जनता दरबार में एसएसपी ने सुनीं लोगों की समस्याएं, त्वरित समाधान के दिए निर्देश
अकबरनगर, संवाददाता। अकबरनगर थाना परिसर में शनिवार को वरीय पुलिस अधीक्षक प्रमोद कुमार यादव के

अकबरनगर, संवाददाता। अकबरनगर थाना परिसर में शनिवार को वरीय पुलिस अधीक्षक प्रमोद कुमार यादव के नेतृत्व में जनता दरबार का आयोजन किया गया। जहां बड़ी संख्या में स्थानीय लोग पहुंचे और अपनी विभिन्न समस्याओं को एसएसपी के समक्ष रखा। एसएसपी ने सभी शिकायतों को गंभीरता से सुनते हुए उनके त्वरित और प्रभावी समाधान के लिए संबंधित पदाधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए और मामलों की नियमित निगरानी सुनिश्चित करने का आदेश दिया। जनता दरबार में लोगों ने बताया कि स्थापना काल से ही अकबरनगर थाना प्राइवेट भूमि पर संचालित हो रहा है। नए थाना भवन के निर्माण के लिए भूमि उपलब्ध नहीं होने की समस्या रखते हुए विषहरी स्थान के पीछे पीडब्ल्यूडी की जमीन पर थाना भवन निर्माण का प्रस्ताव भी रखा गया।
इसके अलावा डायल 112 की गाड़ी के लगभग एक वर्ष से खराब रहने, मोबाइल वैन की कमी तथा क्षेत्र में स्मैक, ड्रग्स और सूखा नशा के बढ़ते प्रचलन की ओर ध्यान आकृष्ट कराते हुए सख्त कार्रवाई की मांग की गई। एसएसपी ने आम जनता से संवाद करते हुए कहा कि पुलिस प्रशासन जनता की सेवा, सुरक्षा और विश्वास के लिए सदैव तत्पर है। जनसमस्याओं का समयबद्ध समाधान उनकी प्राथमिकता है। उन्होंने कहा कि नशे के खिलाफ अभियान को और तेज किया जाएगा तथा सूखा नशा बेचने वालों पर लगाम लगाने के लिए अलग से विशेष टीम गठित की जाएगी, जो लगातार कार्रवाई करेगी। मौके पर डीएसपी लॉ एंड ऑर्डर नवनीत कुमार, सर्किल इंस्पेक्टर, थाना प्रभारी राहुल कुमार, नगर पंचायत मुख्य पार्षद प्रतिनिधि अंजीत कुमार, कन्हैया झा, बोधी यादव सहित अन्य लोग मौजूद रहे। फोटो : अकबरनगर थाना परिसर में आयोजित जनता दरबार में लोगों की समस्याएं सुनते एसएसपी प्रमोद कुमार यादव।

लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




