
अररिया : बिहार में ब्यूरोक्रेट्स,अमित साह और नरेंद्र मोदी चलाते हैं सरकार : राहुल गांधी
कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने अररिया में चुनावी सभा में मोदी सरकार पर हमला किया। उन्होंने कहा कि बिहार में असली जंगल राज दिल्ली में है और नीतीश कुमार केवल एक मोहरा हैं। उन्होंने युवाओं की मेहनत की तारीफ की और महागठबंधन की सरकार बनने पर रोजगार, शिक्षा और स्वास्थ्य का वादा किया।
अररिया, निज संवाददाता। कांग्रेस नेता व लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी गुरुवार को अररिया शहर के आजाद एकेडमी मैदान में चुनावी सभा को संबोधित करते हुए कहा कि बिहार में नीतीश जी नहीं, ब्यूरोक्रेट्स अमित साह और नरेंद्र मोदी सरकार चला रहे हैं। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी नफरत बांटना जानते हैं। हिन्दुस्तान की जनता को भाइयों से भाई से एक जात से दूसरे जात को लड़ाना जानते हैं। उनका एक ही लक्ष्य है अंबानी-अडानी को फायदा पहुंचाना। नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी ने कहा कि नीतीश जी जंगल राज की बात करते हैं, जबकि असली जंगल राज दिल्ली में है। पूरे बिहार के लोग जानते हैं कि नीतीश जी यहां सरकार नहीं चलाते हैं, ब्यूरोक्रेट्स व अमित साह, नरेंद्र मोदी बिहार की सरकार चला रहे हैं।
अमित साह ने कहा कि बिहार में उद्योग के लिए जमीन नहीं है। जबकि अडानी के लिए एक रुपये एकड़ में जमीन उपलब्ध कराया गया। राहुल गांधी ने वह जहां भी जाते हैं हर प्रदेश में बिहार के युवा मिलते हैं। लद्दाख में हमने फटी हुई शर्ट पहने बिहार के युवा को सड़क बनाते देखा। आप जहां भी जाओ फ्लाईओवर, पुल-पुलिया बड़ी-बड़ी इमारते बिहार के युवा बनाते हैं। 21वीं सदी का शहर बिहार के मेहनत के बगैर नहीं बन सकता। उन्होंने सवाल करते हुए कहा कि क्या आप मजदूरी करने से खुश हो? क्या बिहार का भविष्य मजदूर बनने का है? यहां मेहनती युवा हैं, यहां के युवा डॉक्टर, इंजीनियर प्रोफेसर नहीं बन सकते क्या? यह वही प्रदेश है जहां नालंदा यूनिवर्सिटी हुआ करता था। विदेश से छात्र नालंदा यूनिवर्सिटी शिक्षा ग्रहण करने आते थे। आज भी आते हैं लेकिन टूरिस्ट बनकर आते हैं। यह बिहार का इतिहास है। उन्होंने कहा कि महागठबंधन की सरकार बिहार में बनेगी, बनेगा ही तो दुनिया का सबसे बेहतर यूनिवर्सिटी बिहार में खोलेंगे। पूरी सर्किट से जोड़कर बिहार को पर्यटन का हब बनाएंगे। मखाना उगाने वालें में मेहनत करने वाले को भरपूर लाभ मिलेगा। फूड प्रोसेसिंग, पैकेजिंग की व्यवस्था की जाएगी। कांग्रेस पार्टी व महागठबंधन की सरकार बनेगी तो रोजगार, शिक्षा,स्वास्थ्य की बात होगी। बिहार में इंग्लिश मीडियम का सरकारी स्कूल खोलने का काम करेंगे। राहुल गांधी ने संबोधन के दौरान ही वोट चोर गद्दी छोड़कर नारा दिया। उन्होंने कहा कि उत्तर प्रदेश, हरियाणा, महाराष्ट्र छत्तीसगढ़, मध्यप्रदेश में वोट चोरी हुई। हम सब की जिम्मेदारी है कि बिहार में वोट चोरी को रोकना है। उन्होंने कहा कि बिहार की जनता डरती नहीं है। यहां की जनता वोट चोरी करने वालों को रोकने का काम करेगी। राहुल गांधी ने कहा कि नफरत के बाजार में मोहब्बत की दुकान खोलने आए हैं। यह देश सबका है। सभा को कांग्रेस प्रत्याशी आबिदुर रहमान,पूर्णिया सांसद पप्पू यादव ने भी संबोधित किया। सभा की अध्यक्षता कांग्रेस जिला अध्यक्ष शाद अहमद ने की। मंच पर फारबिसगंज के कांग्रेस प्रत्याशी मनोज विश्वास सहित महागठबंधन के कई नेता मौजूद थे।

लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




