नवनिर्वाचित विधायक के करीब घूम रही जिला परिषद की राजनीति

Nov 21, 2025 01:26 am ISTNewswrap हिन्दुस्तान, भागलपुर
share Share
Follow Us on

जिप अध्यक्ष मिथुन यादव बन गए हैं नाथनगर से विधायक रिक्त हो रहे अध्यक्ष

नवनिर्वाचित विधायक के करीब घूम रही जिला परिषद की राजनीति

भागलपुर, मुख्य संवाददाता। जिला परिषद की राजनीति में नवनिर्वाचित विधायक मिथुन यादव के आसपास घूमती दिख रही है। मिथुन यादव अभी जिला परिषद के अध्यक्ष के पद पर हैं। उन्होंने अभी तक नाथनगर दक्षिणी क्षेत्र संख्या 15 से जिला परिषद सदस्य और अध्यक्ष पद से इस्तीफा नहीं दिया है। बताया जाता है कि पहले वे विधायक पद ग्रहण करेंगे। उसके बाद ही जिला परिषद सदस्य और अध्यक्ष पद से इस्तीफा देंगे। बताया जा रहा है कि संभवत: 24 नवंबर को विधानसभा का विशेष सत्र बुलाकर नवनिर्वाचित विधायकों का शपथ प्रोटेम स्पीकर द्वारा कराया जाएगा। यानी पूरी प्रक्रिया में कम से कम एक सप्ताह की देरी होगी।

बता दें कि 31 सदस्यीय डिस्ट्रिक्ट बोर्ड में मिथुन यादव के इस्तीफे के बाद 30 सदस्य रह जाएंगे। यानी नये अध्यक्ष को 16 सदस्यों का जादुई आंकड़ा जुटाना पड़ेगा। इधर, रिक्त होने वाले जिप अध्यक्ष पद पर कब्जे की होड़ मची है। तीन-चार दिन पहले पूर्व जिप अध्यक्ष अनंत कुमार उर्फ टुनटुन साह ने लगभग दो दर्जन पार्षदों के साथ बैठक में रिक्त हो रहे पद पर ताजपोशी की इच्छा जताई थी। इस बैठक में जिसे नहीं बुलाया गया या जो बुलावे के बाद भी नहीं गए थे, वे अलग बैठक कर नई रणनीति बना रहे हैं। इसका नेतृत्व पार्षद बिपिन कुमार मंडल कर रहे हैं। उनके साथ जिप के वर्तमान उपाध्यक्ष प्रणव कुमार उर्फ पप्पू यादव समेत कई पार्षद हैं। बैठक में कुछ पार्षद ऐसे भी आए जो भोज में शामिल थे। कई पार्षदों ने बताया कि भोज खाना क्या समर्थन की गारंटी है? फ्लोर पर जो संख्या बल में अधिक होंगे उनकी ताजपोशी होगी। बिपिन कुछ भी कहने से फिलहाल बच रहे हैं। उन्होंने बस इतना कहा- वेट एंड वॉच। कहते हैं कि बिपिन मंडल ने मिथुन यादव को अध्यक्ष बनाने में महती भूमिका निभाई थी। टुनटुन साह पर लाए गए अविश्वास प्रस्ताव का मामला जब हाईकोर्ट गया था, तब बिपिन ने ही मिथुन के समर्थन में झंडा बुलंद किया था। करीब तीन-चार माह की कवायद के बाद हाईकोर्ट के आदेश पर फ्लोर पर हुए शक्ति परीक्षण में टुनटुन साह अविश्वास प्रस्ताव में हार गए थे। टुनटुन साह ने मिथुन के खिलाफ जोगसर थाना में 23 फरवरी 2024 को कुछ पार्षदों की खरीद-फरोख्त का आरोप लगाते हुए हॉर्स ट्रेडिंग की शिकायत भी की थी। टुनटुन साह अभी पटना में हैं। उन्होंने बताया कि अध्यक्ष पद के लिए प्रयास जारी है। ढेर सारे पार्षद मेरे समर्थन में हैं। देखिए आगे क्या होता है। उपाध्यक्ष पप्पू यादव ने कहा कि अध्यक्ष पद रिक्त होने के बाद स्वत: प्रभार उपाध्यक्ष को मिल जाता है। मैंने वित्तीय प्रभार के लिए डीडीसी को पत्र भी लिखा है। कोट अभी मैं जिप अध्यक्ष ही हूं। क्योंकि विधानसभा में विधायक पद की शपथ नहीं ली है। विधानसभा से शपथ ग्रहण की तारीख निर्धारित नहीं हुई है। यहां शपथ लेने के बाद ही नियमानुसार जो भी निर्धारित अवधि होगी, उसके अंदर अध्यक्ष और जिला पार्षद पद से त्यागपत्र दे दूंगा। - मिथुन यादव, जिप अध्यक्ष। पूर्व अध्यक्ष टुनटुन साह ने चार दिन पहले भोज के बहाने हमलोगों को एक होटल में बुलाया था। वहां करीब 22-23 पार्षद जुटे थे। बैठक में टुनटुन साह ने रिक्त हो रहे अध्यक्ष पद पर दोबारा काबिज होने के लिए मदद मांगी थी। हमलोग विचार कर रहे हैं, अभी कुछ फाइनल नहीं है। - जयप्रकाश मंडल, जिप सदस्य।

Hindustan

लेखक के बारे में

Hindustan
हिन्दुस्तान भारत का प्रतिष्ठित समाचार पत्र है। इस पेज पर आप उन खबरों को पढ़ रहे हैं, जिनकी रिपोर्टिंग अखबार के रिपोर्टरों ने की है। और पढ़ें

लेटेस्ट   Hindi News ,    बॉलीवुड न्यूज,   बिजनेस न्यूज,   टेक ,   ऑटो,   करियर , और   राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।