Hindi NewsBihar NewsBhagalpur NewsPolitical Showdown in Purnia Key Assembly Seats at Stake
पूर्णिया : पूर्णिया जिला में सात में छह सीटों पर पूर्व मंत्रियों की किस्मत का फैसला

पूर्णिया : पूर्णिया जिला में सात में छह सीटों पर पूर्व मंत्रियों की किस्मत का फैसला

संक्षेप:

पूर्णिया में राजनीतिक प्रतिष्ठा दांव पर है। छह विधानसभा सीटों पर पूर्व मंत्रियों की किस्मत का फैसला होना है। धमदाहा, बनमनखी, रूपौली, बायसी, अमौर और कसबा में त्रिकोणीय मुकाबले की संभावना है। मंत्री पद के दावेदारों में जदयू, भाजपा और महागठबंधन के उम्मीदवार शामिल हैं।

Nov 13, 2025 05:36 pm ISTNewswrap हिन्दुस्तान, भागलपुर
share Share
Follow Us on

पूर्णिया, धीरज। पूर्णिया में दिग्गजों की सियासी प्रतिष्ठा दांव पर है। जिला के सात में छह विधानसभा सीटों में एक निवर्तमान मंत्री समेत पांच पूर्व मंत्रियों की किस्मत का फैसला शुक्रवार को होने वाला है। धमदाहा से जदयू की निवर्तमान मंत्री लेशी सिंह, बनमनखी से भाजपा के कृष्ण कुमार ऋषि, रूपौली से राजद की बीमा भारती, बायसी से पूर्व मंत्री हाजी अब्दुस सुबहान, अमौर से पूर्व मंत्री अब्दुल जलील मस्तान एवं कसबा से पूर्व मंत्री आफाक आलम चुनावी मैदान में हैं। धमदाहा सीट में निवर्तमान मंत्री लेशी सिंह का मुकाबला जदयू छोड़ने के बाद राजद में शामिल होकर मैदान में उतरे पूर्व सांसद संतोष कुशवाहा के साथ है।

प्यार से लेकर प्रमोशन तक 2026 का पूरा हाल जानें ✨अभी पढ़ें

बनमनखी में भाजपा के पूर्व मंत्री कृष्ण कुमार ऋषि का मुकाबला वहां से भाजपा के विधायक रह चुके और अब कांग्रेस में शामिल देवनारायण रजक के साथ है। रूपौली में त्रिकोणीय मुकाबले के आसार हैं। यहां पूर्व मंत्री राजद प्रत्याशी बीमा भारती का मुकाबला जदयू के कलाधर मंडल और निवर्तमान विधायक व निर्दलीय प्रत्याशी शंकर सिंह के साथ है। बायसी विधानसभा सीट में त्रिकोणीय मुकाबला है। यहां पूर्व मंत्री राजद प्रत्याशी हाजी अब्दुस सुबहान का मुकाबला एआईएमआईएम के गुलाम सरवर व भाजपा के विनोद यादव से है। अमौर में भी त्रिकोणीय मुकाबले के आसार हैं। यहां पूर्व मंत्री व कांग्रेस प्रत्याशी अब्दुल जलील मस्तान का मुकाबला एआईएमआईएम के प्रदेश अध्यक्ष व निवर्तमान विधायक अख्तरूल ईमान एवं पूर्व विधायक जदयू के सबा जफर के साथ है। कसबा विधानसभा सीट से पूर्व मंत्री आफाक आलम बतौर निर्दलीय प्रत्याशी अपनी किस्मत आजमा रहे हैं। इस सीट पर सबकी नजर है। यहां रोचक मुकाबला होने वाला है। कसबा में एनडीए प्रत्याशी नितेश सिंह और महागठबंधन प्रत्याशी इरफाम आलम में से अगर कोई एक चुनाव जीतते हैं तो कसबा की जनता को विधायक का नया चेहरा मिलेगा। पूर्णिया में एनडीए के भाजपा प्रत्याशी विजय खेमका चुनाव जीतते हैं तो यह उनकी हैट्रिक होगी, जबकि महागठबंधन से कांग्रेस प्रत्याशी जितेंद्र यादव चुनाव जीतते हैं तो वह पहली बार विधानसभा पहुंचेंगे। एनडीए की सरकार बनती है तो जदयूसे लेशी सिंह और भाजपा से कृष्ण कुमार ऋषि एवं विजय खेमका मंत्री पद के दावेदार हो सकते हैं। महागठबंधन की सरकार बनती है तो राजद से अब्दुस सुबहान, बीमा भारती, संतोष कुशवाहा तथा कांग्रेस से जलील मस्तान मंत्री पद के सम्मान से नवाजे जा सकते हैं। फिलहाल सभी मंत्रियों का अपने प्रतिद्वंदियों के साथ कड़ा मुकाबला होने वाला है।