किशनगंज: उत्कृष्ट पुलिसिंग के लिए सुखानी थाना अध्यक्ष मनु कुमारी को मिला सम्मान
सुखानी थाना अध्यक्ष मनु कुमारी को पुलिस अधीक्षक संतोष कुमार द्वारा उत्कृष्ट कार्य के लिए प्रशस्ति पत्र से सम्मानित किया गया। उनकी कार्यशैली में अनुशासन और संवेदनशीलता स्पष्ट है, जिससे क्षेत्र में अपराध में कमी आई है। मनु ने इसे अपनी टीम की मेहनत का परिणाम बताते हुए भविष्य में जनता की सेवा के लिए प्रतिबद्धता जताई।

पौआखाली/एक संवाददाता जिले में बेहतर पुलिसिंग और उत्कृष्ट कार्य के लिए सुखानी थाना अध्यक्ष मनु कुमारी को पुलिस अधीक्षक संतोष कुमार द्वारा प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया। इस सम्मान से पुलिस विभाग में हर्ष और उत्साह का माहौल देखने को मिला। जानकारी के अनुसार, थाना अध्यक्ष मनु कुमारी ने अपने कार्यकाल के दौरान अपराध नियंत्रण, त्वरित कार्रवाई, आम जनता से बेहतर संवाद और कानून-व्यवस्था बनाए रखने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है। उन्होंने कई जटिल और संवेदनशील मामलों का सफलतापूर्वक निष्पादन कर न केवल पीड़ितों को न्याय दिलाया, बल्कि पुलिस विभाग की छवि को भी मजबूत किया है। उनकी कार्यशैली में अनुशासन, पारदर्शिता और संवेदनशीलता साफ दिखाई देती है।
आम जनता के साथ सौहार्दपूर्ण व्यवहार और शिकायतों पर त्वरित संज्ञान लेने के कारण क्षेत्र में पुलिस के प्रति विश्वास बढ़ा है। अपराधियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई और लगातार निगरानी के चलते थाना क्षेत्र में अपराध के मामलों में भी कमी आई है। वही प्रशस्ति पत्र प्राप्त करने के बाद थाना अध्यक्ष मनु कुमारी ने इसे पूरी टीम की मेहनत का परिणाम बताया। उन्होंने कहा कि यह सम्मान अकेले उनका नहीं, बल्कि सुखानी थाना की पूरी टीम का है, जिन्होंने हर परिस्थिति में सहयोग दिया। उन्होंने यह भी कहा कि भविष्य में भी वे पूरी निष्ठा, ईमानदारी और समर्पण के साथ जनता की सेवा और अपराध नियंत्रण के लिए कार्य करती रहेंगी। वही इस सम्मान से क्षेत्र के लोगों में भी खुशी का माहौल है और आम जनता ने पुलिस प्रशासन के इस कदम की सराहना की है। लोगों का कहना है कि ऐसे कर्मठ अधिकारियों के सम्मान से कानून-व्यवस्था और अधिक मजबूत होगी।
लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।


