लोगों को कुछ नहीं मिला है। घर के नाला का पानी दूसरे की जमीन पर जमा होता है। सड़क नहीं होने से मरीजों को गोद में लेकर मुख्य सड़क तक जाना पड़ता है। लोगों का कहना है कि बांस और पेड़ में तार बांधकर काम चलाना पड़ रहा है। अभी तक कई गलियों में जलापूर्ति के लिए बुडको द्वारा पाइप नहीं बिछाया गया है।

बारिश होने पर घर से निकलना मुश्किल हो जाता है। नगर निगम को सड़क, नाला, पानी निकासी, जलापूर्ति आदि की व्यवस्था करनी चाहिए। चुनाव के समय जनप्रतिनिधि सभी समस्याओं का समाधान करने का आश्वासन देते हैं। लेकिन बाद में किसी समस्या का समाधान नहीं करते हैं। मो. शाकीर खान ने बताया कि बरहपुरा पूरब टोला में वह 1992 से मकान बनाकर परिवार के साथ रह रहे हैं। मोहल्ले में पांच सौ से अधिक परिवार रहते हैं। वार्ड 33 का यह बड़ा मोहल्ला है। लेकिन सुविधा के नाम पर यहां के लोगों को कुछ भी नहीं मिल रहा है। पूरे मोहल्ले में सड़क और नाला नहीं है। पगडंडी होकर लोग आवागमन करते हैं। बारिश होने पर घर से बाहर निकलना मुश्किल हो जाता है। कीचड़ में लोगों को आना-जाना पड़ता है। पार्षद से शिकायत करने पर बताया जाता है कि नगर निगम से फंड नहीं मिल रहा है। नाला नहीं बनने से घर का गंदा पानी दूसरे की जमीन पर बहता है। पानी बहने को लेकर कई बार विवाद भी हो जाता है। कुछ लोगों ने घर के आगे गड्ढा बना लिया है। बारिश होने पर नाला का गंदा पानी मोहल्ले में बहता है। जलापूर्ति की कोई व्यवस्था नहीं है। कुछ लोगों के घरों में निजी बोरिंग है। उससे पानी मांगकर काम चलाना पड़ता है। बिजली बिल को लेकर कई बार लोग पानी देने से इंकार कर देते हैं। पीने के लिए पानी खरीदना पड़ता है। बुडको द्वारा अधिकांश जगहों पर पाइप बिछाया गया है। लेकिन जलापूर्ति शुरू नहीं की गयी है। बरहपुरा में अस्पताल नहीं रहने से लोगों को काफी परेशानी होती है। रात में किसी के बीमार पड़ने पर सदर अस्पताल भागलपुर या मायागंज अस्पताल ले जाना पड़ता है। सड़क नहीं होने के चलते एम्बुलेंस मोहल्ले में नहीं आ पाती है। बरहपुरा में कम-से-कम एक स्वास्थ्य केन्द्र होना चाहिए। मोहल्ले में कई जगहों पर बिजली का पोल नहीं है। दूर से लोग बांस का पेड़ के सहारे तार खींचकर काम चला रहे हैं। स्ट्रीट लाइट नहीं होने के चलते रात में बाहर निकलना मुश्किल हो जाता है। नगर निगम को इस मोहल्ले में सड़क, नाला और पानी आदि की व्यवस्था करनी चाहिए। मो. मुन्ना ने बताया कि मोहल्ले में सफाई करने के लिए सफाईकर्मी नहीं आते हैं। कूड़ेदान की व्यवस्था नहीं है। लोग इधर-उधर कूड़ा फेंक रहे हैं। पर्व-त्योहार में भी नगर निगम द्वारा सफाई नहीं करायी जाती है। जलापूर्ति की व्यवस्था नहीं रहने से दूसरे के घर से ढोकर पानी लाना पड़ता है। मोहल्ले में कोई सरकारी स्कूल नहीं है। छोटे बच्चों को पढ़ने के लिए दूसरे मोहल्ले में जाना पड़ता है। सड़क नहीं रहने से बारिश होने पर बच्चों को स्कूल जाने में परेशानी होती है। मोहल्ले में एक सरकारी स्कूल होना चाहिए। नाला नहीं रहने के चलते घर के सामने गड्ढा खोदना पड़ा है। दूसरे की जमीन पर गंदा पानी जाने पर लोग झगड़ा करने लगते हैं। दो पहिया वाहन को छोड़कर कोई वाहन मोहल्ले में नहीं आता है। मो. मंजर हुसैन ने बताया कि मोहल्ले में सड़क नहीं रहने के चलते एम्बुलेंस और ठेला तक नहीं आ पाता है। मरीज को अस्पताल ले जाने में परेशानी होती है। गोद में मरीज को लेकर मुख्य सड़क तक जाना पड़ता है। आंगनबाड़ी केन्द्र दूसरे मोहल्ले में होने के चलते बच्चों को परेशानी होती है। मोहल्ले में एक स्वास्थ्य केन्द्र होना चाहिए, ताकि किसी भी समय प्राथमिक उपचार की सुविधा लोगों को मिल सके। बुडको द्वारा सभी जगहों पर पाइप नहीं बिछाया गया है। उनके घर तक जलापूर्ति के लिए पाइप नहीं आया है। बरहपुरा में एक हाईस्कूल होना चाहिए। मो. याबर ने बताया कि दिव्यांग होने के चलते मुख्य सड़क तक जाने में परेशानी होती है। मोहल्ले में सड़क का निर्माण होना चाहिए, ताकि वाहनों का आवागमन हो सके। बिजली बिल अधिक लगने के डर से लोग पानी देने से भी इंकार कर देते हैं। पानी दूसरे के यहां से ढोकर लाना पड़ता है। मो. पिन्टू ने बताया कि वह 15 साल से परिवार के साथ मोहल्ले में रह रहे हैं। नगर निगम शहरी क्षेत्र का टैक्स तो लेता है। लेकिन सुविधा कुछ भी नहीं दे रहा है। पानी संकट के चलते लोगों को काफी परेशानी हो रही है। मो. शमीम सिद्दिकी ने बताया कि वह पांच साल से मोहल्ले में रह रहे हैं। लेकिन सुविधा के नाम पर कुछ भी नहीं मिल रहा है। पानी निकासी की व्यवस्था नहीं होने से परेशानी होती है। रिटायर शिक्षक मुश्ताक अहमद ने बताया कि वह 20 साल से इस मोहल्ले में रह रहे हैं। बिजली का पोल नहीं रहने से लोग दूर से तार खींचकर घर तक लाए हैं। कभी भी कोई हादसा हो सकता है। अधिकांश गलियों में पोल नहीं है। पोल के साथ स्ट्रीट लाइट की व्यवस्था होनी चाहिए। वार्ड 33 के पार्षद प्रतिनिधि मो. बंटी अली ने बताया कि वार्ड में होल्डिंग से हिसाब से सफाईकर्मी नहीं मिला है। चार हजार होल्डिंग है। कम-से-कम 40 सफाईकर्मी मिलना चाहिए। नगर निगम से 27 सफाईकर्मी दिया गया है। लेकिन उसमें से 10-11 सफाईकर्मी ही आते हैं। इसके चलते वार्ड में सफाई नहीं हो पाती है। कूड़े के उठाव की व्यवस्था नहीं है। इसकी शिकायत विभागीय मंत्री के अलावा आयुक्त, डीएम, मेयर, नगर आयुक्त आदि से की गई। बोर्ड की बैठक में भी इस मामला को उठाया गया है। लेकिन समस्या का समाधान नहीं हो रहा है। इस वार्ड की कई योजनाओं के लिए पूर्व में राशि नगर निगम को मिली थी। लेकिन उसे दूसरे वार्ड में भेज दिया गया। जलमीनार बनने पर पानी की समस्या का समाधान होगा। हाई स्कूल के लिए पत्रचार किया गया है। जमीन नहीं रहने के चलते अस्पताल नहीं बन पाया है। वार्ड में सामुदायिक शौचालय और सामुदायिक भवन का निर्माण होना चाहिए। बहुत सी गलियों का अभी तक पक्कीकरण नहीं हुआ है। बोले जिम्मेदार नगर निगम क्षेत्र के कई मोहल्लों में सड़क और नाला की समस्या है। उसके निर्माण के लिए योजनाओं को स्वीकृत किया जा रहा है। बरहपुरा की कई योजनाओं को नगर निगम बोर्ड की बैठक में लिया गया है। इसमें सड़क और नाला भी शामिल है। बरहपुरा में जलमीनार निर्माण की बाधाएं दूर हो गई हैं। जलमीनार का निर्माण होने पर बरहपुरा पूरब टोला में पानी का संकट दूर हो जाएगा। मोहल्ले में सड़क और नाला का भी निर्माण कराया जाएगा। स्ट्रीट लाइट की व्यवस्था हर वार्ड में की जा रही है। डॉ. बसुंधरा लाल, मेयर, नगर निगम, भागलपुर इनकी भी सुनिए 1. बरहपुरा पूरब टोला विकास से पूरी तरह से पिछड़ा हुआ है। सड़क, नाला, जलापूर्ति और बिजली आपूर्ति की व्यवस्था बदहाल है। बड़ी आबादी में तत्काल दो प्याऊ लगाया जाय। इलाके में पाइपलाइन बिछाकर जलापूर्ति सुनिश्चित हो। बंटी अली, पार्षद प्रतिनिधि 2. शारीरिक रूप से दिव्यांग हैं। बारिश होने पर जर्जर कच्ची सड़क पर चलने में समस्या होती है। बारिश और जलजमाव के समय घर से निकलना मुश्किल हो जाता है। निकलने पर कई बार गिरकर घायल हो गये हैं। सड़क का निर्माण होना चाहिए। मो. याबर 3. इलाके में हजारों की आबादी निवास करती है। लेकिन पानी की निकासी की व्यवस्था नहीं है। जिसके कारण हमेशा जलजमाव की समस्या बनी रहती है। कच्ची सड़क और गढ्ढे में कई दिनों तक पानी जमा रहता है। सफिना खातून 4. गरीब और मजदूर वर्ग के लोगों की बड़ी आबादी वाले सैयदवाली गली पूरब टोला में अधिकतर परिवार आर्थिक रूप से कमजोर हैं। पानी की सुविधा के लिए सभी लोग निजी बोंरिंग नहीं करा सकते हैं। पाइपलाइन से जलापूर्ति सुनिश्चित हो। साजदा बेगम 5. वर्षों से इस इलाके में रह रहे हैं। लेकिन आज तक सड़क का निर्माण नहीं किया गया। पूरब टोला और आसपास का इलाका विकास से पूरी तरह से वंचित है। नगर निगम द्वारा सड़क और नाला निर्माण कराया जाय। मो. अलाउद्दीन 6. सैयदवाली गली और पूरब टोला में नाला का निर्माण नहीं होने से पानी की निकासी की व्यवस्था नहीं है। इससे रास्ते पर जलजमाव और कीचड़ रहता है। इलाके के लोगों को आने-जाने में काफी दिक्कत होती है। नगर निगम को इसकी व्यवस्था करनी चाहिए। मो. मुन्ना 7. बिजली का कनेक्शन लेने में काफी लंबा तार लग जाता है। लो वोल्टेज की समस्या के कारण परेशानी होती है। पोल पर स्ट्रीट लाइट की व्यवस्था नहीं है। शाम होने के बाद आवागमन में काफी दिक्कत होती है। अजमती 8. जर्जर सड़क और एंबुलेंस या किसी गाड़ी के आने की व्यवस्था नहीं होने के कारण बीमार पड़ने पर मरीज को इलाज के लिए गोद में उठाकर मुख्य सड़क तक जाना पड़ता है। सड़क, नाला निर्माण और स्वास्थ्य केंद्र की व्यवस्था हो। मो. मंजर हसन 9. बरहपुरा पूरब टोला और सैयदवाली गली में बिजली के पोल की जरूरत है। पूरे इलाके में पोल लगाकर उसमें कवर तार लगवाया जाय। काफी दूर से पोल पर निजी तार खींचकर घर तक कनेक्शन लेना पड़ता है। मो. साकिर खान 10. पूरब टोला में सफाई व्यवस्था बदहाल है। जिसके कारण कूड़ा और दुर्गंध से परेशानी होती है। कूड़ा फेंकने के लिए कूड़ेदान की व्यवस्था नहीं है। नगर निगम द्वारा इलाके की सफाई व्यवस्था दुरुस्त होनी चाहिए, ताकि लोगों को परेशानी नहीं हो। जुबैदा 11. स्वास्थ्य केंद्र की सुविधा नहीं होने से लोगों को बीमार पड़ने पर इलाज के लिए अस्पताल जाने में काफी दिक्कत होती है। सरकार द्वारा पूरबटोला सैयद वाली गली की बड़ी आबादी की सुविधा के लिए स्वास्थ्य केंद्र खोला जाय। मो. पिंटू 12. सड़क और नाला की व्यवस्था नहीं होने से बारिश के दिनों में घर से निकलना मुश्किल होता है। कीचड़ और जलजमाव के कारण अधिकतर बच्चों का स्कूल जाना बंद हो जाता है। छात्र-छात्रा और बुजुर्ग गिरकर घायल हो जाते हैं। मो. आसिफ 13. पूरब टोला मुन्ना बगीचा में नाला निर्माण के लिए जगह है। लेकिन अभी नाला निर्माण नहीं कराने से इस इलाके के लोगों को गंदगी और पानी के बीच में रहना पड़ता है। सरकार द्वारा मूलभूत सुविधा उपलब्ध कराई जाय। तौसिफ शेख 14. शादी-विवाह या किसी कार्यक्रम के लिए इस इलाके में सामुदायिक भवन का निर्माण नहीं कराया गया है। जिसके कारण गरीब परिवारों को परेशानी होती है। लोगों की सहूलियत के लिए सामुदायिक भवन का निर्माण कराया जाय। जुली 15. पूरब टोला सैयदवाली इलाके में आबादी के अनुसार बिजली का पोल लगाने के साथ उस पर तार लगाकर बिजली आपूर्ति सुनिश्चित हो। सभी पोल पर स्ट्रीट लाइट लगे। इमरजेंसी में अग्निशमन वाहन और एंबुलेंस नहीं आ सकती है। मो. फिरोज 16. बिजली करंट के खतरे से बचाव के लिए पर्याप्त पोल और तार के साथ पोल पर वेपर लाइट लगे। पोल पर निजी तार से कई जगहों पर बांस के सहारे बिजली कनेक्शन लेना पड़ता है। नंगा तार से आग छिटकने से कई बार दुर्घटना होने का डर लगा रहता है। बीबी जुली समस्या 1. वर्षों से सड़क निर्माण के इंतजार में इलाके के हजारों की आबादी कच्ची सड़क और गढ्ढे के बीच आवागमन को विवश हैं। एंबुलेंस और अग्निशमन वाहन मोहल्ले में नहीं आ पाता है। 2. बरहपुरा पूरब टोला इलाके में पानी की समस्या के कारण पड़ोसियों से या दूर से पानी ढोकर लाना पड़ता है। प्याऊ की व्यवस्था नहीं है। पानी की पाइपलाइन नहीं बिछाई गई है। 3. नाला का निर्माण नहीं होने से पूरब टोला इलाके में पानी निकासी की व्यवस्था नहीं है। बारिश होने पर दिव्यांग और बुजुर्ग कीचड़ में गिरकर घायल हो जाते हैं। 4. बिजली का पोल कई जगहों पर नहीं लगाया गया है। कुछ जगहों पर पोल लगने के बाद भी तार नहीं लगाया गया। जिसके कारण लोग दूर से तार खींचकर अपने घरों तक कनेक्शन लिए हैं। 5. सामुदायिक भवन और स्वास्थ्य केंद्र की सुविधा नहीं है। कई जरूरतमंद लोगों को आवास योजना और शौचालय निर्माण की राशि का लाभ नहीं मिला। घरेलू पानी गढ्ढे में जमा कर बगीचा में फेंकना पड़ता है। सुझाव 1. बरहपुरा पूरब टोला सैयदवाली इलाके में कच्ची सड़क की जगह सभी गलियों में आवागमन के लिए पक्की सड़क का निर्माण हो, ताकि एंबुलेंस और अग्निशमन वाहन आ सके। 2. नगर निगम एवं जनप्रतिनिधि के स्तर से वार्ड 33 स्थित बरहपुरा पूरब टोला और आसपास के इलाके में पानी निकासी की व्यवस्था सुनिश्चित की जाय। नाला का निर्माण हो। 3. पानी की समस्या के समाधान के लिए पूरब टोला सैयदवाली इलाके में तत्काल दो प्याऊ लगवाया जाय। सभी गली और घरों तक पाइपलाइन बिछाकर घर-घर जलापूर्ति की जाय। 4. सफाई व्यवस्था सुनिश्चित करने के लिए नगर निगम सफाईकर्मी की संख्या बढ़ाकर नियमित नाला और कूड़ा की सफाई कराए। बिजली के पोल पर तार लगाकर स्ट्रीट लाइट लगे। 5. रोजगार के साथ सामुदायिक भवन और स्वास्थ्य केंद्र की व्यवस्था हो। जरूरतमंद को आवास एवं शौचालय निर्माण योजना का लाभ मिले। जलजमाव की समस्या का समाधान हो।

लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




