चुनाव खत्म, प्रशासनिक कार्य अब पकड़ेगा जोर
भागलपुर में विधानसभा चुनाव के बाद प्रशासनिक कार्य फिर से शुरू हो गए हैं। डीएम ने प्रमुख परियोजनाओं की अपडेट रिपोर्ट मांगी है। ग्रीनफील्ड एयरपोर्ट, मेट्रो, गंगा बायपास और अन्य परियोजनाओं पर तेजी से काम शुरू होगा। नई सरकार के लिए इन योजनाओं को पास कराना चुनौती होगी।

भागलपुर, मुख्य संवाददाता। विधानसभा चुनाव खत्म होने और आचार संहिता हटने के बाद सोमवार से प्रशासनिक कार्य पटरी पर वापस लौट आयी है। अब परियोजनाओं से संबंधित कार्य जोर पकड़ेगा। इसको लेकर सोमवार को डीएम ने तमाम प्रमुख परियोजनाओं की अपडेट रिपोर्ट संबंधित विभागों से तलब की। चुनाव के चलते सारे प्रशासनिक कार्यालयों में लंबित फाइलें खुलने लगी हैं। इससे पूर्ववर्ती सरकार के समय लिए गए फैसले को मूर्त रूप मिलेगा। इस दिशा में सुल्तानगंज में प्रस्तावित ग्रीनफील्ड एयरपोर्ट के लिए जमीन अधिग्रहण का काम से लेकर गंगा बायपास, गोराडीह में इंटर स्टेट बस स्टैंड और बौंसी पुल पर आरओबी का काम बढ़ाने के लिए फाइलों की खोज-खबर शुरू होने लगी है।
जानकार बताते हैं कि इसी साल के अंत तक भागलपुर मेट्रो और वर्तमान एयरपोर्ट से छोटे हवाई जहाज को उड़ाने की योजना फाइलों से निकलेगी। नये विधायकों के समक्ष इस जनोपयोगी योजनाओं को नई सरकार से इसे पास कराना चुनौती होगी। प्राप्त जानकारी के मुताबिक एयरपोर्ट चालू कराना राज्य सरकार की पहली प्राथमिकता है। इसमें वर्तमान से उड़ान सेवा शुरू करने ओर ग्रीनफील्ड के लिए इंफ्रा डेवलप करना प्रमुख है। वर्तमान हवाई अड्डा से छोटे विमानों की सेवा शुरू करने के एयरपोर्ट अथॉरिटी ऑफ इंडिया (एएआई) की टीम द्वारा ओएलएस (बाधा परिसीमन सतह) सर्वे बाकी है। इसे जियोग्राफिकल सर्वे भी कहा जाता है। इस सतही सर्वेक्षण में हवाई अड्डा के प्रत्येक दिशा में 15 किलोमीटर सहित कुल 60 किलोमीटर तक की रिपोर्ट एएआई को सौंपी जाती है। वर्तमान में रनवे की लंबाई और चौड़ाई को लेकर भी सर्वेक्षण में ध्यान रखना है। सतही सर्वेक्षण में हवाई अड्डा के आसपास की जमीन सहित भवनों की उंचाई, हाईटेंशन तार, जलमीनार सहित अन्य स्थिति का आकलन किया जाएगा। ताकि उड़ान की तकनीकी को उसी आधार पर विकसित किया जा सके। मेट्रो चालू करने के लिए आरंभिक सर्वेक्षण पूरा भागलपुर में मेट्रो चालू करने के लिए आरंभिक सर्वेक्षण किया जा चुका है। इसकी रिपोर्ट विभाग में जमा है। अब इसके निर्माण पर होने वाले खर्च के लिए फंड और रिपोर्ट में बताई गई बाधाओं को खत्म करने की जिम्मेदारी उठानी नई सरकार की चुनौती होगी। गंगा बायपास परियोजना तो इसी वित्तीय वर्ष में आरंभ हो जाएगी। पूरी प्रक्रिया निविदा में फंसी है। चुनाव को लेकर निविदा की प्रक्रिया आगे नहीं बढ़ी थी। अब अगले सप्ताह से इस पर काम शुरू होने की संभावना है। गोराडीह में इंटरस्टेट बस स्टैंड का निर्माण और बौंसी में नये फ्लाईओवर के निर्माण की बाधा दूर करते हुए काम शुरू किया जाएगा।
लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।


