शौच के लिए गए किशोर की तालाब में डूबने से मौत
सनोखर थाना क्षेत्र के हुकमा गांव का मामला काफी खोजबीन के बाद मिला मृतक का

कहलगांव, निज प्रतिनिधि। सनोखर थाना क्षेत्र के हुकमा गांव में शौच के लिए घर से निकले एक किशोर की तालाब में डूबने से मौत हो गई। काफी प्रयास और खोजबीन के बाद ग्रामीणों ने तालाब से उसका शव बरामद किया। घटना के बाद मृतक के घर में कोहराम मच गया है, जबकि पूरे गांव में शोक की लहर दौड़ गई है। मृतक की पहचान हुकमा गांव निवासी चंदेश्वरी मंडल के 16 वर्षीय पुत्र सोनेलाल मंडल के रूप में हुई है। परिजनों के अनुसार, सोनेलाल शौच के लिए तालाब किनारे गया था। आशंका जताई जा रही है कि हाथ-मुंह धोने के दौरान उसका पैर फिसल गया और वह तालाब में गिरकर डूब गया।
काफी देर तक घर नहीं लौटने पर परिजनों ने उसकी तलाश शुरू की। आसपास खोजबीन के बावजूद जब उसका कोई पता नहीं चला तो ग्रामीणों की मदद से तालाब में खोज अभियान चलाया गया। इसी दौरान उसका शव तालाब से बरामद किया गया।शव मिलने की सूचना के बाद मृतक के घर में मातम छा गया। परिजनों के रोने-बिलखने से माहौल गमगीन हो उठा। बताया जाता है कि सोनेलाल पांच भाइयों और दो बहनों में सबसे छोटा था। घटना को लेकर गांव में शोक और मायूसी का माहौल है। मुखिया आशीष कुमार उर्फ मोनू सिंह ने जिला एवं अंचल प्रशासन से आपदा प्रबंधन योजना के तहत मृतक के परिजनों को अविलंब मुआवजा उपलब्ध कराने की मांग की है।
कृपया अपने अनुभव को रेट करें
लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।


