
पूर्णिया: अनुपस्थित, स्थानान्तरित एवं मृत मतदाताओं का पुनः करें सत्यापन : प्रमंडलीय आयुक्त
पूर्णिया के आयुक्त राजेश कुमार ने निर्वाचन कार्य की गंभीरता को समझते हुए सभी बीएलओ और सुपरवाइजर को निर्देश दिया कि वे ईमानदारी से काम करें। मतदाता नाम, फोटो और सत्यापन से संबंधित कागजात को सही दर्ज...
पूर्णिया, वरीय संवाददाता। पूर्णिया प्रमंडल के आयुक्त राजेश कुमार ने कहा कि निर्वाचन कार्य एक गंभीर एवं संवेदनशील दायित्व है। इसलिए प्रत्येक बीएलओ और सुपरवाइजर को ईमानदारी और सजगता के साथ काम करना होगा। बीएलओ को विशेष रूप से सावधान करते हुए बताया गया कि नाम, फोटो और सत्यापन से संबंधित आवश्यक कागजात को सही-सही दर्ज किया जाये, ताकि फाइनल सूची में किसी प्रकार की त्रुटि न रह जाये। अनुपस्थित, स्थानान्तरित एवं मृत मतदाताओं का पुनः सत्यापन करने का निर्देश दिया गया। उन्होंने सभी बीएलओ और बीएलओ-सुपरवाइजर को अपने पास सटीक एवं अद्यतन डाटा रखने का निर्देश दिया। साथ ही यह भी कहा कि महादलित टोला का अलग-अलग डाटा तैयार कर सुरक्षित रखा जाये।

आयुक्त ने सख्त चेतावनी देते हुए कहा कि निर्वाचन सूची में त्रुटि पाए जाने पर संबंधित पदाधिकारी एवं कर्मी पर सख्त कार्रवाई की जायेगी। उन्होंने स्पष्ट किया कि नाम में किसी भी प्रकार का बदलाव केवल निर्धारित प्रक्रिया के तहत ही किया जायेगा और गलत प्रविष्टियों को सुधारने के लिए प्रपत्र-8 भरवाना अनिवार्य है। बैठक के दौरान आयुक्त ने विभिन्न विधानसभा क्षेत्रों के फॉर्म का रैंडम परीक्षण के क्रम में त्रुटियों की जांच कर सुधारने का निर्देश दिया। साथ ही साथ कहा कि बीएलओ और सुपरवाइजर मिलकर प्रारूप सूची की जांच करें और गणना प्रपत्र पंजी, गणना प्रपत्र, बीएलओ रजिस्टर आदि की प्रूफ रीडिंग अवश्य कर लें और सभी रिकार्ड को ध्यानपूर्वक दर्ज किया जाये। विशेष गहन पुनरीक्षण 2025 के क्रम में गुरुवार को आयुक्त पूर्णिया प्रमंडल पूर्णिया सह निर्वाचक सूची प्रेक्षक राजेश कुमार की अध्यक्षता में सभी निर्वाचक निबंधन पदाधिकारी, सहायक निर्वाचक निबंधन पदाधिकारी, बीएलओ पर्यवेक्षकों एवं चिन्हित बीएलओ के साथ समीक्षा बैठक का आयोजन महानंदा सभागार समाहरणालय परिसर में किया गया। समीक्षा बैठक में जिला निर्वाचन पदाधिकारी सह जिला पदाधिकारी अंशुल कुमार मौजूद रहे। आयुक्त ने सर्वोच्च न्यायालय एवं निर्वाचन विभाग के निर्देश के आलोक में सभी विनिर्दिष्ट स्थलों पर प्रकाशित अनुपस्थित, स्थानान्तरित एवं मृत (एबसेंट, शिफ्टेड एवं डेथ) मतदाताओं की सूची की भी समीक्षा की तथा निर्देश दिया गया कि उक्त एएसडी की सूची को विनिर्दिष्ट स्थलों पर प्रकाशन से संबंधित आम नागरिकों के बीच प्रचार प्रसार भी करावें ताकि मतदाताओं द्वारा उक्त सूची का अवलोकन सुगमता पूर्वक किया जा सके। बैठक में 56 अमौर विधानसभा क्षेत्र, 57 बायसी विधानसभा क्षेत्र, 58 कसबा विधानसभा क्षेत्र, 59 बनमनखी विधानसभा क्षेत्र (अ०ज०), 60 रुपौली विधानसभा क्षेत्र, 61 धमदाहा विधानसभा क्षेत्र, 62 पूर्णिया विधानसभा क्षेत्र अन्तर्गत विषेष गहन पुनरीक्षण 2025 के दौरान किये जा रहे कार्यो की विस्तृत समीक्षा की गई।

लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।


