पुलिस गश्ती बढ़ाने की उठी मांग
सनोखर थाना में जनसंवाद कार्यक्रम में एसएसपी ने सुनीं लोगों की समस्याएं पुलिस-पब्लिक के बीच

सनोखर थाना परिसर में शनिवार को जनसंवाद कार्यक्रम का आयोजन हुआ, जिसमें भागलपुर के एसएसपी प्रमोद कुमार यादव ने आमलोगों की समस्याएं सुनीं और उनके समाधान का भरोसा दिलाया। एसएसपी ने कहा कि पुलिस-पब्लिक के बीच बेहतर संबंध स्थापित करने के उद्देश्य से प्रत्येक शनिवार को थाना स्तर पर जनसंवाद कार्यक्रम आयोजित किया जा रहा है, ताकि लोगों की शिकायतों का त्वरित समाधान हो सके। कार्यक्रम में क्षेत्र से कोई बड़ी समस्या सामने नहीं आई, हालांकि पुलिस गश्ती बढ़ाने की मांग उठी। तैलोधा पंचायत के अफजलपुर गांव निवासी बमबम मंडल ने बिजली विभाग से जुड़ी शिकायत रखी। वहीं अरार पंचायत के उपमुखिया मोहम्मद अब्दुल्ला ने रमजान माह में बच्चा चोरी की अफवाहों के कारण भिखारियों के नहीं आने की बात कहते हुए जागरूकता अभियान चलाने की मांग की।
इस पर एसएसपी ने लोगों से अफवाहों पर ध्यान न देने और कानून हाथ में नहीं लेने की अपील की। उन्होंने कहा कि संदिग्ध व्यक्ति की सूचना तुरंत पुलिस को दें, अन्यथा मारपीट करने वालों पर कानूनी कार्रवाई होगी। धुआवै पंचायत के मुखिया आशिष कुमार मोनू ने थाना प्रभारी पंकज किशोर की कार्यशैली की सराहना करते हुए क्षेत्र में शांति व्यवस्था बेहतर होने की बात कही। सनोखर पंचायत के मुखिया प्रतिनिधि जयंत सिंह ने बताया कि बाजार क्षेत्र में नशाखोरी पर भी नियंत्रण हुआ है। कार्यक्रम के अंत में एसएसपी ने कानून-व्यवस्था मजबूत बनाने के लिए आमलोगों से पुलिस को सहयोग देने की अपील की।
लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।



