कटिहार : पूर्वोत्तर सीमांत रेलवे के महाप्रबंधक विशेष ट्रेन से कटिहार पहुंचे

Jan 12, 2026 05:55 pm ISTNewswrap हिन्दुस्तान, भागलपुर
share Share
Follow Us on

कटिहार में पूर्वोत्तर सीमांत रेलवे के महाप्रबंधक चेतन कुमार श्रीवास्तव ने विशेष निरीक्षण ट्रेन से स्टेशन का दौरा किया। उन्होंने साफ-सफाई, संरचनात्मक रखरखाव और यात्री सुविधाओं पर ध्यान दिया। अगले दो दिनों में वे कई प्रमुख स्टेशनों का निरीक्षण करेंगे और यात्रियों की सुविधाओं में सुधार के लिए आवश्यक कदम उठाएंगे।

कटिहार : पूर्वोत्तर सीमांत रेलवे के महाप्रबंधक विशेष ट्रेन से कटिहार पहुंचे

कटिहार, एक संवाददाता। पूर्वोत्तर सीमांत रेलवे के महाप्रबंधक चेतन कुमार श्रीवास्तव सोमवार को अपने निर्धारित समय से करीब दो घंटे विलंब से विशेष निरीक्षण ट्रेन से कटिहार स्टेशन पहुंचे। उनके आगमन पर कटिहार रेल मंडल के डीआरएम किरेन्द्र नरह, एडीआरएम मनोज कुमार सिंह, सीनियर डीसीएम अनूप कुमार सिंह, डीसीएम संगीता मीणा, एसीएम कुमार जितेंद्र सहित विभिन्न विभागों के वरीय अधिकारियों ने उनका स्वागत किया। स्टेशन पर कुछ देर ठहरने के बाद महाप्रबंधक ने गौशाला स्थित रेलवे गोल्फ मैदान का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने साफ-सफाई, संरचनात्मक रखरखाव, सुरक्षा व्यवस्था और यात्री सुविधाओं से जुड़े कई बिंदुओं पर अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए।

निरीक्षण के क्रम में उन्होंने कार्यों की गुणवत्ता और समयबद्ध निष्पादन पर विशेष जोर दिया। रेल प्रशासन से मिली जानकारी के अनुसार, महाप्रबंधक इसके बाद कटिहार स्टेशन का निरीक्षण कर कटिहार–मालदा रेलखंड के रास्ते बालूरघाट के लिए रवाना होंगे। अपने दो दिवसीय दौरे के दौरान वे कटिहार रेल मंडल के अंतर्गत बारसोई–राधिकापुर खंड, सिलीगुड़ी, किशनगंज, न्यू जलपाईगुड़ी सहित कई महत्वपूर्ण स्टेशनों का निरीक्षण करेंगे। निरीक्षण विशेष ट्रेन के माध्यम से विभिन्न स्टेशनों पर रुककर परिचालन, संरक्षा, वाणिज्य, सिग्नल व टेलीकॉम तथा रखरखाव से जुड़े कार्यों की समीक्षा की जाएगी। सीनियर डीसीएम अनूप कुमार सिंह ने बताया कि महाप्रबंधक अपने दौरे में मंडल की प्रमुख योजनाओं की प्रगति की समीक्षा करेंगे। साथ ही अमृत भारत स्टेशन योजना के तहत पुनर्विकासाधीन स्टेशनों पर चल रहे कार्यों का भी जायजा लिया जाएगा। निरीक्षण के दौरान यात्रियों की सुविधाओं, प्लेटफॉर्म विकास, प्रतीक्षालय, प्रकाश व्यवस्था, शौचालय, पेयजल, पार्किंग और पहुंच सुविधाओं को बेहतर बनाने पर विशेष फोकस रहेगा। रेल अधिकारियों का कहना है कि इस निरीक्षण से मंडल के कार्यों में तेजी आएगी और यात्रियों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने की दिशा में ठोस कदम उठाए जाएंगे।

Hindustan

लेखक के बारे में

Hindustan
हिन्दुस्तान भारत का प्रतिष्ठित समाचार पत्र है। इस पेज पर आप उन खबरों को पढ़ रहे हैं, जिनकी रिपोर्टिंग अखबार के रिपोर्टरों ने की है। और पढ़ें

लेटेस्ट   Hindi News ,    बॉलीवुड न्यूज,   बिजनेस न्यूज,   टेक ,   ऑटो,   करियर , और   राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।

;;;