Hindi NewsBihar NewsBhagalpur NewsPower Outage Crisis in Bhagalpur Residents Suffer from 6-Hour Blackouts
बिजली कंपनी की अनियोजित कार्यशैली से दिनभर पूर्वी शहर रहा बेहाल

बिजली कंपनी की अनियोजित कार्यशैली से दिनभर पूर्वी शहर रहा बेहाल

संक्षेप:

एक साथ कई जगहों पर मेंटेनेंस वर्क, दो बार 33 केवी लाइन में फॉल्ट लंबी

Sep 08, 2025 04:23 am ISTNewswrap हिन्दुस्तान, भागलपुर
share Share
Follow Us on

भागलपुर, प्रधान संवाददाता। बिजली कंपनी की अनियोजित कार्यशैली के कारण रविवार को लगभग आधा शहर बिजली के लिए बेहाल रहा। किसी-किसी जगह से छह से सात घंटे बिजली गुल रही। जेल रोड, बरारी, जीरोमाइल, मायागंज, तिलकामांझी, घंटाघर, खरमनचक सहित अधिकांश इलाकों की बिजली बंद रहने से लोग उमस से परेशान थे। बिजली कंपनी के अधिकारियों ने लाइन मेंटेनेंस के लिए एक साथ तीन-तीन हाईटेंशन लाइन में शटडाउन ले रखा था। इसी बीच मायागंज और बरारी के 33 केवी लाइन में फॉल्ट आ गया। लोग बिजली के लिए तरसते रहे। सीएस-1, सीएस-2 और जेल 33 केवी फीडर में सुबह 9 से 10 बजे के बीच शटडाउन था।

प्यार से लेकर प्रमोशन तक 2026 का पूरा हाल जानें ✨अभी पढ़ें

पहले तो काम में देरी हुई, ऊपर से मायागंज पावर सबस्टेशन के 33 केवी लाइन बंद हो गई। जब तक मायागंज 33 केवी लाइन को ठीक किया गया तब तक बरारी पीएसएस की 33 केवी लाइन में फॉल्ट आ गया। नतीजा यह हुआ कि हर सेक्शन के लाइनमैंन को हाईटेंशन लाइन की मरम्मत में लगा दिया गया। इधर, लंबी कटौती के कारण जगह-जगह ट्रांसफार्मर का फेज उड़ गया तो एलटी लाइन में जंफर कट गया। उपभोक्ताओं ने फ्यूज कॉल सेंटर में कॉल किया। लेकिन फ्यूज कॉल के लिए लाइनमैन ही नहीं थे। सभी को हाईटेंशन लाइन के काम में लगा दिया गया। सिर्फ सुरखीकल मोहल्ले के एक हिस्से में चार जगहों पर जंफर कटा, तार गिरा और फेज उड़ा। पूरे दिन इस खराबी को ठीक नहीं किया जा सका। शाम में 5.30 बजे खराबी दूर हुई तो लोगों के घरों में बिजली आयी। तिलकामांझी में एसबीआई के सामने मोहल्ले में भी दिन में तीन घंटे बिजली नहीं रही। रविवार को साप्ताहिक अवकाश था, लेकिन बिजली ने इस पर पानी फेर दिया। पेड़ों की छंटाई का काम कराया गया कार्यपालक अभियंता प्रकाश कुमार झा ने बताया कि बेहतर बिजली आपूर्ति के लिए रविवार को तीन जगहों पर हाईटेंशन लाइन में शटडाउन लेकर पेड़ों की छंटाई का काम कराया गया। दुर्भाग्यवश बिजली चालू होने के बाद 33 केवी लाइन में फॉल्ट भी आ गया जिसके कारण कुछ इलाकों में बिजली बंद रही। ऐसे में सबडिवीजन स्तर पर सुनियोजित ढंग से बारी-बारी से मेंटेनेंस का निर्देश दिया गया, ताकि उपभोक्ताओं को दिक्कत न हो। फ्यूज कॉल सेंटर के कर्मचारी उपभोक्ताओं को टालते रहे तिलकामांझी सबडिवीजन के पुराने फ्यूज कॉल सेंटर में कई उपभोक्ताओं ने बिजली नहीं होने की शिकायत की। लेकिन यह कहते हुए टाल दिया गया कि यह इलाका उनके कार्यक्षेत्र में नहीं है। न किसी का नंबर दिया गया न संबंधित कॉल सेंटर को इसकी जानकारी दी गई। न्यूनतम बिजली कटौती के आदेश को अंगूठा दिख रहे इंजीनियर हाल में भागलपुर शहर में बिजली संसाधनों को दुरुस्त करने के नाम पर एक दर्जन से अधिक जगहों पर काम लगाया जा रहा है। कहीं भी क्रमानुसार काम नहीं हो रहा है। मोजाहिदपुर में एक साथ लगभग 7 से 8 जगहों पर काम कराया जा रहा है। रोज शटडाउन प्लान किया जा रहा है। पिछले दिनों इशाकचक में काम करने के दौरान एक मजदूर पर जर्जर बिजली का पोल ही गिर गया। जब तक पोल नहीं बदला गया तब तक बड़े इलाके की बिजली बंद रही। इसकी वजह से वैसे स्मार्ट मीटर में भी समस्या आ गई जिसमें उस दौरान मीटर रिचार्ज कराया गया। उपभोक्ता परेशान रहे, लेकिन बार-बार शिकायत के बाद भी बिजली सबडिवीजन स्तर से कोई कार्रवाई नहीं हुई। लोग घंटों बिजली के लिए परेशान रहे। जबकि साउथ बिहार पावर डिस्ट्रीब्यूशन कंपनी के जीएम ऑपरेशन एवं जीएम रेवेन्यू ने बकायदा पांच पहले ही पत्र देकर सभी इंजीनियर को ताकिद किया है कि बिजली संसाधनों का काम कराने के लिए या किसी तरह के मेंटेनेंस वर्क के लिए न्यूनतम बिजली कटौती के लिए शटडाउन प्लान करें। उपभोक्ताओं को लगातार बिजली कटौती का सामना नहीं करना पड़े।