Rampur Khurd Panchayat Faces Severe Road and Drainage Issues बोले भागलपुर: रामपुर खुर्द की मुख्य सड़क जर्जर, बहता है नाले का पानी, Bhagalpur Hindi News - Hindustan
Hindi NewsBihar NewsBhagalpur NewsRampur Khurd Panchayat Faces Severe Road and Drainage Issues

बोले भागलपुर: रामपुर खुर्द की मुख्य सड़क जर्जर, बहता है नाले का पानी

नाथनगर के रामपुर खुर्द पंचायत में सड़क और नाले की जर्जर स्थिति से लोग परेशान हैं। मुख्य सड़क पर जलजमाव और अतिक्रमण के कारण आवागमन में कठिनाई हो रही है। स्थानीय लोग अधिकारियों से सड़क निर्माण की मांग...

Yogendra Rai हिन्दुस्तान, भागलपुरThu, 3 July 2025 06:52 PM
share Share
Follow Us on
बोले भागलपुर: रामपुर खुर्द की मुख्य सड़क जर्जर, बहता है नाले का पानी

नाथनगर नगर निगम के वार्ड चार के बगल में स्थित है रामपुर खुर्द पंचायत। नाथनगर प्रखंड का यह पंचायत वार्ड शहरी क्षेत्र से सटा हुआ है। पंचायत होकर गुजरने वाली जर्जर मुख्य सड़क पर किसी की नजर नहीं पड़ रही है। यह सड़क नाथनगर थाना के पास से रामपुर खुर्द, दरियापुर, सजौर होते हुए आगे जाती है। सड़क गड्ढों में तब्दील हो चुकी है। रामपुर खुर्द से कझिया तक सड़क पर नाले का पानी बह रहा है। गंदे पानी होकर आना-जाना लोगों की मजबूरी है। अतिक्रमण के चलते सड़क सिकुड़ चुकी है। अधिकारियों से आग्रह करने के बावजूद सड़क और नाला का निर्माण नहीं कराने से लोगों में नाराजगी है।

नाथनगर प्रखंड मुख्यालय से करीब एक किमी पश्चिम रामपुर खुर्द पंचायत में 13 वार्ड है। इसके अन्तर्गत कंझिया, महमदपुर, रामपुर, मुसहरी, पुरानी सराय, बहबलपुर और कौआटोली आदि गांव आते हैं। पंचायत की आबादी करीब 15 हजार है। पंचायत के अधिकांश लोग खेती और मजदूरी करके परिवार का भरण-पोषण करते हैं। शहरी क्षेत्र से सटे होने के चलते कुछ लोग कारोबार से भी जुड़े हुए हैं। पंचायत में सबसे बड़ी समस्या सड़क की है। नाथनगर थाना के बगल से सजौर और उसके आगे जाने वाली सड़क से करीब 50 गांव के लोगों का आवागमन होता है। सैकड़ों गाड़ियां इस सड़क होकर गुजरती हैं। नाला का पानी जमा होने के चलते यह सड़क पैदल चलने के लायक भी नहीं है। सबसे अधिक परेशानी स्कूली छात्र-छात्राओं को हो रही है। स्थानीय लोगों का कहना है कि सरकार जल्द से जल्द सड़क का निर्माण कराए।

रामपुर खुर्द पंचायत के मुखिया गौतम पासवान ने बताया कि रामपुर से सजौर की तरफ जाने वाली सड़क करीब चार साल पहले बनी है। वर्तमा्न में यह सड़क पैदल चलने लायक नहीं है। रामपुर रेलवे अंडरपास पुल से लेकर कंझिया हुलास स्थान चौक बाईपास तक सड़क पूरी तरफ टूट चुकी है। सड़क पर नाला का पानी बह रहा है। बारिश होने पर सड़क की हालत और बदतर हो जाती है। सड़क के दोनों तरफ नाला बना हुआ है। नाला जाम होने के चलते पानी सड़क पर बहता रहता है। कई जगहों पर नाला टूट गया है। नाला की ऊंचाई सड़क से अधिक होने के चलते परेशानी और बढ़ गई है। रामपुर रेलवे अंडरपास में हमेशा नाला का गंदा पानी भरा रहता है। अंडरपास में बना प्लेटफार्म की पैदल चलने के लायक नहीं रह गया है। बारिश होने पर पानी जमा होने के चलते लोगों का आना-जाना बंद हो जाता है। अंडरपास पुल के बगल में रामवती कन्या मध्य विद्यालय है। सड़क पर गंदा पानी जमा होने के चलते छात्राओं को स्कूल आने-जाने में परेशानी होती है। बारिश के दौरान सड़क पर दो फीट तक पानी जमा हो जाता है। सड़क की जमीन का आसपास के लोगों ने अतिक्रमण कर लिया है। पहले सड़क की चौड़ाई करीब 18 फीट थी। अतिक्रमण के चलते चौड़ाई घटकर करीब 12 फीट हो गयी है। नाला का भी अतिक्रमण कर लिया गया है। इसके चलते अक्सर जाम लगता है। पंचायत स्तर पर बीच -बीच में सड़क से गंदे पानी की सफाई करायी जाती है। लेकिन कुछ देर में भी नाला का पानी सड़क पर बहने लगता है। विभाग को तत्काल सड़क का निर्माण और नाला की सफाई का काम कराना चाहिए। पंचायत में जलापूर्ति की भी समस्या है। वार्ड एक, छह और सात में पानी का संकट है। अभी भी सभी घरों में पानी का कनेक्शन नहीं पहुंचा है। तीनों वार्ड में बोरिंग के लिए जगह चयनित कर लिया गया है। पंचायत में खेल मैदान बनना है। लेकिन उसके लिए जगह उपलब्ध नहीं है। प्रशासन को जमीन अधिग्रहित कर खेल मैदान बनवाना चाहिए। नगर निगम क्षेत्र से सटा पंचायत है। यहां के लोगों के लिए एक पुस्तकालय की व्यवस्था होनी चाहिए।

रामपुर खुर्द पंचायत के वार्ड पांच के पंच पिंटु कुमार सुमन ने बताया कि आसपास के 50 से अधिक गांव के लोगों का इस सड़क होकर आना-जाना रहता है। रामपुर रेलवे अंडरपास पुल से लेकर कंझिया हुलास स्थान चौक बाईपास तक लोगों को आने-जाने में काफी परेशानी होती है। सड़क पर बड़े-बड़े गड्ढे हैं। नौ जून को पंचायत के जनप्रतिनिधियों और ग्रामीणों की तरफ से डीएम को ज्ञापन दिया गया था। ज्ञापन में सड़क और नाला के जर्जर होने की जानकारी देते हुए निर्माण कराने का आग्रह किया गया है। इसके पूर्व सांसद, विधायक के अलावा अन्य अधिकारियों को भी आवेदन देकर समस्याओं का समाधान करने को कहा गया था। लेकिन अभी तक सड़क का निर्माण कार्य शुरू नहीं हुआ है। बरसात का पानी निकलने का कोई रास्ता नहीं है। जब तक सड़क को नाला से ऊंचा नहीं किया जाएगा। तब तक समस्या का समाधान नहीं हो पाएगा। अतिक्रमण हटाने से सड़क चौड़ी हो जाएगी। महमदपुर के पंकज पासवान ने बताया कि मोहल्ले में पानी का संकट है। सुबह में कुछ समय के लिए पानी चलता है। दूसरे के यहां से पानी मांगकर काम चलाना पड़ता है। एक और बोरिंग होने से परेशानी कम हो सकती है। जन वितरण प्रणाली की दुकानों से भी अनाज कम मिलता है। पूजा देवी ने बताया कि सुबह और शाम कम से कम दो घंटे पानी चलाना चाहिए। दूसरे के यहां से पानी मांगने पर कभी-कभी डांट भी सुननी पड़ती है। कारी देवी, शारदा, पूजा कुमारी आदि ने बताया कि सभी को आवास भी नहीं मिला है। राशन कार्ड के लिए कई बार आवेदन दिया। लेकिन अभी तक राशन कार्ड नहीं बना है।

बोले जिम्मेदार

रामपुर रेलवे अंडरपास पुल से लेकर कंझिया हुलास स्थान चौक बाईपास के बगल में नाला का निर्माण पंचायत स्तर से कराया गया है। पंचायत स्तर से ही नाला की सफाई कराई जाती है। नाला जाम होने के चलते गंदा पानी सड़क पर बह रहा है। इसके चलते आने-जाने वाले लोगों को अधिक परेशानी हो रही है। स्थानीय लोगों को भी जागरूक होकर नाला की नियमित सफाई करानी चाहिए। सड़क जर्जर होने की जानकारी मिली है। वह खुद जाकर सड़क का निरीक्षण करेंगे। पता लगाया जाएगा कि सड़क का निर्माण कब हुआ था। उसके बाद सड़क मरम्मत कराने का प्रयास किया जाएगा। नाथनगर थाना के पास से सजौर जाने वाली यह महत्वपूर्ण सड़क है। काफी लोगों का इस सड़क होकर आना-जाना होता है।

-प्रताप पासवान, कार्यपालक अभियंता, ग्रामीण कार्य विभाग,भागलपुर

सांसद निधि से हो बड़े नाला का निर्माण

रामपुर खुर्द पंचायत के मुखिया गौतम पासवान ने बताया कि पंचायत में सबसे बड़ी समस्या नाला निर्माण एवं नाला के पानी की निकासी है। 15 वर्ष पूर्व नाला का निर्माण हुआ था। जो काफी छोटा होने के साथ टूटकर जर्जर हो चुका है। इससे काफी परेशानी होती है। इस समस्या के निदान के लिए ग्राम विकास योजना या सांसद निधि से बड़ा नाला निर्माण कराना चाहिए। ताकि नाला का पानी सड़क पर नहीं आए। इससे ग्रामीणों के साथ राहगीरों एवं वाहन चालकों को जलजमाव से राहत मिलेगी। अतिक्रमण क्षेत्र के विकास में बड़ी बाधा बनी हुई है। रामावती स्कूल से कंझिया हुलास स्थान चौक तक करीब दो किलोमीटर नाला पर अतिक्रमण है। जिसे हटाने के लिए प्रशासन के स्तर से प्रयास किया जाना चाहिए। रामावती स्कूल से कंझिया हुलास स्थान चौक तक करीब दो किलोमीटर की सड़क और नाला निर्माण होना चाहिए है।

सड़क का निर्माण नहीं होने से परेशानी

रामपुर खुर्द वार्ड पांच के पंच पिंटू कुमार पासवान ने बताया कि सड़क का निर्माण नहीं किए जाने से ग्रामीणों के साथ आम राहगीरों को भी काफी दिक्कत होती है। रामपुर रेलवे अंडरपास पुल से लेकर कंझिया हुलास स्थान चौक बाइपास तक सड़क जर्जर है। बारिश होने पर सड़क पर करीब दो फुट बहता है। इसके कारण विद्यालय जाने में अक्सर छात्र- छात्राएं गिरकर घायल हो जाती है। कई बार देर से स्कूल पहुंचने पर पठन पाठन प्रभावित होता है। पूर्व केन्द्रीय मंत्री अश्विनी कुमार चौबे समेत कई नेता और मंत्री इस मार्ग से गुजरते हैं। इसके बावजूद इस सड़क और नाला का कायाकल्प नहीं हो सका है। सड़क और नाला का गुणवत्तापूर्ण निर्माण होने पर करीब पचास गांव के ग्रामीणों को लाभ मिलेगा।

पंचायत में जलापूर्ति की समस्या का समाधान हो

रामपुर खुर्द के अजीत कुमार पासवान ने बताया कि पानी की समस्या के कारण लोगों को काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ता है। घरेलू जरूरत के लिए दूसरे के घरों से पानी ढ़ोकर लाना पड़ता है। इसके लिए बोरिंग कराने की जरूरत है। नल- जल योजना के तहत पाइपलाइन बिछाकर पानी का कनेक्शन कर दिया गया है। लेकिन अभी तक पानी नहीं पहुंच सका है।मेहनत मजदूरी कर परिवार का भरण पोषण करते हैं। खेती में सिंचाई के लिए सरकार से कोई सुविधा नहीं मिलती है। जिसके कारण खेती प्रभावित होती है। पंचायत में पार्क की व्यवस्था होनी चाहिए। ताकि इलाके के ग्रामीण स्वास्थ्य लाभ के लिए टहल सकें। बच्चों के लिए खेल मैदान की व्यवस्था होनी चाहिए। बाढ़ प्रभावित क्षेत्र होने के कारण परेशानी और अधिक बढ़ जाती है।

कच्ची सड़क के कारण जमा हो जाता है कीचड़

सुभाष पासवान ने बताया कि कच्ची सड़क होने के कारण कीचड़ जमा हो जाता है। इससे मोहल्ले के लोगों को आने-जाने में परेशानी होती है। बारिश होने पर हालत और खराब हो जाती है। पानी की निकासी के लिए नाला का निर्माण नहीं हुआ है। सरकार को सड़क और नाला का निर्माण कराना चाहिए। ताकि जलजमाव और कीचड़ की समस्या दूर हो तथा ग्रामीणों को आवागमन में सुविधा मिले। आवास योजना का लाभ सभी योग्य लोगों को नहीं मिला है। स्मार्ट मीटर लगने के बाद बिजली बिल अधिक लगने लगा है। मजदूरी कर परिवार का भरण पोषण करने वाले के लिए मुश्किल हो गया है। बिजली बिल की गड़बड़ियों को दूर कर रेट कम किया जाय। सड़क के दोनों साइड नाला का निर्माण किया जाना चाहिए। ताकि पानी की निकासी आसानी से हो और जल जमाव की समस्या नहीं हो।

इनकी भी सुनिए

पंचायत में कई लोगों को शौचालय निर्माण के लिए राशि नहीं मिली है। महिलाओं को खुले में शौच जाने के दौरान काफी दिक्कत होती है। स्वच्छता और स्वास्थ्य को ध्यान में रखकर सरकार द्वारा रामपुर खुर्द में सामूदायिक शौचालय का निर्माण कराना चाहिए। सफाई व्यवस्था भी ठीक नहीं है।

-अशोक पासवान

रामपुर खुर्द में मूलभूत सुविधाओं का अभाव है। बच्चों को खेलने के लिए रामपुर खुर्द में खेल का मैदान नहीं होने से बच्चों को अपने खेल प्रतिभा को निखारने और प्रदर्शित करने का मौका नहीं मिल पाता है। पंचायत में खेल मैदान बनना चाहिए।

-अरूण पासवान

करीब 30 वर्ष पूर्व इंदिरा आवास का लाभ मिला था। लेकिन अब वह मकान जर्जर हो चुका है। जर्जर मकान गिरने से कभी भी बड़ा हादसा हो सकता है। पंचायत के कई लोगों को इस तरह की परेशानी है। जर्जर मकान की मरम्मति के लिए सरकार द्वारा कोई मदद नहीं मिल रही है।

-रंभा देवी

पानी के निकासी की व्यवस्था नहीं होने से नाला का पानी सड़क पर जमा हो जाता है। इसके चलते घर से सड़क पर निकलने में काफी परेशानी होती है। सरकार से वृद्धा पेंशन की सुविधा मिलनी चाहिए। ताकि घर की जरूरतों को पूरा किया जा सके।

-द्रोपदी देवी

नल जल योजना के तहत पानी की आपूर्ति सुनिश्चित होनी चाहिए। आबादी को देखते हुए रामपुर खुर्द में एक और बोरिंग कराया जाना चाहिए। जनवितरण प्रणाली विक्रेता को यूनिट के अनुसार राशन देना चाहिए। मजदूरी करके अपने परिवार का भरण पोषण करते हैं।

-चीना देवी

खेती के लिए रामपुर में सरकार की ओर से सिंचाई की व्यवस्था नहीं है, जिसके कारण किसानों को अपने खर्च से सिंचाई की व्यवस्था करनी पड़ती है। इसके चलते खेती मे खर्च अधिक होता है। सरकार को खेतों की सिंचाई के लिए पर्याप्त संख्या में बोरिंग और ट्यूबवेल का इंतजाम करना चाहिए।

-महेश मंडल

पानी की काफी परेशानी है। दूसरे घरों से ढ़ोकर पानी लाना पड़ता है। पानी का पाइपलाइन बिछाकर कनेक्शन भी घरों तक पहुंचा दिया गया है। लेकिन कम समय पानी की आपूर्ति हो रही है। पाइपलाइन बिछाने के लिए सड़क की खुदाई की गई, लेकिन जर्जर सड़क का निर्माण नहीं किया गया।

-पंकज पासवान

आवेदन देने के बाद भी अभी तक आवास योजना का लाभ नहीं मिला है। वर्तमान में बोरिंग से बहुत कम पानी मिल रहा है। इससे घर का काम नहीं हो पाया है। प्रशासन को रामपुर खुर्द में एक डीप बोरिंग या प्याऊ का निर्माण कराना चाहिए। ताकि जलापूर्ति की समस्या दूर हो और सभी घरों तक पानी पहुंच सके।

-बीना देवी

पानी की समस्या काफी बढ़ गई है। पड़ोसियों से पानी लेकर घर का काम करना पड़ता है। गर्मी में परेशानी और बढ़ जाती है। नाला छोटा होने के कारण पानी ओवर फ्लो होकर सड़क पर बहने लगता है। बारिश के दिनों में बच्चे स्कूल जाते वक्त गिर जाते हैं।

-निशा देवी

कई बार आवेदन देने के बाद भी अभी तक राशन कार्ड नहीं बना है। राशन कार्ड नहीं होने के कारण अनाज नहीं मिल रहा है। इलाज के लिए आयुष्मान कार्ड भी नहीं बन रहा है। शौचालय निर्माण की राशि भी नहीं मिली है। इसके कारण खुले में शौच के लिए जाना पड़ता है।

-विशाखा देवी

जलस्तर नीचे चले जाने के कारण इस इलाके में चापाकल में पानी नहीं आता है। बोरिंग होने के बाद भी पानी नहीं मिल पाता है। गर्मी के दिनों में और अधिक दिक्कत हो रही है। फिलहाल दूसरे के घरों से पानी लेकर काम चलाना पड़ रहा है। कई बार लोग अपने निजी बोरिंग से पानी देने से मना कर देते हैं।

-शबनम देवी

रामपुर खुर्द पंचायत के पासवान टोला की कई गलियों में सड़क और नाला नहीं बना है। इसके कारण आवागमन में परेशानी होती हैँ। कई बार ग्रामीण गिरकर घायल हो जाते हैं। नाला नहीं होने के कारण पानी की निकासी नहीं हो पाती है। सड़क पर जल जमाव हो जाता है।

-कविता देवी

शिकायतें

1. सड़क से नाला ऊंचा होने के कारण पानी सड़क पर जमा हो जाता है। इसके कारण ग्रामीणों और राहगीरों को आवागमन में काफी दिक्कत होती है।

2. मुख्य सड़क जर्जर होने के कारण जगह-जगह गड्ढा बन गया है। सड़क पर जलजमाव के कारण अक्सर छोटे बच्चे, बड़े और महिलाएं गिरकर चोटिल हो जाती हैं। इसके चलते जाम भी लगता है।

3. रामपुर खुर्द पंचायत के पासवान टोला की कई गलियों में सड़क और नाला नहीं बना है। कच्ची सड़क के कारण आवागमन में परेशानी होती है। कई बार ग्रामीण गिरकर घायल हो जाते हैं।

4. गर्मी के दिनों में जलस्तर घटने के कारण रामपुर खुर्द के अधिकतर चापाकल में पानी नहीं आ रहा है। जल नल योजना के तहत बोरिंग होने के बाद भी पानी नहीं मिल रहा है।

5. रामपुर खुर्द समेत करीब 50 गांवों के लोगों का मुख्य सड़क से आना-जाना होता है। सड़क और नाला जर्जर हालत में है। जलजमाव और गड्ढा के कारण आवागमन में दिक्कत होती है।

सुझाव

1. पानी की निकासी के लिए सरकार या सांसद निधि से बड़े नाला और आवागमन के लिए सड़क का निर्माण किया जाय। ताकि जलजमाव और कीचड़ की समस्या दूर हो सके।

2. प्रशासन द्वारा सड़क और नाला से अतिक्रमण हटाने के लिए कार्रवाई करनी चाहिए। ताकि सड़क पर यातायात सुगम हो और बड़े वाहनों का आवागमन ठीक ढंग से हो सके।

3. नल जल योजना के तहत पाइपलाइन बिछाकर पानी का कनेक्शन भी कर दिया गया है। सभी घरों तक जलापूर्ति सुनिश्चित होनी चाहिए। आबादी के अनुसार एक और बोरिंग की जरूरत है।

4. रामपुर खुर्द में मजदूर वर्ग के लोगों की संख्या अधिक है। जिनके पास रोजगार का साधन नहीं है। इसके लिए सरकार द्वारा रोजगार मुहैया कराना चाहिए। महिलाओं के लिए स्वरोजगार की व्यवस्था हो।

5. रामपुर खुर्द में खेल मैदान के साथ टहलने के लिए पार्क का निर्माण कराया जाना चाहिए। खेल मैदान बनने से बच्चों की प्रतिभा निखारने में मदद मिलेगी। ग्रामीणों का स्वास्थ्य लाभ होगा।

प्रस्तुति: वीरेन्द्र कुमार, रविशंकर, सर्वेश,फोटोग्राफ: संजीव

लेटेस्ट   Hindi News ,    बॉलीवुड न्यूज,   बिजनेस न्यूज,   टेक ,   ऑटो,   करियर , और   राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।