Bhagalpur News: मालवाहक व यात्री जहाजों के परिचालन को लेकर तैयारी जोरों पर
Bhagalpur News: सबौर के बाबूपुर घाट पर काफी संख्या में मजदूर कर रहे थे काम गड्ढे

Bhagalpur News: सबौर, संवाददाता। प्रखंड क्षेत्र के बाबूपुर घाट पर मालवाहक व यात्री जहाजों के परिचालन को लेकर बुधवार को जोर-शोर से तैयारी की जा रही थी। काफी संख्या में मजदूर काम कर रहे थे और यात्रियों तथा मालवाहक वाहनों के आवागमन हेतु व्यवस्थाएं की जा रही थीं। जहाज के कर्मियों ने बताया कि घाट पर छह जहाज मौजूद हैं। जहाज तक जाने के लिए सड़क मार्ग को कंक्रीट से दुरुस्त किया गया है। लेकिन बाबूपुर मोड़ से जहाज घाट तक आने वाले रास्तों पर अतिक्रमण नहीं हटाया गया है, जिससे भारी वाहनों के आवागमन में परेशानी हो सकती है। घाट पर टिकट काउंटर बनाया जा रहा था।
छोटे-मोटे गड्ढे और कीचड़ युक्त जगह पर मिट्टी भरकर समतल किया जा रहा था। जहाज घाट के किनारे यात्री पड़ाव, जिला नियंत्रण कक्ष, जीविका दीदी की रसोई, स्वास्थ्य केंद्र और अस्थायी थाना समेत अन्य व्यवस्थाओं के लिए पंडालनुमा कैंप शिविर बनाए गए थे। स्थानीय लोग छोटी-मोटी दुकानें भी सजा रहे थे। घाट पर दो जहाज मौजूद दिखे। शिविर के ऊपर मार्किंग लाइटिंग और यात्रियों के बैठने-उठने की व्यवस्था पंडालनुमा बनाकर तैयार कर ली गई थी। मालवाहक जहाज पर भारी वाहनों को चढ़ाने हेतु गंगा घाट के किनारे पूर्व तरफ भरकर चढ़ने योग्य बनाया जा रहा था। जहाज के कर्मियों ने बताया कि तैयारी जोर-शोर से चल रही है और देर रात तक पूरी कर ली जाएगी। एक टिकट काउंटर खोला जाएगा तथा यात्रियों के आवागमन के लिए वन-वे व्यवस्था की गई है। लोग एक तरफ से प्रवेश और दूसरी तरफ से निकासी करेंगे, जिससे कोई अफरातफरी न हो।

