लखीसराय: स्थायी सशक्त समिति के चुनाव से बदलेगा नगर सरकार का समीकरण, 18 को होगा मतदान

Newswrap हिन्दुस्तान, भागलपुर
share

लखीसराय में स्थायी सशक्त समिति के गठन के लिए राजनीतिक सरगर्मी तेज हो गई है। 18 अप्रैल को वार्ड पार्षद गुप्त मतदान के जरिए समिति के सदस्यों का चयन करेंगे। इस प्रक्रिया से पार्षदों की भूमिका महत्वपूर्ण हो गई है और चुनाव में दिलचस्पी बढ़ी है। सभी की निगाहें मतदान पर टिकी हैं।

लखीसराय: स्थायी सशक्त समिति के चुनाव से बदलेगा नगर सरकार का समीकरण, 18 को होगा मतदान

लखीसराय से अजय कुमार की रिपोर्ट नगर निकायों में स्थायी सशक्त समिति के गठन को लेकर जिले में राजनीतिक सरगर्मी तेज हो गई है। इस बार समिति का गठन चुनाव के जरिए होने जा रहा है, जिससे नगर सरकार की “कैबिनेट” का चेहरा बदलना तय माना जा रहा है। जानकारी के अनुसार, 18 अप्रैल को अनुमंडल कार्यालय में स्थायी सशक्त समिति के निर्वाचन की प्रक्रिया पूरी की जाएगी। इसमें शहर के 32 निर्वाचित वार्ड पार्षद गुप्त मतदान के जरिए समिति के सदस्यों का चयन करेंगे। चुनाव की घोषणा के साथ ही वार्ड पार्षदों के बीच सक्रियता बढ़ गई है। सशक्त समिति में जगह बनाने के इच्छुक पार्षद अपने समर्थन में माहौल तैयार करने में जुट गए हैं।

सूत्रों के अनुसार, दिन-रात बैठकों का दौर जारी है, जिसमें पार्षद एक-दूसरे को अपने पक्ष में करने की रणनीति बना रहे हैं। पहले जहां स्थायी सशक्त समिति का गठन अध्यक्ष और उपाध्यक्ष के जरिए किया जाता था, वहीं अब मतदान की प्रक्रिया लागू होने से मामला अधिक जटिल और रोचक हो गया है। इस बदलाव के कारण पार्षदों की भूमिका पहले से ज्यादा महत्वपूर्ण हो गई है और हर वोट की कीमत बढ़ गई है। स्थानीय राजनीतिक गलियारों में भी इस चुनाव को लेकर काफी दिलचस्पी देखी जा रही है। कई बड़े नेता खुद पूरे घटनाक्रम पर नजर बनाए हुए हैं और अपने समर्थकों को समिति में जगह दिलाने की कोशिश कर रहे हैं। हालांकि, अधिकांश वार्ड पार्षद इस मुद्दे पर खुलकर कुछ भी कहने से बच रहे हैं और चुप्पी साधे हुए हैं। ऐसे में यह चुनाव पूरी तरह रोमांचक और अप्रत्याशित परिणाम देने वाला माना जा रहा है। अब सभी की निगाहें 18 अप्रैल को होने वाले मतदान पर टिकी हैं, जो यह तय करेगा कि नगर सरकार की नई “कैबिनेट” में किसका दबदबा रहेगा।

Hindustan

लेखक के बारे में

Hindustan
हिन्दुस्तान भारत का प्रतिष्ठित समाचार पत्र है। इस पेज पर आप उन खबरों को पढ़ रहे हैं, जिनकी रिपोर्टिंग अखबार के रिपोर्टरों ने की है। और पढ़ें

लेटेस्ट   Hindi News ,    बॉलीवुड न्यूज,   बिजनेस न्यूज,   टेक ,   ऑटो,   करियर , और   राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।