
लखीसराय : अपनी मांगों को लेकर सफाईकर्मियों ने किया सड़क जाम
लखीसराय में नगर परिषद के सफाई कर्मियों ने अपनी मांगों को लेकर विरोध प्रदर्शन किया। उन्होंने ठेकेदार पर मजदूरी में देरी और सुविधाओं की कमी का आरोप लगाया। प्रदर्शन के कारण सड़क जाम हो गया, जिससे यातायात...
लखीसराय, एक प्रतिनिधि। नगर परिषद के सफाई कर्मियों ने सोमवार को अपनी मांगों को लेकर केआरके मैदान के सामने मुख्य सड़क पर जमकर विरोध प्रदर्शन किया। इस दौरान महिलाओं और पुरुषों ने एकजुट होकर ठेकेदार के खिलाफ नारेबाजी की और सड़क जाम कर प्रशासन का ध्यान आकर्षित किया। सफाई कर्मियों का आरोप है कि ठेकेदार मनमाने तरीके से काम कराते हैं, लेकिन मजदूरी का भुगतान समय पर और सही तरीके से नहीं करते। साथ ही वर्दी और अन्य बुनियादी सुविधाएँ भी नहीं दी जाती हैं। प्रदर्शन में शामिल बबीता देवी, मीना देवी, संजू देवी और संजय अनुरागी समेत दर्जनों कर्मियों ने बताया कि नगर परिषद के अधीन काम करने के बावजूद उन्हें मजदूरी की राशि बहुत कम मिलती है।
उन्होंने कहा कि काम का बोझ नगर पालिका के स्थायी कर्मियों की तरह होता है, लेकिन वेतन और सुविधाएँ समान नहीं हैं। सफाई कर्मियों ने ठेकेदार पर यह भी आरोप लगाया कि कई बार महीनों तक मजदूरी रोक दी जाती है, जिससे परिवार चलाना मुश्किल हो जाता है।आक्रोशित कर्मियों ने कहा कि जब तक उनकी मांगें पूरी नहीं की जाएंगी, आंदोलन जारी रहेगा। उन्होंने सरकार से मांग की कि सफाई कर्मियों का मानदेय बढ़ाया जाए और ठेकेदार की जगह सीधे नगर परिषद के अधीन नियुक्ति की जाए, ताकि शोषण बंद हो सके। प्रदर्शन के दौरान सड़क जाम होने से यातायात पूरी तरह ठप हो गया। कई स्कूली बच्चे घंटों बसों में फंसे रहे। आधा दर्जन से अधिक स्कूल वाहनों की लंबी कतार लग गई, जिससे अभिभावक भी परेशान हो उठे। विरोध प्रदर्शन की वजह से आमजन को भी भारी कठिनाई का सामना करना पड़ा। लोग जरूरी काम के लिए निकल नहीं पाए और जाम के कारण बाजार की गतिविधियाँ भी प्रभावित हुईं। सफाई कर्मियों ने चेतावनी दी कि यदि उनकी समस्याओं का समाधान शीघ्र नहीं किया गया तो वे हड़ताल पर चले जाएंगे। उन्होंने स्पष्ट कहा कि अब वे ठेकेदार की मनमानी और शोषण बर्दाश्त नहीं करेंगे। इधर, प्रदर्शन और सड़क जाम की सूचना मिलते ही प्रशासन हरकत में आया और कर्मियों को समझाने का प्रयास किया। हालांकि सफाई कर्मी अपनी मांगों पर अड़े रहे। मौके पर पुलिस बल की भी तैनाती की गई, ताकि स्थिति नियंत्रण में बनी रहे। फिलहाल सफाई कर्मियों और प्रशासन के बीच वार्ता कि है।आंदोलन ने नगर परिषद की व्यवस्था पर भी सवाल खड़े कर दिए हैं। यदि जल्द समाधान नहीं निकला तो लखीसराय शहर की सफाई व्यवस्था ठप पड़ सकती है, जिसका असर सीधे आम लोगों की जिंदगी पर पड़ेगा।

लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




