Hindi NewsBihar NewsBhagalpur NewsResidents Demand Urgent Action on Electrical Hazards and Road Conditions in Bodihat Ward-21
बोले पूर्णिया : झुके बिजली पोल और तारों के जाल से मंडरा रहा खतरा

बोले पूर्णिया : झुके बिजली पोल और तारों के जाल से मंडरा रहा खतरा

संक्षेप: पूर्णिया शहर के बाड़ीहाट वार्ड - 21 में बिजली के पोल और झूलते तारों की समस्या बनी हुई है। स्थानीय लोग वर्षों से शिकायत कर रहे हैं, लेकिन कोई कार्रवाई नहीं हुई। इसके साथ ही, सड़क और सफाई की स्थिति भी गंभीर है। लोग प्रशासन से तत्काल सुधार की मांग कर रहे हैं ताकि श्रद्धालु सुरक्षित पूजा कर सकें।

Fri, 14 Nov 2025 01:11 AMNewswrap हिन्दुस्तान, भागलपुर
share Share
Follow Us on

बोले पूर्णिया : झुके बिजली पोल और तारों के जाल से मंडरा रहा खतरा

-प्रस्तुति : मुकेश कुमार श्रीवास्तव

बाड़ीहाट वार्ड - 21 की यह समस्या केवल बिजली या सड़क तक सीमित नहीं है, बल्कि यह प्रशासनिक सुस्ती का परिणाम भी है। लोगों ने वर्षों से विभागीय दरवाजे खटखटाए हैं, परंतु समाधान नहीं मिला। अब स्थानीय लोगों की अपेक्षा है कि जिला प्रशासन और नगर निगम मिलकर इस वार्ड की समस्या को प्राथमिकता दें। यदि बिजली पोल को व्यवस्थित ढंग से लगाया जाए और जर्जर सड़क की मरम्मत की जाए तो दुर्गा मंदिर के आसपास का क्षेत्र न केवल सुरक्षित होगा, बल्कि श्रद्धालु और स्थानीय लोग भयमुक्त वातावरण में जीवनयापन कर सकेंगे।

पूर्णिया शहर के बाड़ीहाट वार्ड - 21 में स्थित दुर्गा मंदिर के समीप वर्षों से बिजली के पोल और उलझे तारों की समस्या बनी हुई है। मंदिर के पास लगे पुराने और झूलते हुए बिजली के तार किसी भी वक्त बड़ी दुर्घटना को आमंत्रण दे सकते हैं। स्थानीय लोगों का कहना है कि कई बार शिकायत करने और विभागीय अधिकारियों को जानकारी देने के बावजूद अब तक इस दिशा में कोई ठोस कदम नहीं उठाया गया है। मोहल्लेवासियों के अनुसार दुर्गा मंदिर के पास लगाए गए बिजली पोल पर तार इतने उलझे हुए हैं कि कभी भी शॉर्ट सर्किट या आगजनी जैसी घटना घट सकती है। विशेषकर पूजा-पाठ के समय मंदिर में श्रद्धालुओं की भारी भीड़ रहती है, जिससे हादसे का खतरा और बढ़ जाता है। स्थानीय निवासी शिवशंकर गुप्ता ने बताया, “हम लोगों ने कई बार बिजली विभाग को लिखित और मौखिक रूप से जानकारी देने पर पोल का स्थान तो बदला गया परन्तु कुछ दिन बाद ही पोल झुक गये है जिससे पूर्व की भांति ही खतरा बना हुआ है। बिजली की समस्या को लेकर स्थानीय कारीगर भी भय के साये में काम कर रहे हैं। मरम्मत के समय उन्हें बिना सुरक्षा उपकरण के ही खतरनाक तारों को संभालना पड़ता है। कारीगरों का कहना है कि विभागीय लापरवाही की वजह से उन्हें अपनी जान जोखिम में डालकर मरम्मत करनी पड़ती है।पूर्व वार्ड पार्षद अभिमन्यु कुमार मन्नू ने बताया कि मंदिर के आसपास हर दिन सैकड़ों श्रद्धालु पूजा करने आते हैं। लटकते तारों से हर कोई डरता है। कई बार तारों में चिंगारी निकलने से मंदिर परिसर में अफरातफरी मच चुकी है। स्थानीय लोगों ने पुराने पोल को बदलकर नया पोल लगाने एवं झुके पोल को ठीक करने की मांग की है। ताकि श्रद्धालु भयमुक्त होकर पूजा कर सकें।”

सड़क व सफाई की भी समस्या

बाड़ीहाट वार्ड - 21 में केवल बिजली की ही नहीं, बल्कि सड़क और सफाई की समस्या भी गंभीर बनी हुई है। मोहल्ले की मुख्य सड़क जर्जर हालत में है। गड्ढों और उखड़े हुए पत्थरों के कारण राहगीरों को आने-जाने में कठिनाई होती है। बारिश के दौरान सड़क पर जल जमाव हो जाता है, जिससे राहगीरों को कीचड़ और गंदगी का सामना करना पड़ता है। बच्चों को स्कूल जाने में कठिनाई होती है और दोपहिया वाहन चालक अक्सर फिसलने से घायल हो जाते हैं। स्थानीय निवासी बताते है कि सड़क पर जगह-जगह पानी भरा रहता है, गंदगी की वजह से दुर्गंध फैलती है। नगर निगम के कर्मचारी कभी-कभी सफाई के नाम पर आते हैं लेकिन नियमित सफाई नहीं होती। मोहल्ले में जल निकासी की उचित व्यवस्था न होने से लोगों को हर बारिश में परेशानियों का सामना करना पड़ता है। कई घरों के सामने नाले जाम हैं जिससे गंदा पानी सड़कों पर फैल जाता है। यह स्थिति डेंगू, मलेरिया और अन्य बीमारियों को बढ़ावा दे रही है।

अबतक नहीं हुई कोई कार्रवाई

अरुण कुमार वर्मा ने बताया कि हम लोगों ने कई बार नगर आयुक्त और मेयर को आवेदन देकर सड़क व नालों की सफाई कराने की मांग की है। लेकिन अबतक कोई कार्रवाई नहीं हुई। गंदगी से छोटे बच्चे बीमार पड़ रहे हैं। स्थानीय लोगों ने जिला प्रशासन, नगर निगम और विद्युत विभाग से मिलकर इस समस्या का स्थायी समाधान निकालने की मांग की है। लोगों का कहना है कि दुर्गा मंदिर के आसपास बिजली पोल को व्यवस्थित ढंग से लगाया जाए और पुराने, झूलते हुए तारों को बदला जाए। साथ ही, सड़क मरम्मत और सफाई व्यवस्था को नियमित किया जाए ताकि आमजन को राहत मिल सके। मोहल्ला समिति के अध्यक्ष विजय सिंह ने कहा, “हम चाहते हैं कि अधिकारी केवल निरीक्षण न करें, बल्कि जल्द काम शुरू करवाएं। जब तक धरातल पर काम नहीं होगा, तब तक समस्या बनी रहेगी।

हमारी भी सुनें

बिजली पोल के तार बुरी तरह उलझे हैं। डर रहता है कि कभी भी करंट लग सकता है। कई बार शिकायत की लेकिन अधिकारी सिर्फ आश्वासन देते हैं।

- शिवशंकर

मंदिर के पास तारों का जाल लटक रहा है। बच्चों को वहां खेलने नहीं जाने देते। विभाग से कई बार कहा गया, पर कोई सुधार नहीं हुआ।

-ब्रजमोहन झा

दुकान के ऊपर से खुले तार गुजरते हैं। बारिश में चिंगारी निकलती है। कई बार लाइनमैन जान जोखिम में डालकर मरम्मत करते हैं।

-रतन गुप्ता

मोहल्ले की सड़कें जर्जर हैं और हर जगह पानी जमा रहता है। स्कूल जाने में दिक्कत होती है। नगर निगम को जल्द सफाई और मरम्मत करनी चाहिए।

- संजीत

विद्युत विभाग की लापरवाही से कभी भी बड़ा हादसा हो सकता है। दुर्गा मंदिर के पास के पोल को हटाकर व्यवस्थित लगाना आवश्यक है।

- मुकेश कुमार सिन्हा

सड़क पर पानी और कचरा जमा रहता है। अधिकारी ध्यान दें तो हालात सुधर सकते हैं। जनता को राहत की जरूरत है। इस पर कार्य हो।

- राजू कर्ण

नगर निगम की उदासीनता से लोग परेशान हैं। सफाई नहीं होने से मच्छर और बदबू से बीमारियां फैल रही हैं। कार्रवाई करनी चाहिए।

-अरुण

गली में जलजमाव और कीचड़ की वजह से निकलना मुश्किल होता है। गंदा पानी घरों में घुस जाता है। नियमित सफाई और नाला निर्माण करना चाहिए।

- ओमप्रकाश

बिजली पोल की स्थिति बहुत खराब है।तारों का उलझाव खतरनाक है। कई बार शिकायत दी, पर अब तक कोइ्र कार्रवाई नहीं हुई।

-संजय चौधरी

हर बार आश्वासन मिलता है लेकिन सुधार नहीं होता। पहले सफाई दुरुस्त करें, फिर बिजली पोल ठीक कराएं। करंट का डर बना रहता है।

- डा. एके. भट्टाचार्य

मोहल्ले में अंधेरे और गंदगी का माहौल है। सड़क पर पानी और कचरा जमा रहता है। अधिकारी ध्यान दें तो हालात सुधर सकते हैं।

-अभिमन्यु कुमार मन्नू

नगर निगम की उदासीनता से लोग परेशान हैं। सफाई नहीं होने से मच्छर और बदबू से बीमारियां फैल रही हैं। कार्रवाई करनी चाहिए।

- जावेद

हम रोज काम पर जाते हैं, लेकिन गली में पानी और कीचड़ से गुजरना मुश्किल होता है। बिजली के तारों से डर लगता है। जिम्मेदार लोग सिर्फ देखने आते हैं, करते कुछ नहीं। इसके कारण लोगों में आक्रोश बढ़ता जा रहा है।

- संजय कुमार श्रीवास्तव

यह समस्या कई सालों से चली आ रही है। अगर समय रहते सुधार नहीं हुआ तो कोई बड़ा हादसा हो सकता है। हम प्रशासन से तत्काल कदम उठाने की मांग करते हैं। नहीं तो हादसा होने पर उसकी जिम्मेदारी प्रशासन की होगी।

- नवीन कुमार सिंह

मोहल्ले में सफाई की स्थिति बहुत खराब है। जगह-जगह कचरा और बदबू से लोग परेशान हैं। नगर आयुक्त को यहां विशेष सफाई अभियान चलाना चाहिए। जिससे लोगों को राहत मिल सके। नहीं तो लोग मच्छर से परेशान रहेंगे।

- दिलीप कुमार चौधरी

बारिश के समय बिजली के पोल के पास खड़ा होना खतरे से खाली नहीं है। कई बार स्पार्क होते देखा है। अधिकारी सिर्फ जांच की बात कहकर टाल देते हैं। ठोस कार्रवाई जरूरी है। अन्याथा कभी भी कोई बड़ा हादसा हो सकता है।

- सरोज कुमार श्रीवास्तव

बोले जिम्मेदार

सड़क, सफाई और जलजमाव की समस्या का शीघ्र समाधान किया जाएगा। नगर निगम नागरिकों को बेहतर सुविधा उपलब्ध कराने के लिए प्रतिबद्ध है। संबंधित विभागों को निर्देश दिए गए हैं कि क्षेत्र में सफाई व्यवस्था मजबूत करें, जल निकासी की निरंतर निगरानी करें और सड़कों की मरम्मत समय पर सुनिश्चित करें।

-कुमार मंगलम, नगर आयुक्त, पूर्णिया

शिकायत

1. बिजली पोल पर तारों का अत्यधिक जाल और अव्यवस्थित ढंग से जुड़ाव होने के कारण बड़ी दुर्घटना की संभावना बनी हुई है।

2. मोहल्ले के लोगों द्वारा कई बार विद्युत कार्यपालक अभियंता से मुलाकात कर समस्या बताने के बावजूद सिर्फ आश्वासन मिला हैै।

3. बाड़ीहाट वार्ड की मुख्य सड़कों की स्थिति अत्यंत खराब है।

4. वार्ड के विभिन्न हिस्सों में नियमित सफाई नहीं की जाती।

5. हल्की बारिश में भी गलियों में पानी भर जाता है।

सुझाव

1. पोल को व्यवस्थित ढंग से मंदिर के सामने शिफ्ट किया जाए।

2. उलझे व जर्जर तारों को बदलकर नए केबल लगाए जाएं।

3. प्राथमिकता के आधार पर बाड़ीहाट की सड़कों का पुनर्निर्माण या मरम्मत करानी चाहिए।

4. कर्मचारियों की ड्यूटी तय कर प्रत्येक गली-मोहल्ले में रोजाना सफाई सुनिश्चित की जाए।

5. नालियों की सफाई और जल निकासी की उचित व्यवस्था बनाई जाए ताकि जलजमाव की समस्या से राहत मिल सके।