किशनगंज: विधायक के खिलाफ अभद्र टिप्पणी के विरोध में निकला मार्च

Mar 06, 2026 05:47 pm ISTNewswrap हिन्दुस्तान, भागलपुर
share

ठाकुरगंज में जदयू विधायक गोपाल कुमार अग्रवाल के खिलाफ सोशल मीडिया पर अभद्र टिप्पणियों के खिलाफ सैकड़ों लोगों ने विरोध मार्च निकाला। लोगों ने प्रशासन से आरोपी की शीघ्र गिरफ्तारी की मांग की और चेतावनी दी कि यदि 10 दिनों में कार्रवाई नहीं हुई, तो और बड़ा विरोध प्रदर्शन किया जाएगा।

किशनगंज:  विधायक के खिलाफ अभद्र टिप्पणी के विरोध में निकला मार्च

ठाकुरगंज। निज संवाददाता। स्थानीय जदयू विधायक गोपाल कुमार अग्रवाल के खिलाफ सोशल मीडिया पर कथित अभद्र एवं भ्रामक टिप्पणी को लेकर शुक्रवार को ठाकुरगंज में सैकड़ों लोगों ने विरोध मार्च निकालकर कड़ी नाराज़गी जताई। विरोध मार्च के बाद एक शिष्टमंडल ने आरोपी की शीघ्र गिरफ्तारी की मांग को लेकर महामहिम राज्यपाल, बिहार के नाम प्रखंड विकास पदाधिकारी, ठाकुरगंज को ज्ञापन सौंपा। सौंपे गए ज्ञापन में बताया गया कि बीते कुछ दिनों से सोशल मीडिया पर कुछ व्यक्तियों द्वारा ठाकुरगंज के विधायक गोपाल कुमार अग्रवाल के विरुद्ध लगातार भ्रामक और साम्प्रदायिक टिप्पणियां की जा रही हैं, जिससे सामाजिक सौहार्द बिगड़ने की आशंका उत्पन्न हो गई है।

ज्ञापन में उल्लेख किया गया है कि 1 मार्च 2026 को भी सोशल मीडिया पर विधायक के खिलाफ आपत्तिजनक एवं असत्य बातें प्रसारित की गईं, जो क्षेत्र में माहौल खराब करने की कोशिश है।लोगों ने कहा कि विधायक गोपाल कुमार अग्रवाल हमेशा सभी वर्गों को साथ लेकर क्षेत्र के विकास, शांति और भाईचारे के लिए कार्य करते रहे हैं। उनके खिलाफ इस प्रकार की भ्रामक और आपत्तिजनक टिप्पणियां समाज में तनाव पैदा करने का प्रयास है। ज्ञापन के माध्यम से प्रशासन से मांग की गई कि ऐसे लोगों के विरुद्ध सख्त कानूनी कार्रवाई की जाए, ताकि भविष्य में कोई भी व्यक्ति इस प्रकार की भ्रामक या साम्प्रदायिक टिप्पणी करने का दुस्साहस न कर सके। लोगों ने चेतावनी दी कि यदि 10 दिनों के भीतर उचित कार्रवाई नहीं की गई तो आगे और बड़ा विरोध प्रदर्शन किया जाएगा। वहीं इस मामले को लेकर एक अन्य समूह ने पुलिस अधीक्षक किशनगंज, अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी ठाकुरगंज तथा थाना प्रभारी ठाकुरगंज को भी आवेदन देकर आरोपी के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है। इस मौके पर ठाकुरगंज नगर पंचायत अध्यक्ष सिकंदर पटेल, समाजसेवी मो. कयूम, जिला परिषद प्रतिनिधि अहमद हुसैन, विधायक प्रतिनिधि सिराजुद्दीन, जिला विधायक प्रतिनिधि मंसूर आलम, पूर्व नगर अध्यक्ष प्रमोद चौधरी, समाजसेवी राजेश करनानी, कन्हैया लाल महतो, भाजपा नेता अनिल महराज, जदयू नेता नूर आलम, अमरजीत, मो. गुलाब समेत दर्जनों लोग मौजूद थे।

Hindustan

लेखक के बारे में

Hindustan
हिन्दुस्तान भारत का प्रतिष्ठित समाचार पत्र है। इस पेज पर आप उन खबरों को पढ़ रहे हैं, जिनकी रिपोर्टिंग अखबार के रिपोर्टरों ने की है। और पढ़ें

लेटेस्ट   Hindi News ,    बॉलीवुड न्यूज,   बिजनेस न्यूज,   टेक ,   ऑटो,   करियर , और   राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।