गलगलिया में भू-माफियाओं के खिलाफ आंदोलन का ऐलान, 6 अप्रैल से चरणबद्ध प्रदर्शन शुरू
ठाकुरगंज के गलगलिया क्षेत्र में भू-माफियाओं की बढ़ती गतिविधियों और आपराधिक घटनाओं के खिलाफ जनाक्रोश सामने आया है। मुखिया प्रतिनिधि मुन्ना सिंह ने आंदोलन का ऐलान किया है, जिसमें स्थानीय विधायक से समर्थन की अपील की गई है। विरोध मार्च और धरना-प्रदर्शन की योजना बनाई गई है, यदि प्रशासन कोई ठोस कदम नहीं उठाता है तो राजधानी पटना में भी प्रदर्शन होगा।

ठाकुरगंज, निज संवाददाता। ठाकुरगंज प्रखंड के गलगलिया क्षेत्र में कथित रूप से बढ़ रही भू-माफियाओं की सक्रियता, गुंडागर्दी और आपराधिक घटनाओं के विरोध में अब जनाक्रोश खुलकर सामने आने लगा है। प्रशासन की कथित निष्क्रियता से नाराज़ मुखिया प्रतिनिधि बृज मोहन सिंह उर्फ मुन्ना सिंह ने चरणबद्ध आंदोलन का ऐलान किया है। मुन्ना सिंह ने कहा कि क्षेत्र में लगातार हो रही घटनाओं के बावजूद प्रशासन मूकदर्शक बना हुआ है, जिससे आम लोगों में भय और आक्रोश का माहौल व्याप्त है। उन्होंने स्पष्ट किया कि यह आंदोलन आम जनता की सुरक्षा और कानून व्यवस्था को दुरुस्त करने की मांग को लेकर किया जा रहा है।
उन्होंने स्थानीय विधायक गोपाल अग्रवाल से भी आंदोलन में समर्थन देने की अपील की है, ताकि क्षेत्र की समस्याओं को मजबूती से उठाया जा सके।आंदोलन की रूपरेखा साझा करते हुए मुन्ना सिंह ने बताया कि 6 अप्रैल को भातगांव पंचायत से गलगलिया थाना तक विरोध मार्च निकाला जाएगा, जिसके बाद थाना परिसर के समक्ष एक दिवसीय धरना-प्रदर्शन होगा। इस कार्यक्रम में बड़ी संख्या में स्थानीय लोगों व जनप्रतिनिधियों के शामिल होने की संभावना है।इसके बाद 7 अप्रैल को ठाकुरगंज प्रखंड मुख्यालय में धरना दिया जाएगा, जबकि 8 अप्रैल को जिला समाहरणालय के समक्ष प्रदर्शन कर प्रशासन का ध्यान आकृष्ट किया जाएगा। उन्होंने चेतावनी देते हुए कहा कि यदि इसके बावजूद भी प्रशासन द्वारा कोई ठोस कार्रवाई नहीं की गई, तो 10 अप्रैल को राजधानी पटना में व्यापक धरना-प्रदर्शन किया जाएगा। इधर, इस मुद्दे को लेकर स्थानीय राजनीति भी गर्माने लगी है। क्षेत्र में बढ़ते जनदबाव के बीच अब यह देखना दिलचस्प होगा कि प्रशासन आंदोलन से पहले कोई ठोस पहल करता है या मामला और तूल पकड़ता है।
लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।


