पूर्णिया : जंग की वजह से पेट्रोल खत्म होने के साथ दाम बढ़ने की अफवाह

Mar 05, 2026 04:57 pm ISTNewswrap हिन्दुस्तान, भागलपुर
share

पूर्णिया में युद्ध के कारण पेट्रोलियम आपूर्ति खत्म होने की अफवाह फैलने पर पेट्रोल पंपों पर भीड़ लग गई। लोग जल्दी पेट्रोल-डीजल लेने के लिए जद्दोजहद करने लगे। कई पंपों पर तेल खत्म हो गया। हालांकि, एरिया मैनेजर ने बताया कि कोई कमी नहीं है और आपूर्ति सामान्य बनी रहेगी।

पूर्णिया : जंग की वजह से पेट्रोल खत्म होने के साथ दाम बढ़ने की अफवाह

पूर्णिया पूर्व, एक संवाददाता। जंग की वजह से पेट्रोलियम पदार्थों के खत्म होने के डर के साथ दाम बढ़ने की अफवाह के कारण पूर्णिया शहर से लेकर प्रखंड के पेट्रोल पंपों पर भीड़ उमड़ पड़ी। पंपों पर वाहनों की लंबी कतार लग गयी। जल्दी पेट्रोल लेने के लिए जद्दोजहद शुरू हो गयी। पंप कर्मियों के साथ गरमागरमी भी हुई। पूर्णिया पूर्व प्रखंड सहित जिले के विभिन्न क्षेत्र के कई पेट्रोल पंपों पर अचानक भारी भीड़ लग गई। कई जगहों पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया और कुछ पेट्रोल पंपों पर दोपहर तक तेल खत्म हो गया। बुधवार की रात सोशल मीडिया के जरिए यह अफवाह फैल गई कि खाड़ी देशों में चल रहे युद्ध के कारण तेल की सप्लाई बंद हो सकती है।

इस खबर के फैलते ही लोगों में घबराहट फैल गई और गुरुवार सुबह से ही लोग पेट्रोल-डीजल लेने के लिए पंपों पर पहुंचने लगे। पूर्णिया पूर्व प्रखंड क्षेत्र के महेंद्रपुर, अंदेली, परमानंदपुर, मंझेली, दीवानगंज सहित आसपास के कई पेट्रोल पंपों पर सुबह से ही वाहनों की लंबी कतार लग गई। कई जगहों पर लोगों ने अपने वाहनों की टंकी फुल कराने के साथ-साथ ड्रम और डिब्बों में भी तेल भरकर ले गए। पेट्रोल पंप पर मौजूद ग्राहक मो. पप्पू, मो. ताहीर, मो. फरीद, दीना यादव और रविन्द्र मंडल ने बताया कि उन्हें खबर मिली थी कि पेट्रोल-डीजल नहीं मिलने वाला है। इसी कारण उन्होंने अपने वाहनों की टंकी फूल करा ली और ड्रम में भी तेल भर लिया, ताकि कुछ दिनों तक परेशानी न हो। वहीं किसान राजेन्द्र यादव, पाठक यादव, प्रमोद मंडल, मो. बब्लू, मो. अताबूल और मो. एनामुल ने बताया कि वे लोग मखाना की खेती के लिए पंपसेट का इस्तेमाल करते हैं। सूचना मिलने के बाद उन्होंने भी डीजल का ड्रम भर लिया, ताकि खेत की पटवन में कोई दिक्कत न हो। महेन्द्रपुर स्थित शिव शंभु पेट्रोल पंप के कर्मी सुनील कुमार ने बताया कि सुबह करीब चार बजे जब वे पंप पर पहुंचे, तब तक वहां पहले से ही तेल लेने वालों की भीड़ लगी हुई थी। समय के साथ भीड़ लगातार बढ़ती चली गई और दोपहर करीब 12 बजे तक पंप का तेल खत्म हो गया। इसके बाद भी कई लोग तेल लेने के लिए पंप पर पहुंचे, लेकिन उन्हें बिना तेल लिए ही वापस लौटना पड़ा। शिव शंभु पेट्रोल पंप के संचालक अनील दास एवं चौधरी फ्यूल सेंटर परमानंदपुर के संचालक दिलीप चौधरी ने बताया कि पेट्रोल-डीजल की कोई कमी नहीं है। उनके पंपों के लिए बरौनी से तेल से भरी टैंकर लोरी रवाना हो चुकी है, जो शुक्रवार सुबह तक पहुंच जाएगी। पूर्णिया जिला के एरिया मैनेजर रितेश कुमार ने बताया कि पेट्रोल-डीजल नहीं मिलने की खबर महज अफवाह है। सभी पेट्रोल पंपों पर रोज की तरह तेल उपलब्ध है और आपूर्ति सामान्य रूप से जारी रहेगी। लोगों से अफवाहों पर ध्यान नहीं देने की अपील की गई है।

Hindustan

लेखक के बारे में

Hindustan
हिन्दुस्तान भारत का प्रतिष्ठित समाचार पत्र है। इस पेज पर आप उन खबरों को पढ़ रहे हैं, जिनकी रिपोर्टिंग अखबार के रिपोर्टरों ने की है। और पढ़ें

लेटेस्ट   Hindi News ,    बॉलीवुड न्यूज,   बिजनेस न्यूज,   टेक ,   ऑटो,   करियर , और   राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।